Most Sixes in T20I by Country: भारत और वेस्टइंडीज के बीच चल रही टी20 सीरीज में छक्कों की बरसात हो रही है. अब तक हुए तीन मैचों के आंकड़े को देखें तो 69 सिक्स जड़े जा चुके हैं. इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए दूसरे मुकाबले में भले ही वेस्टइंडीज को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन शाई होप की अगुवाई वाली टीम ने बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली. वेस्टइंडीज टी20 इंटरनेशनल में 2000 छक्के जड़ने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है. इस मामले में भारत दूसरे स्थान पर है.
T20I में सबसे अधिक छक्के जड़ने की रेस में भी भारत और वेस्टइंडीज के बीच जबरदस्त टक्कर है. पिछले मैच में दोनों टीमों के पास 2000 सिक्स के बाहुबली आंकड़े तक पहुंचने का मौका था. टीम इंडिया इस मुकाम तक पहुंचने से तीन छक्के दूर रह गई, जबकि वेस्टइंडीज ने ये आंकड़ा क्रॉस कर लिया और इसके साथ ही टी20 इंटरनेशनल में 2000 छक्के जड़ने वाली पहली टीम बन गई.
भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का चौथा मैच बुधवार, 14 अक्टूबर को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मुकाबले में 3 छक्के उड़ाते ही भारत T20I में 2000 सिक्स जड़ने वाला दूसरा देश बन जाएगा. टीम इंडिया ने अब तक खेले गए 296 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1997 छक्के ठोके हैं.
वेस्टइंडीज ने 258 T20I मैचों में 2010 छक्के जड़े हैं. इसका मतलब है कि दो बार की टी20 विश्व विजेता टीम हर मैच में औसतन 7 छक्के जड़ती है. वहीं, भारत का औसत 6 छक्के प्रति मैच है. T20I में सबसे अधिक सिक्स जड़ने के मामले में तीसरे नंबर पर न्यूजीलैंड है. कीवी टीम ने इस फॉर्मेट में 267 मैचों में 1585 छक्के जड़े हैं. चौथे नंबर पर पाकिस्तान है, जिसने 303 मैचों में 1500 सिक्स ठोके हैं. इसका मतलब है कि पाकिस्तान ने भारत और वेस्टइंडीज दोनों से अधिक मुकाबले खेले हैं, लेकिन छक्कों के मामले में दोनों से बहुत पीछे हैं.
पांचवें नंबर पर साउथ अफ्रीका है, जिसने 235 T20I मैचों में 1407 छक्के उड़ाए हैं. छठे पर 'क्रिकेट का जनक' इंग्लैंड है, जिसने 233 मुकाबलों में 1406 सिक्स ठोके हैं. इस मामले में ऑस्ट्रेलिया नंबर-7 पर है. कंगारुओं ने 229 T20I में 1400 छक्के जड़े हैं. आठवें नंबर पर श्रीलंका (242 मैचों में 1045 सिक्स) और 9वें स्थान पर अफगानिस्तान (168 मैचों में 1014 छक्के) है.