पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका ने टीम का ऐलान कर दिया है. हाल ही में भारत के खिलाफ हुए दो मैचों की सीरीज में 0-1 से हार के बाद बड़ा बदलाव हुआ है. धनंजय डी सिल्वा से कप्तानी छीन ली गई है और कुसल मेंडिस को टीम की कमान सौंपी गई है. श्रीलंकाई टीम 9 नवंबर से शुरू होने वाले दो टेस्ट मैचों के लिए पाकिस्तान का दौरा करेगी. ये मैच मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल के तहत रावलपिंडी और लाहौर में खेले जाएंगे.
पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में कुसल मेंडिस टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि अनुभवी बल्लेबाज पथुम निसांका को टीम में शामिल किया गया है. हालांकि, उनकी उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर करेगी.
कुसल मेंडिस (कप्तान), पथुम निसांका, पसिंदु सोरियाबंदरा, दिनेश चंडीमल, कामिंदु मेंडिस, सोनल दिनुशा, धनंजय डी सिल्वा, अंजला बंडारा, केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, मिलन रथनायका, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा
इसी साल अगस्त में शुभमन गिल की अगुआई वाली टीम इंडिया से श्रीलंका में दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली थी. गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में भारत ने 165 रनों से जीत हासिल की थी. कोलंबो में खेला गया दूसरा टेस्ट ड्रॉ हुआ था, लेकिन शुभमन एंड कंपनी ने 1-0 से सीरीज पर कब्जा किया था. चोट की वजह से कुसल मेंडिस इस सीरीज में नहीं खेले थे.
दिलशान मदुशंका की श्रीलंका की टेस्ट टीम में वापसी हुई है, जबकि ईशान मलिंगा और अंजाला बंदारा को भी टीम में बुलाया गया है. जून में वेस्टइंडीज के खिलाफ 188 रन बनाने के बावजूद दाएं हाथ के ओपनर लाहिरू उदारा को टीम में जगह नहीं मिली है और निरोशन डिकवेला को भी बाहर रखा गया है. बता दें कि श्रीलंका अभी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की स्टैंडिंग में सातवें स्थान पर है, जबकि पाकिस्तान नौवें नंबर पर है.
पहला टेस्ट: 9-13 नवंबर, रावलपिंडी
दूसरा टेस्ट: 17-21 नवंबर, लाहौर