)
पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने पंचायत चुनाव, सीकर के मास्टर प्लान और वोट चोरी के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरा. सीकर में अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट के दखल के बाद सरकार डेढ़ साल बाद पंचायत चुनाव करवाने जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पंचायत चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों पर दबाव बना रही है, लेकिन इस बार कांग्रेस कार्यकर्ता ऐसा नहीं होने देंगे.
निकाय चुनाव में सत्ता के दुरुपयोग का लगाया आरोप
डोटासरा ने कहा कि कुछ जिलों में अभी भी पंचायत चुनाव नहीं हो रहे हैं. जिला परिषद और पंचायत समितियों के प्रधान नहीं बनाए जा रहे हैं और उनका परिणाम बाद में जारी किया जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि निकाय चुनाव में सरकार ने सत्ता का दुरुपयोग करके बोर्ड बनाए. डोटासरा ने कहा कि जनता पंचायत चुनाव में इसका सबक सिखाएगी. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव लड़ रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है.
सीकर के मास्टर प्लान को बताया जनता के साथ धोखा
सीकर के मास्टर प्लान पर डोटासरा ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में यह प्लान बनाया गया था. मौजूदा सरकार ने पहले इसके परीक्षण की बात कही और बाद में मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने पिछले साल इसका प्रारूप प्रकाशित कर दिया. डोटासरा के मुताबिक, जिस प्रारूप की समीक्षा के बाद मंत्री ने प्रकाशन किया था, उसी को अब सरकार ने निरस्त कर दिया है. उन्होंने कहा कि प्लान में शामिल गांवों में अब आगे कोई काम नहीं हो सकता. डोटासरा ने इसे सीकर की जनता के साथ धोखा बताया.
1 नवंबर की दिल्ली रैली में शामिल होंगे लोग
डोटासरा ने कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली रैली में राजस्थान से लोग शामिल होने जाएंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने वोट चोरी करके अलग-अलग प्रदेशों में सत्ता हासिल की है. डोटासरा ने कहा कि अब इसका जवाब देने का वक्त आ गया है.