SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मुंबई इंडियंस का न्यू लुक: कप्तान से कोच तक सब बदले, पुराने दिग्गजों पर 'प्राइड' वापस लाने का जिम्मा

मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 से पहले कोचिंग स्टाफ से लेकर कप्तान तक को बदल दिया है. टीम को 2020 के बाद खिताब का इंतजार है और अब पूरी जिम्मेदारी फ्रेंचाइजी के पुराने दिग्गजों पर आ गई है.

Written By Rohit Raj
Published: Nov 27, 2026, 21:37 IST | Updated: Nov 27, 2026, 21:44 IST
Image Credit: रोहित शर्मा. Mumbai Indians
Join

मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को फिर से कप्तान बना दिया. शुक्रवार (27 नवंबर) को फ्रेंचाइजी ने हिटमैन को कमान सौंप दी है. छह सीजन से ट्रॉफी का इंतजार कर रही इस टीम ने अपनी पलटन को पूरी तरह बदल दिया है. 2027 में मुंबई इंडियंस पूरी तरह नए अवतार में नजर आएगी. कप्तान से लेकर कोच तक टीम को नए मिल गए हैं. अब फैंस को रोहित की कप्तानी में रिकॉर्ड छठे खिताब का इंतजार है. वह अगर ऐसा करते हैं तो चेन्नई सुपरकिंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से आगे निकल जाएंगे.

रोहित और धोनी ने आईपीएल इतिहास में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा पांच-पांच खिताब जीते हैं. मुंबई ने 39 साल के दिग्गज पर भरोसा जताया है. हिटमैन ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में टीम को चैंपियन बनाया था. वह अगले आईपीएल के दौरान अपना 40वां जन्मदिन 30 अप्रैल को मनाएंगे. उस दौरान टीम का प्रदर्शन देखना दिलचस्प होगा.

गलत साबित हुआ हार्दिक वाला फैसला

मुंबई ने 2023 के अंत में हार्दिक पांड्या को गुजरात टाइंटस से वापस लाकर अपना कप्तान बनाया था. इसके बाद अगले तीन सीजन में टीम सिर्फ एक बार प्लेऑफ में पहुंची थी. मुंबई ने लगातार खराब प्रदर्शन और टीम में गुटबाजी के बाद एक्शन लेते हुए कप्तान हार्दिक और कोच महेला जयवर्धने को पद से हटा दिया. यहां तक कि गेंदबाजी और बल्लेबाजी कोच भी बदल गए हैं.

हेड कोच बने पोलार्ड

रोहित के अलावा टीम ने कोचिंग स्टाफ में भी अपने पुराने दिग्गजों पर ही भरोसा जताया है. फ्रेंचाइजी के लिए लंबे समय तक मैच को फिनिश करने वाले ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को बल्लेबाजी कोच से प्रमोट करके हेड कोच बना दिया. पोलार्ड ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी से भी कई बार मैच को पलटा है और टीम को हार के जबड़े से बाहर निकाला था. अब जयवर्धने की जगह संभालने वाले पोलार्ड पर सबकी नजरें रहेंगी.

ये भी पढ़ें: Analysis: रोहित शर्मा के फिर कप्तान बनने से क्या बदलेगा? हिटमैन के सामने दीवार की तरह खड़ी 5 चुनौतियां

दिग्गजों की वापसी

मुंबई इंडियंस ने पोलार्ड के अलावा टीम में अपने पुराने तीन और दिग्गजों को बुलाया है. रॉबिन उथप्पा, न्यूजीलैंड के मिचेल मैक्लेनाघन और धवल कुलकर्णी को भी बड़ी-बड़ी जिम्मेदारियां दी हैं. उथप्पा को टीम का बल्लेबाजी कोच, मैक्लेनाघन को बॉलिंग कोच, टी. दिलीप को फील्डिंग कोच और धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट बॉलिंग कोच बनाया है.

ये भी पढ़ें: रोहित शर्मा बने मुंबई इंडियंस के कप्तान, 5:45 पर ही हिटमैन को मिली कमान, आखिर इसी वक्त क्यों हुआ एलान?

आईपीएल 2027 के लिए मुंबई इंडियंस की टीम मैनेजमेंट

कप्तान: रोहित शर्मा- मुंबई इंडियंस को पांच बार खिताब दिलाया.
कोच: कीरोन पोलार्ड- 16 साल से टीम के साथ और पांच ट्रॉफी दिलाने में अहम योगदान दिया.
बल्लेबाजी कोच: रॉबिन उथप्पा- 2008 में टीम के लिए खेले.
गेंदबाजी कोच: 2015 से 2020 तक टीम के लिए खेले. 2015, 2017, 2019 और 2020 में टाइटल दिलाने में अहम योगदान दिया.
डेवलपमेंट बॉलिंग कोच: 2008 से 2013 और 2020 से 2021 तक टीम में खेले. 2013 और 2020 में टाइटल दिलाने में अहम योगदान दिया.
फील्डिंग कोच: टी दिलीप- पहली बार टीम से जुड़े.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES