App

Analysis: रोहित शर्मा के फिर कप्तान बनने से क्या बदलेगा? हिटमैन के सामने दीवार की तरह खड़ी 5 चुनौतियां

मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को फिर से कप्तान बना दिया. हार्दिक पांड्या को हटाए जाने के बाद उन्हें कमान मिली है. कप्तानी मिलने के बाद रोहित के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में हम आपको यहां बता रहे हैं.

Analysis: रोहित शर्मा के फिर कप्तान बनने से क्या बदलेगा? हिटमैन के सामने दीवार की तरह खड़ी 5 चुनौतियां
Image Credit: रोहित शर्मा- Mumbai Indians

रोहित शर्मा कप्तान के तौर पर एक बार फिर से आईपीएल में उतरने के लिए तैयार हैं. मुंबई इंडियंस ने अपने फेवरेट, टीम के फेवरेट और सबसे बड़ी बाद फैंस के फेवरेट हिटमैन को एक बार फिर से कमान सौंप दी है. फ्रेंचाइजी 2020 के बाद से खिताब का इंतजार कर रही है और उसने फिर से अपने पुराने सारथी पर भरोसा किया है. 2013 में पहली बार टीम को चैंपियन बनाने के बाद से हिटमैन ने चार और फाइनल जीते. 2024 सीजन तक वह कप्तान रहे. उसके बाद हार्दिक पांड्या को कमान मिली, लेकिन वह गुजरात टाइंटस जैसा करिश्मा नहीं दोहरा पाए. पिछले तीन सीजन में सिर्फ एक प्लेऑफ खेलने के बाद फ्रेंचाइजी के मालिकों को फिर से रोहित के पास जाना पड़ा है.

रोहित ने 2013 आईपीएल के बीच में मुंबई की कप्तानी पहली बार संभाली थी. उस समय ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज रिकी पोंटिंग को हटाकर उन्हें कमान मिली थी. उसी सीजन में हिटमैन ने मुंबई को पहली बार चैंपियन भी बना दिया. इसके बाद जीत का सिलसिला चल पड़ा और मुंबई ने 2015, 2017, 2019 और 2020 में भी ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया. उन्होंने 2013 में ही चैंपियंस लीग टी20 में भी मुंबई को चैंपियन बनाया था.

 

 

रोहित को हटाकर मुंबई ने खेला था दांव

इतनी बड़ी उपलब्धियों के बाद एक समय आया जब टीम का प्रदर्शन खराब होने लगा. 2021 से 2023 सीजन तक टीम सिर्फ एक बार ही प्लेऑफ खेल पाई. ऐसे में टीम मैनजमेंट को लगा कि उनकी जगह युवा खिलाड़ी को कप्तान बनाने का सही समय आ गया है. मुंबई से नई फ्रेंचाइजी गुजरात टाइंटस में गए हार्दिक को फिर से वापस लाया गया. हार्दिक ने गुजरात को 2022 में चैंपियन बनाया और 2023 में फाइनल तक पहुंचाया. इससे मुंबई फ्रेंचाइजी काफी प्रभावित थी और उसने एक बड़ा दांव खेल दिया. हालांकि, यह गलत साबित हुआ और टीम में गुटबाजी ने जगह बना ली. हार्दिक सबसे सफल टीमों में एक में बतौर कप्तान नाकाम साबित हुए और उन्हें जाना पड़ा. मुंबई ने पंजाब किंग्स से उन्हें ट्रेड कर दिया. बदले में फ्रेंचाइजी को अर्शदीप सिंह मिले. अब टीम इंडिया के दो मुख्य तेज गेंदबाज बुमराह और अर्शदीप मुंबई इंडियंस के लिए गेंदबाजी करते हुए नजर आएंगे.

rohit sharma

बतौर कप्तान रोहित के सामने क्या-क्या चुनौतियां:

