)
आईपीएल में अब धोनी-धोनी का शोर शायद ही नजर आए. कैप्टन कूल को देखने के लिए फैंस हर साल आईपीएल का सालभर इंतजार करते थे, लेकिन अब वह मैदान में खेलते नजर नहीं आएंगे. फ्रेंचाइजी ने रिटेंशन डे पर उनके संन्यास की जानकारी दी. हालांकि, धोनी मेंटर के तौर पर टीम में काम करेंगे. इस खबर से चारों तरफ खलबली मच चुकी है. आईपीएल 2026 में ही उनके संन्यास के चर्चे थे, क्योंकि धोनी एक भी मुकाबले में खेलते नजर नहीं आए थे. इसके बाद भी फैंस के जेहन में अगले सीजन को लेकर एक उम्मीद जगी हुई थी. लेकिन अब माही ने अपने आईपीएल करियर पर विराम लगा दिया है. आइए जानते हैं कि आखिर उनके 18 साल के करियर में क्या कुछ खास रहा.
एमएस धोनी ने साल 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ IPL का सफर शुरू किया था. बीच में 2016 और 2017 में CSK पर बैन लगा और धोनी राइजिंग पुणे सुपरजायंट के लिए खेले. फिर 2018 में उनकी वापसी पीली जर्सी में हुई. उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 277 मैचों में 5,439 रन बनाए, लेकिन धोनी के नाम कुछ ऐसे रिकॉर्ड्स हैं, जो हमेशा के लिए अमर हो गए.
आईपीएल में सीएसके के अलावा मुंबई इंडियंस भी है, जो 5 बार खिताबी जीत दर्ज कर चुकी हैं. लेकिन एमएस धोनी आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाले कप्तान हैं. उनके साथ टॉप पर रोहित शर्मा भी हैं, जिन्होंने मुंबई की टीम को 5 खिताबी जीत दिलाई हैं.
धोनी के नाम IPL इतिहास में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड भी है. उन्होंने 2 टीमों के लिए कप्तानी की, जिसमें सीएसके के अलावा राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स भी शामिल हैं. दोनों को मिलाकर उन्होंने 235 मैचों में कप्तानी की है. फिलहाल कोई भी कप्तान इन आंकड़ों के पास नहीं है. धोनी की जीत का प्रतिशत भी बतौर कप्तान सबसे ज्यादा है.
धोनी अपनी तेज तर्रार विकेटकीपिंग को लेकर चर्चा में रहे. उन्होंने आईपीएल के दौरान अपनी विकेटकीपिंग में सबसे ज्यादा कैच लेने का रिकॉर्ड कायम किया है. उन्होंने अपने आईपीएल करियर में विकेट के पीछे से कुल 158 कैच लपके हैं.
धोनी ने अपनी कप्तानी में सीएसके को 10 बार फाइनल तक पहुंचाया है. धोनी के नाम बतौर कप्तान IPL में सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड भी दर्ज है. उन्होंने 235 मैचों में 136 जीत दर्ज कीं. उनकी जीत का प्रतिशत 57.87% का रहा, जो विराट-रोहित से भी अधिक है.
विकेट के पीछे से भी धोनी मैच का रुख पलटने का माद्दा रखते हैं. उनके नाम आईपीएल में सबसे ज्यादा 47 स्टंपिंग का रिकॉर्ड भी दर्ज है. अब मास्टर माइंड धोनी अब मैदान के बाहर से बतौर मेंटर सीएसके की टीम में अपना योगदान देने के लिए तैयार हैं.