IND vs PAK: दिवाली पर भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबला, टॉस के दौरान नहीं हुआ हैंडशेक, माहौल में आई गर्मी
भारत और पाकिस्तान के बीच एसीसी मेंस U19 एशिया कप 2026 टूर्नामेंट के दौरान भी नो-हैंडशेक पॉलिसी जारी रही. टॉस के दौरान भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और पाकिस्तानी कप्तान फरहान यूसुफ ने हाथ नहीं मिलाया.
भारत और पाकिस्तान के बीच एसीसी मेंस U19 एशिया कप 2026 का महामुकाबला ओमान के अल अमरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है. इस मैच में भारतीय अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है और पाकिस्तान अंडर-19 टीम को गेंदबाजी सौंपी है. टॉस के दौरान टीम इंडिया के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और पाकिस्तान के कप्तान फरहान यूसुफ ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया.
इस तरह भारत और पाकिस्तान की जूनियर और सीनियर क्रिकेट टीमों के बीच चली आ रही नो-हैंडशेक की पॉलिसी जारी रही. पिछले साल से ही भारत-पाकिस्तान के क्रिकेट मैचों में खिलाड़ियों के हाथ न मिलाने का यह चलन देखने को मिल रहा है. पिछले साल 2025 एशिया कप के बाद से भारत और पाकिस्तान ने टॉस के समय और मैचों के बाद होने वाले पारंपरिक 'हैंडशेक' से परहेज किया है.
ये भी पढ़ें- गावस्कर ने गंभीर को दी 'क्लीन चिट', अक्षर को राहुल से पहले भेजने पर खोला बड़ा राज, आलोचकों को दिया करारा जवाब
भारत और पाकिस्तान के बीच नो-हैंडशेक पॉलिसी जारी
इसके पीछे का मुख्य कारण अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके बाद दोनों देशों के बीच बिगड़े रिश्ते व सैन्य तनाव है. दीवाली के मौके पर भारत और पाकिस्तान के महामुकाबले में टॉस के समय दोनों देशों के कप्तानों ने कोई हैंडशेक नहीं किया. भारत के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. भारत के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी इसके बाद अपने हाथ पीछे बांधकर वहां से चले जाते हैं.
भारत के कप्तान ने क्या कहा?
भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने टॉस जीतकर कहा, 'हम पहले बल्लेबाजी करेंगे. पहले मैच में शानदार जीत के बाद उसी लय को बनाए रखने का इरादा है. हम वैसा ही प्रदर्शन दोहराना चाहते हैं और यहां हालात भी अच्छे हैं. विकेट अच्छा लग रहा है और हम एक अच्छा स्कोर खड़ा करके उन्हें (पाकिस्तान) दबाव में लाना चाहते हैं.
ये भी पढ़ें- जब मोहम्मद शमी ने बैटिंग से भारत को दिलाई यादगार जीत: लॉर्ड्स के मैदान पर टूटा था अंग्रेजों का घमंड!
पाकिस्तान के अंडर-19 टीम के कप्तान फरहान यूसुफ ने कहा, 'इस पिच पर फैसला लेना मुश्किल था कि पहले गेंदबाजी करें या बल्लेबाजी. इसलिए टॉस हारना अच्छा ही रहा. पिछले मैच में सभी खिलाड़ियों ने बहुत अच्छा खेला. इसलिए इस मैच में भी हम शुरुआत से ही मौके का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे. मुझे लगता है कि पिच पर थोड़ी नमी है, इसलिए हम इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे.'
प्लेइंग इलेवन
भारत U19: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), अर्जुन राजपूत, ईशान सूद, काव्या पटेल, मनल चौहान, मोहित उलवा, यशवीर गौड़, वीके विनीत, यशबर्धन चौहान.
पाकिस्तान U19: उस्मान खान, जहांगीर बिलाल, अब्दुल कादिर, अहमद हुसैन, अली रजा, हमजा जहूर (विकेटकीपर), हसनैन अब्बास डार, मोहम्मद सय्याम, फरहान यूसुफ (कप्तान), नकाब शफीक, रिजवानुल्लाह.