App

British Royals In India: शाही ठाठ छोड़ मुंबई की सड़कों पर ऑटो में सवार हुए प्रिंस विलियम, पीछे बैठीं प्रिंसेस केट

ब्रिटिश शाही परिवार के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन साल 2016 के बाद दूसरी बार भारत आ रहे हैं. मंगलवार को अपनी यात्रा के दौरान इस जोड़े ने ऑटोरिक्शा से ट्रैवल किया. प्रिंसेस कैथरीन प्रिंस विलियम के पीछे बैठी थीं.

British Royals In India: शाही ठाठ छोड़ मुंबई की सड़कों पर ऑटो में सवार हुए प्रिंस विलियम, पीछे बैठीं प्रिंसेस केट

British Royals In India: ब्रिटिश शाही परिवार के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन मंगलवार ( 17 नवंबर 2206) को मुंबई में खास अंदाज में नजर आए. भारत दौरे के दूसरे दिन दोनों ऑटो रिक्शा के जरिए अर्थशॉट प्राइज समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे. खास बात यह रही कि इस इलेक्ट्रिक वाहन की स्टीयरिंग खुद प्रिंस विलियम ने संभाली, जबकि प्रिंसेस उनके पीछे बैठी थीं. ऑटो पर अर्थशॉट प्राइज का लोगो भी लगा हुआ था.  

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद प्रिंसेस ने इस अनोखे सफर पर खुशी जताते हुए कहा,' यहां आने का इससे अच्छा तरीका नहीं हो सकता था.' इस दौरान शाही जोड़े ने साल 2026 के अर्थशॉट प्राइज के फाइनलिस्टों से मुलाकात की और पर्यावरण संरक्षण, बायो डायवर्सिटी और टिकाऊ विकास से जुड़े उनके प्रयासों के बारे में जानकारी ली.

'प्रिंस ने हमारी गाड़ी चलाई...'

अर्थशॉट प्राइज के फाइनलिस्टों में एक महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी की मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यीटिव ऑफिसर सुमन मिश्रा भी थीं. उन्होंने 'IANS' के साथ बातचीत में कहा,' प्रिंस और प्रिंसेस उनके टुकटुक में ही आयोजन स्थल पहुंचे. प्रिंस ने हमारी गाड़ी चलाई, इसलिए मैंने उनसे पूछा कि उनका अनुभव कैसा रहा? वे इसे चलाकर काफी खुश थे. उन्होंने माना कि काफी आरामदायक और सुकूनभरी सवारी थी जो आवाज काफी कम करती है' 

मिश्रा ने कहा कि भारत के लिए यह तकनीक महत्वपूर्ण है. उनके मुताबिक इलेक्ट्रिक ऑटो का इस्तेमाल इस श्रेणी में करीब 50 प्रतिशत तक पहुंच चुका है और अब इसे 100 प्रतिशत तक ले जाने की जरूरत है. उन्होंने ये भी बताया कि इलेक्ट्रिक ऑटो से टेलपाइप उत्सर्जन नहीं होता, जिससे शहरों की एयर क्वालिटी बेहतर बनाने में मदद मिलती है. इसके साथ ही इन वाहनों से ऑटो चालकों की कमाई बढ़ाने के अवसर भी पैदा होते हैं.

'सभी फाइनलिस्ट विजेता हैं...'

'येलोस्टोन टू युकोन कंजर्वेशन इनिशिएटिव' की अध्यक्ष, प्रमुख वैज्ञानिक और प्रमुख कार्यकारी अधिकारी डॉक्टर जोडी हिल्टी ने भी मुलाकात को शानदार अनुभव बताया. उन्होंने कहा,' प्रिंस और प्रिंसेस से बातचीत करने का अवसर मिला. दोनों ने उस क्षेत्र में प्रकृति संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों में दिलचस्पी दिखाई, जहां वे पहले भी कई बार जा चुके हैं.' हिल्टी के मुताबिक, बातचीत के दौरान उन्होंने वहां के विशाल पर्वतीय इलाकों और प्राकृतिक एकांत में बिताए अपने अनुभव भी साझा किए. उन्होंने कहा,' शाही जोड़े ने यह संदेश दिया कि सभी फाइनलिस्ट विजेता हैं और मिलकर हर कोई बदलाव ला सकता है.' डॉक्टर हिल्टी ने कहा कि प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट से बातचीत करना उनके लिए सम्मान की बात थी. उन्हें यह देखकर अच्छा लगा कि दोनों पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को लेकर वास्तव में गंभीर और संवेदनशील हैं.

संरक्षण क्षेत्र में कास्का समुदाय की भूमिका

कार्यक्रम में येलोस्टोन टू युकोन कंजर्वेशन इनिशिएटिव से जुड़ी डॉक्टर हिल्टी के साथ 'लियार्ड फर्स्ट नेशन' के प्रमुख हरलन शिलिंग भी मौजूद थे. उन्होंने कास्का समुदाय की ओर से विकसित किए जा रहे एक संरक्षण क्षेत्र के बारे में जानकारी दी. शिलिंग ने बताया कि कास्का समुदाय ने ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के साथ मिलकर 31 लाख हेक्टेयर में फैले संरक्षण क्षेत्र की स्थापना की है. इसका नाम 'डेना केह कासन' है, जिसका उनकी भाषा में अर्थ है 'यह हमेशा बना रहेगा'. उन्होंने बताया कि इस संरक्षण क्षेत्र की पहल और निर्माण में कास्का समुदाय की अपनी भूमिका रही है. अर्थशॉट प्राइज एक ऐसी पहल है जिसके जरिए दुनिया भर में पर्यावरण संबंधी समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजने वाले हुनरमंदों और संगठनों को प्रोत्साहित किया जाता है. मुंबई में आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छ परिवहन और स्थानीय समुदायों की भागीदारी पर भी केंद्रित रहा. (इनपुट- IANS) 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shruti Kaul

Shruti Kaul

ज़ी न्यूज में सब एडिटर. वनस्थली विद्यापीठ यूनिवर्सिटी, राजस्थान से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन. ये राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय मुद्दो से जुड़े विषयों पर लिखती हैं. लिखने के अलावा श्रुति को नई जगहों पर घूमना, संगीत सुनना, फिल्में देखना और फूड एक्सप्लोर करने का बेहद शौक है. 
Read More