App

US के 'क्लाउड वन' सिस्टम में सेंध से मचा हड़कंप! क्या हैकर्स के हाथ लग गए अमेरिकी वायुसेना के सीक्रेट प्लान?

हैकर्स ने एक सॉफ्टवेयर खामी का फायदा उठाकर सिस्टम के मुख्य कंट्रोल तक पहुंच बनाई. इससे सैन्य अभियानों, विमानों की स्थिति और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी अहम जानकारी लीक होने का डर है.

US के 'क्लाउड वन' सिस्टम में सेंध से मचा हड़कंप! क्या हैकर्स के हाथ लग गए अमेरिकी वायुसेना के सीक्रेट प्लान?
Image Credit: अमेरिकी वायुसेना का मुख्य क्लाउड प्लेटफॉर्म 'क्लाउड वन' साइबर हमले का शिकार हुआ है। (फोटो AI से जनरेट की गई है)

अमेरिका से एक बड़ी खबर सामने आई है. अमेरिकी वायुसेना के मुख्य क्लाउड प्लेटफॉर्म 'क्लाउड वन' पर साइबर अटैक हुआ है. लिहाजा बेहद संवेदनशील सैन्य डेटा खतरे में आ गया है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हैकर्स ने एक सॉफ्टवेयर खामी का फायदा उठाकर सिस्टम के मुख्य कंट्रोल तक पहुंच बनाई और सेंध लगाने में कामयाब रहे. रिपोर्ट में बताया गया है कि इस सेंध से सैन्य अभियानों, विमानों की स्थिति और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सीक्रेट डिटेल लीक होने का डर है.

अब सवाल है कि जिस अमेरिकी वायुसेना के 'क्लाउड वन' में सेंध लगी है वो आखिर है क्या? यह एक ऐसा क्लाउड कंप्यूटिंग सिस्टम है, जिसे खास तौर पर अमेरिकी वायुसेना विभाग के लिए संचालित किया जाता है. यह एक केंद्रीकृत डिजिटल ढांचा है, जिसके जरिए सैन्य कर्मी और अधिकृत यूजर्स अलग-अलग आईटी सिस्टम पर डिपेंड हुए बिना डेटा स्टोर कर सकते हैं, उसे प्रोसेस कर सकते हैं और जरूरी एप्लिकेशन चला सकते हैं.

इसका मेन मकसद एयरफोर्स के टेक्निकल इंफ्रास्ट्रक्चर को मॉडर्न बनाना और डेटा शेयरिंग को आसान करना है. आम कंपनियों के पब्लिक क्लाउड के उलट, यह प्लेटफॉर्म सैन्य और सरकारी कामकाज संभालता है, जिसमें बेहद खुफिया ऑपरेशनल और एडमिनिस्ट्रेटिव जानकारियां होती हैं.

साइबर हमले के बारे में अब तक क्या पता चला है?

रॉयटर्स में 27 नवंबर को छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, इस हैकिंग का पता पिछले महीने तब चला जब 'क्लाउड वन' को अपग्रेड करने का काम चल रहा था. हालांकि, हमलावरों की पहचान क्या है और उन्होंने सिस्टम में किस हद तक सेंध लगाई है, यह अभी तक साफ नहीं हो सका है.

एक सूत्र ने रॉयटर्स को बताया कि हैकर्स ने एक सॉफ्टवेयर खामी का फायदा उठाकर प्लेटफॉर्म के 'कंट्रोल प्लेन' में सेंध लगाई. क्लाउड कंप्यूटिंग की भाषा में कंट्रोल प्लेन एक तरह का मेन कंट्रोल रूम (मैनेजमेंट लेयर) होता है, जो पूरे सिस्टम, ऐप्स और सर्विसेज को चलाता है. यहां तक हैकर्स का पहुंचना बेहद खतरनाक है, क्योंकि इससे उन्हें फाइटर जेट्स की लोकेशन और स्पेयर पार्ट्स की सप्लाई जैसे बेहद खुफिया सैन्य अभियानों की जानकारी मिल सकती है. हालांकि, रॉयटर्स के अनुसार अभी यह साफ नहीं है कि हैकर्स ने सचमुच यह डेटा चुराया है या नहीं.

ठप पड़े कई काम

इस साइबर अटैक के बाद एहतियात के तौर पर सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई है. इसी वजह से 'क्लाउड वन' से जुड़े कई कामकाज ठप पड़ चुके हैं. एयरफोर्स ने फिलहाल दूसरे बैक-ऑफिस ऐप्स को इस प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट करने का प्लान भी रोक दिया है. साथ ही सिस्टम में पहले से चल रहे ऐप्स के अपडेट भी सस्पेंड किए हैं. सुरक्षा को देखते हुए कई यूजर्स के एडमिनिस्ट्रेटर अधिकार (एडमिन एक्सेस) भी छीन लिए गए हैं.

'यूएस साइबर कमांड' एक्टिव हुआ

इस पूरे मामले की जांच और इससे हुए संभावित नुकसान का अंदाजा लगाने के लिए 'यूएस साइबर कमांड' एक्टिव हो चुका है. उधर अमेरिकी एयरफोर्स ने किसी खास सिस्टम की सिक्योरिटी या उसकी कमियों पर कुछ भी बोलने से मना कर दिया है. एयरफोर्स ने रॉयटर्स को दिए बयान में कहा, 'हम किसी खास नेटवर्क और सिस्टम की सिक्योरिटी, कमियों या मौजूदा स्थिति पर कोई कमेंट नहीं करते. हम अपने विभाग के डेटा, सिस्टम और मिशन को सुरक्षित रखने के लिए लगातार जरूरी कदम उठाते रहते हैं.'

क्लाउड नेटवर्क पर खतरा ज्यादा क्यों?

यह साइबर अटैक ऐसे वक्त में हुआ है जब हैकिंग के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को लेकर चिंताएं तेजी से बढ़ रही हैं. क्लाउड नेटवर्क पर खतरा इसलिए भी ज्यादा है, क्योंकि AI टूल्स किसी बड़े डिजिटल सिस्टम को बहुत तेजी से स्कैन करके उसकी कमियां पकड़ सकते हैं और एक साथ कई सिस्टम्स पर हमला कर सकते हैं.

6 बड़े साइबर अटैक्स

अमेरिकी सरकार पहले से ही बीते कुछ महीनों में सामने आए कम से कम छह अन्य बड़े साइबर अटैक्स के नुकसान से जूझ रही है. इनमें एफबीआई (FBI) से जुड़ी दो अलग-अलग सुरक्षा सेंध, पेंटागन के डेटा को निशाना बनाने की पुरानी घटना, होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के कर्मियों की जानकारी लीक होना, कम से कम दो अमेरिकी खुफिया एजेंसियों पर हुआ हमला और ट्रेजरी विभाग (वित्त विभाग) पर हुआ साइबर हमला शामिल है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Bhoopendra Rai

Bhoopendra Rai

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More