Analysis: कोई सबसे शातिर, किसी का रिकॉर्ड जबरदस्त; धोनी-विराट-रोहित में से कप्तानी का असली बाहुबली कौन? आंकड़े किसे बता रहे हैं असली चैंपियन
India's Most Successful Captain: क्रिकेट के तीनों ही फॉर्मेट (टेस्ट, ODI और T20I) में विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा का कप्तानी का बेहतरीन रिकॉर्ड रहा है.
विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा भारत के महान क्रिकेटरों और कप्तानों में शुमार रहे हैं. बल्ले से रन बनाकर मैच जिताना हो या चतुर कप्तानी के दम पर मैच में हारी हुई बाजी को जीत में पलटना हो, इन तीनों ही धुरंधरों का कोई जवाब नहीं था. विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा स्मार्ट कप्तानी करने के अलावा बल्ले से ही बेहतरीन प्रदर्शन करने में माहिर रहे हैं. इन तीनों ने भारत को कई ऐतिहासिक जीत दिलाई है.
विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा इन तीनों ही क्रिकेटरों के इंटरनेशनल रन के जोड़ को देखें तो आंकड़ा 66,445 रन है. इन तीनों ने मिलकर इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 154 शतक ठोके हैं. बता दें कि विराट कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 28527 रन व 86 शतक, महेंद्र सिंह धोनी ने 17266 रन व 16 शतक और रोहित शर्मा ने 20652 रन व 52 शतक ठोके हैं.
1. महेंद्र सिंह धोनी
महेंद्र सिंह धोनी सबसे पहले साल 2007 में भारत के T20I कप्तान बने थे. कप्तानी मिलते ही महेंद्र सिंह धोनी ने अपना करिश्मा दिखा दिया और भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2007 की ट्रॉफी जिता दी. महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2007 से 2017 तक टीम इंडिया की कप्तानी की थी. महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने 332 इंटरनेशनल मैचों में से 178 मुकाबलों में जीत दर्ज की थी. टीम इंडिया को इस दौरान 120 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था. जीत और हार के नतीजे के अलावा महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया के 6 मैच टाई, 15 मैच ड्रॉ और 13 मैच बिना नतीजे के खत्म हुए हैं.
इंटरनेशनल क्रिकेट में धोनी की कप्तानी में भारत का जीत प्रतिशत 53.61 रहा है. महेंद्र सिंह धोनी ने 2008 में अनिल कुंबले के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भारत की तीनों फॉर्मेट में कप्तानी संभाली. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 2014 के अंत तक टीम की अगुवाई की. 30 दिसंबर 2014 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न टेस्ट के बाद धोनी ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था. इसके करीब दो साल बाद 4 जनवरी 2017 को उन्होंने वनडे और टी20 की कप्तानी भी छोड़ दी.
ICC टूर्नामेंट्स में महेंद्र सिंह धोनी के बल्ले से प्रदर्शन और कप्तानी का कोई जवाब नहीं था. क्रिकेट के मैदान पर महेंद्र सिंह धोनी एक चालाक लीडर रहे हैं. महेंद्र सिंह धोनी की कैप्टेंसी में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2007, वनडे वर्ल्ड कप 2011 और चैंपियंस ट्रॉफी 2013 का खिताब अपने नाम किया था. भारत साल 2009 में महेंद्र सिंह धोनी के कप्तान रहते ही पहली बार टेस्ट क्रिकेट में नंबर-1 टीम बना था.
2. विराट कोहली
विराट कोहली ने पहली बार 2014-15 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट टीम की कप्तानी की थी. इसके बाद 4 जनवरी 2017 को जब धोनी ने वनडे और टी20 की कप्तानी छोड़ी, तो विराट को तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया की कमान मिल गई. कोहली ने कुल 213 इंटरनेशनल मैचों में भारत की कप्तानी की. इनमें टीम ने 135 मुकाबले जीते और 60 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा. इसके अलावा 3 मैच टाई और 11 मुकाबले ड्रॉ रहे.
विराट कोहली की कप्तानी में भारत कोई ICC ट्रॉफी नहीं जीत सका, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा. कोहली की कप्तानी में भारत ने 68 टेस्ट में 40 मैच जीते. यही वजह है कि उन्हें भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तानों में गिना जाता है. टेस्ट क्रिकेट में कोहली ने टीम इंडिया को घर के साथ-साथ विदेशी जमीन पर भी कई बड़ी जीत दिलाईं. उनका टेस्ट कप्तानी रिकॉर्ड आने वाले कप्तानों के लिए बड़ी चुनौती माना जाता है.
2021 टी20 वर्ल्ड कप के बाद विराट कोहली ने टी20 इंटरनेशनल की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था. इसके बाद बीसीसीआई ने उन्हें वनडे कप्तानी से भी हटा दिया. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2021-22 टेस्ट सीरीज में भारत की 1-2 से हार के बाद कोहली ने टेस्ट कप्तानी से भी इस्तीफा दे दिया. कप्तान के तौर पर इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली का जीत प्रतिशत 63.38 रहा.
3. रोहित शर्मा
रोहित शर्मा साल 2022 से लेकर साल 2024 तक भारत के फुल टाइम कप्तान रहे थे. रोहित शर्मा ने भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2024 की ट्रॉफी जिताने के बाद जून 2024 में T20I से संन्यास ले लिया था. इसके बाद रोहित शर्मा ने साल 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया. रोहित शर्मा अब बतौर क्रिकेटर शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय ODI टीम का हिस्सा हैं.
रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में भारत को ICC के दो बड़े खिताब जिताए हैं. कप्तान के तौर पर रोहित शर्मा ने भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2024 की ट्रॉफी जितवाई थी. भारत ने इसके बाद रोहित शर्मा की लीडरशिप में ही ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के खिताब पर अपना कब्जा जमाया था. रोहित शर्मा जरा सा चूक गए नहीं तो वह भारत को 2023 वनडे वर्ल्ड कप की ट्रॉफी भी जिता देते.
2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत का खिताब जीतने का सपना तोड़ दिया था. रोहित शर्मा ने 142 इंटरनेशनल मैचों में भारत की कप्तानी की है. रोहित शर्मा ने टेस्ट, वनडे और टी20 फॉर्मेट को मिलाकर कुल 142 इंटरनेशनल मैचों में से 103 मैच जीते हैं. वहीं, 33 मैचों में भारत को हार का सामना करना पड़ा है. इसके अलावा 2 मैच टाई और 3 मैच ड्रॉ रहे हैं. रोहित शर्मा की कप्तानी में इंटरनेशनल मैचों में भारत की जीत का प्रतिशत 72.53 रहा है.