India vs West Indies: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की T20I सीरीज का चौथा मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. बुधवार, 14 अक्टूबर को होने वाले इस मैच में रनों की सुनामी देखने को मिल सकती है. यूं कहें कि रांची और इंदौर में ट्रेलर दिखा था और असली फिल्म हैदराबाद में रिलीज हो सकती है, तो गलत नहीं होगा. इस मैदान पर जब टीम इंडिया आखिरी बार उतरी थी, तो रनों का सैलाब आया था, जिसने बांग्लादेश को बर्बाद कर दिया. संजू सैमसन ने शानदार शतक जड़ा था, जबकि सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या ने भी आतिशी पारी खेली थी.
हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच 12 अक्टूबर, 2024 को खेला गया था. टीम इंडिया करीब दो साल बाद इस ग्राउंड पर उतरेगी और उनका लक्ष्य होगा- 'अबकी बार, 300 पार'. वहीं, वेस्टइंडीज भी इस आंकड़े को क्रॉस करने के लिए बेताब होगी. अब तक हुए तीनों मैचों में बल्लेबाजों का बोलबाला रहा है, हैदराबाद में भी ऐसा ही कुछ हो सकता है, जहां 'बेचारे' गेंदबाज त्राहिमाम-त्राहिमाम कर सकते हैं.
इस ग्राउंड पर आखिरी T20I मैच भारत और बांग्लादेश के बीच खेला गया था. गौतम गंभीर ने हेड कोच की जिम्मेदारी संभाल ली थी और सूर्यकुमार यादव की अगुआई में भारतीय टीम ने स्कोर बोर्ड पर रनों का पहाड़ खड़ा किया था. राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए उस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 297 रन बना दिए थे. टी20 इंटरनेशनल के इतिहास में ये भारत का सर्वाधिक स्कोर भी है. इस दौरान 'मेन इन ब्लू' ने 22 छक्के उड़ाए थे.
भारत के विस्फोटक बल्लेबाज संजू सैमसन ने बांग्लादेशी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 47 गेंदों पर 111 रनों की तूफानी पारी खेली थी. इस दौरान उन्होंने 11 चौके और 8 छक्के जड़े थे. बांग्लादेश के लेग स्पिनर रिशाद हुसैन को आड़े हाथों लेते हुए संजू ने उनके एक ओवर में 5 छक्के जड़कर सनसनी मचा दी थी. तत्कालीन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 35 गेंदों पर 75 रन, रियान पराग ने 13 गेंदों पर 34 रन और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने 18 गेंदों पर 47 रन बनाए थे. भारत के 297 रनों के जवाब में बांग्लादेश की टीम 164 रन ही बना सकी और टीम इंडिया ने 133 रनों से ये मुकाबला जीत लिया था.
भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच चल रही टी20 सीरीज में दोनों टीमों के बल्लेबाज खतरनाक अंदाज में खेल रहे हैं. दोनों टीमों में एक से बढ़कर एक 'पावरहिटर' मौजूद हैं. वेस्टइंडीज T20I में 2000 छक्के जड़ने वाली पहली टीम बनी है, जबकि भारत भी इस आंकड़े को पार करने से सिर्फ 3 छक्के दूर है. इस लिहाज से देखें तो हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में एक बार फिर तबाही मचनी तय है. देखना ये है कि 297 रनों का आंकड़ा पार होता है या नहीं.
हैदराबाद में टीम इंडिया का रिकॉर्ड शानदार रहा है. भारत ने राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में अब तक तीन T20I खेले हैं और तीनों में जीत हासिल की है. इस मैदान पर वेस्टइंडीज ने भी एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला है. 2019 में खेले गए उस मुकाबले में भारत ने 6 विकेट से बाजी मारी थी.