भुवनेश्वर के लिए स्टेज सेट: 4 साल बाद वापसी, सीरीज डिसाइडर और बेंगलुरु में मैच, ऐसी होगी भारत की प्लेइंग XI?
न्यूजीलैंड दौरे से पहले ही भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी हो गई है. वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी मैच के लिए उन्हें टीम में शामिल किया गया है. भुवी के लिए स्टेज सेट है, क्योंकि उनकी वापसी के लिए एम चिन्नास्वामी स्टेडियम से बेहतर कोई और विकल्प हो ही नहीं सकता है.
Bhuvneshwar Kumar Comeback: कहते हैं 'इंतजार का फल मीठा होता है'. स्टार तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को कड़ी मेहनत और लगातार अच्छे प्रदर्शन का आखिरकार इनाम मिल गया है. वैसे तो फैंस बेसब्री से न्यूजीलैंड दौरे का इंतजार कर रहे थे, जहां टी20 सीरीज के लिए भुवी को टीम में शामिल किया गया है, लेकिन उनकी वापसी समय से पहले ही हो गई है. जी हां, कंधे में चोट की वजह से अर्शदीप सिंह वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी T20I मैच से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह भुवनेश्वर कुमार को टीम में जोड़ा गया है.
भुवनेश्वर के लिए स्टेज पूरी तरह से सेट है. ऐसा लग रहा है कि ये स्क्रिप्ट खुद भगवान ने लिखी हो. सीरीज 2-2 की बराबरी पर है और बेंगलुरु में निर्यानक मुकाबला होना है. वही, एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, जहां लगातार दो सालों तक शानदार प्रदर्शन कर भुवी ने टीम इंडिया में वापसी का रास्ता बनाया है.
भुवनेश्वर के लिए स्टेज सेट
उम्मीद ये लगाई जा रही थी कि भुवनेश्वर कुमार 22 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में होने वाले टी20 मैच से टीम इंडिया में वापसी करेंगे. लेकिन अर्शदीप के चोट ने उनके लिए पहले ही दरवाजा खोल दिया. भुवी की वापसी के लिए एम चिन्नास्वामी स्टेडियम से बेहतर कोई और विकल्प हो ही नहीं सकता है. यहां जब वो गेंदबाजी रनअप पर होंगे, तो स्टेडियम में सिर्फ भुवी-भुवी की शोर सुनाई देगी.
प्लेइंग इलेवन में होगी एंट्री?
भुवनेश्वर कुमार को अभी टीम में शामिल किया गया है, लेकिन वो प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे या नहीं, इसका फैसला होना बाकी है. बीसीसीआई ने जो आधिकारिक बयान जारी किया है उसके अनुसार, आखिरी T20I मैच में उनके खेलने को लेकर फैसला, मैच से पहले उनकी रिकवरी की स्थिति को देखते हुए लिया जाएगा. वहीं, इसमें हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर का भी अहम रोल होगा. ये दोनों ही तय करेंगे कि भुवनेश्वर खेलेंगे या नहीं. हालांकि, न्यूजीलैंड सीरीज से पहले ही भुवनेश्वर को टीम से जोड़ने की रणनीति ये संकेत देता है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी टी20 मैच में वो खेल सकते हैं.
बता दें कि भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच 4 साल पहले 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था. अनुभवी स्विंग गेंदबाज के नाम 87 T20I में 90 विकेट है. उन्होंने 206 आईपीएल मैचों में 226 विकेट चटकाए हैं.
भारत की संभावित प्लेइंग XI
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, नमन धीर/शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव, मयंक यादव/कुलदीप यादव
2-2 की बराबरी पर सीरीज
5 मैचों की सीरीज फिलहाल 2-2 की बराबरी पर खड़ी है. लखनऊ में खेले गए मुकाबले में भारत ने जीत हासिल की थी. उसके बाद रांची में शाई होप के शानदार शतक के दम पर वेस्टइंडीज ने 252 रनों का पीछा कर इतिहास रचा. इंदौर में खेले गए तीसरे टी20 में टीम इंडिया ने वापसी की और 14 रन से मैच जीता. चौथा मुकाबला हैदराबाद में खेला गया. वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 247 रन बनाए थे. इसके जवाब में भारतीय टीम 223 रन पर ऑलआउट हो गई. अब सीरीज का फैसला बेंगलुरु में होगा.