PM मोदी ने बढ़ाया वैभव का हौसला, 15 साल के क्रिकेटरों से कही ऐसी बात, खुशी से चमक उठा सूर्यवंशी का चेहरा
पीएम नरेंद्र मोदी ने एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों की तारीफ की. 15 से 17 साल के युवा खिलाड़ियों पर उनकी बात सुनकर वैभव सूर्यवंशी मुस्कुराने लगे.
टीम इंडिया के टैलेंटेड ओपनर वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं. इस बार वजह उनकी बल्लेबाजी नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के दौरान उनका खास रिएक्शन है. पीएम मोदी ने जब अंतरराष्ट्रीय खेलों में कम उम्र के भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जिक्र किया, तो कैमरे का फोकस वैभव सूर्यवंशी पर गया. इसके बाद 15 वर्षीय क्रिकेटर के चेहरे पर बड़ी मुस्कान दिखाई दी.
नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया. वैभव सूर्यवंशी भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे. अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से 15 से 17 वर्ष की आयु के उन खिलाड़ियों का उल्लेख किया, जिन्होंने भारत के लिए मेडल जीते हैं.
PM मोदी ने 15 साल के क्रिकेटरों से कही ऐसी बात
हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैभव सूर्यवंशी का नाम नहीं लिया, लेकिन जब मोदी किशोर खिलाड़ियों की उपलब्धियों के बारे में बात कर रहे थे, तो कैमरा इस युवा क्रिकेटर की ओर मुड़ गया. वैभव सूर्यवंशी ने मुस्कुराकर इसका जवाब दिया. नरेंद्र मोदी ने कहा, 'महज 15 से 17 साल की उम्र वाले खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश का मान बढ़ाया है. उन्होंने देशवासियों का दिल जीत लिया है. इससे पता चलता है कि सफलता के लिए उम्र कोई बाधा नहीं है.'
एशियन गेम्स में भारत के 85 मेडल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आने वाले वर्षों में 'खेलो इंडिया' और 'इमर्जिंग खेलो इंडिया' के माध्यम से हजारों नए खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे.' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की मेडल टैली में योगदान देने के लिए भारतीय महिला खिलाड़ियों की भी तारीफ की. उन्होंने बताया कि एशियन गेम्स में भारत के 85 मेडल में से 38 मेडल महिलाओं ने जीते, जिनमें 11 स्वर्ण पदक शामिल हैं. प्रधानमंत्री ने कहा, 'दोस्तों, मैं विशेष रूप से हमारी बेटियों की तारीफ करना चाहूंगा. भारत ने जो 85 पदक जीते हैं, उनमें से 38 पदक हमारी महिला खिलाड़ियों ने जीते हैं, और इनमें 11 स्वर्ण पदक भी शामिल हैं. ये पदक सिर्फ एक संख्या नहीं हैं. यह एक नए भारत की तस्वीर है.'