)
चेन्नई सुपरकिंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल से संन्यास ले लिया है. अब वह टीम के मेंटर के रूप में नजर आएंगे. धोनी ने अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपरकिंग्स को पांच बार चैंपियन बनाया है. वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे सफलतम कप्तानों में एक हैं. उन्होंने रोहित शर्मा के बराबर पांच खिताब जीते है. धोनी की कप्तानी में चेन्नई की टीम 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में ट्रॉफी उठाने में सफल हुई थी.
चेन्नई सुपरकिंग्स के मालिक एन श्रीनिवासन ने बताया कि धोनी का फ्रेंचाइजी के लिए क्या मतलब है. उन्होंने कहा, ''धोनी के बिना CSK नहीं है. लगभग दो दशकों से हम एक-दूसरे के साथ चले हैं और आगे बढ़े हैं. जीत, असफलताओं और बीच की हर चीज में. हमारा रिश्ता इतना मजबूत है. इसकी एक वजह है: हम इरादों पर सवाल नहीं उठाते. इसी भरोसे ने इस सफर को मुमकिन बनाया है. 2008 में मैंने जोर दिया था कि धोनी को CSK का हिस्सा होना चाहिए... पता चला कि यह मेरा सबसे अच्छा फैसला था. फ्रेंचाइजी के लिए उनकी सभी कामयाबियों की वजह से नहीं, बल्कि वह जिस तरह के इंसान हैं, उसकी वजह से. धोनी हमेशा हमारी पहचान का हिस्सा रहेंगे. यह हमेशा उनका घर रहेगा."
चेन्नई सुपरकिंग्स की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने कहा, ''धोनी जैसा खिलाड़ी जिंदगी में एक बार मिलता है. हम खुशकिस्मत हैं और बहुत शुक्रगुजार हैं कि वह CSK की शुरुआत से ही इसके साथ हैं और उन्होंने इस टीम की नींव रखी है. धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के एक लेजेंड से कहीं ज्यादा हैं. उन्होंने हमें मैदान पर और मैदान के बाहर जो कुछ भी दिया है, वह बहुत कीमती है. उनकी लीडरशिप, विनम्रता, प्रतिबद्धता और जिस तरह से उन्होंने लाखों फैंस से जुड़ाव महसूस किया है, वह सच में खास है. इतने सालों में उन्होंने एक विरासत बनाई है और हमें ऐसी यादें दी हैं जिन्हें हम जिंदगी भर संजोकर रखेंगे.''
हम खबर को अपडेट कर रहे हैं...