1. टीम में विनिंग कल्चर वापस लाना

मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी पहचान मुश्किल परिस्थितियों में हार नहीं मानने की और मैच में काफी पीछे रहने के बावजूद जीत हासिल करने की रही. रोहित ने 2013 में कप्तान बनने के बाद इसे विकसित किया था. उन्होंने टीम में नया कल्चर बनाया और विपक्षी पर मैच के दौरान लगातार हमलावर रहने की रणनीति बनाई. 2017 में राइजिंग पुणे सुपर जाएंट्स और 2019 में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ फाइनल में एक रन से मिली जीत इस बात का प्रमाण है. हार्दिक की कप्तानी में ऐसा देखने को नहीं मिला था. टीम बिखरी हुई और जीत के लिए कम उत्साहित नजर आ रही थी. रोहित को अब फिर से उस जज्बे को जगाना होगा.

2. खिताब के सूखे को खत्म करना

मुंबई की टीम 2020 के बाद से एक बार भी चैंपियन नहीं बन पाई है. वह पिछले छह सीजन में सिर्फ दो बार ही प्लेऑफ तक पहुंच पाई. टीम ने अब तक खिताब के लिए इतना लंबा इंतजार नहीं किया है. 2013 में ट्रॉफी उठाने से पहले पांच सीजन में खाली हाथ लौटना पड़ा था. इस बार यह आंकड़ा छह तक पहुंच गया. रोहित इसे यहीं रोकना चाहेंगे और टीम को छठी बार खिताब दिलाना चाहेंगे. वह अगर ऐसा करते हैं चेन्नई सुपरकिंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (पांच खिताब) को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा आईपीएल जीतने वाले कैप्टन बन जाएंगे.

 

 

3.  नई लीडरशिप तैयार करना

रोहित के कंधे पर सिर्फ टीम को एकजुट रखना या खिताब जीतने की जिम्मेदारी ही नहीं है. उन्हें अब भविष्य के लिए लीडरशिप तैयार करना होगा. वह 39 साल के हैं और अगले आईपीएल के दौरान 30 अप्रैल को 40 साल के हो जाएंगे. रोहित ज्यादा से ज्यादा एक या दो सीजन तक टीम की कप्तानी कर पाएंगे. बहुत अच्छा प्रदर्शन रहा तो तीन सीजन अधिक होंगे. ऐसे में उम्र के इस पड़ाव पर उन्हें मुंबई इंडियंस के लिए नए कप्तान को तैयार करने की जिम्मेदारी होगी. सूर्यकुमार यादव उनके बाद कप्तान बनने के दावेदार हैं. वह इस बार भी रेस में थे, लेकिन चूक गए. उनके अलावा युवा तिलक वर्मा पर भी टीम की नजर है.

4. 39 की उम्र में किए गए भरोसे पर खड़ा उतरना

मुंबई ने भारत के लिए इसी साल टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले सूर्यकुमार यादव के ऊपर रोहित शर्मा पर भरोसा जताया है. इस भरोसे पर खड़े उतरने के लिए रोहित को अपने पुराने अवतार में नजर आना होगा. बिखरी पड़ी इस टीम को समेटकर जीतने के लिए तैयार करना होगा. पिछले तीन सीजन में हुई आलोचनाओं ने मुंबई फ्रेंचाइजी को काफी परेशान किया. रोहित को कप्तान बनाना एक खास रणनीति का हिस्सा ही है. टीम फैंस के बीच मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराना चाहती है. हिटमैन को इस भरोसे पर खड़ा उतरना होगा.

5. ऑक्शन की प्लानिंग करना

16 दिसंबर को गोवा में आईपीएल 2027 के लिए मिनी ऑक्शन का आयोजन होगा. इसके लिए बतौर कप्तान रोहित को खास योजना बनानी होगी. टीम को स्पेशलिस्ट भारतीय स्पिनर्स की आवश्यकता है. बल्लेबाजी बैकअप और हार्दिक की जगह ऑलराउंडर को लाना भी इसमें शामिल है. अब देखना होगा कि रोहित किस तरह नए कोच कीरोन पोलार्ड के साथ मिलकर मिनी ऑक्शन की तैयारी करते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More