SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

गंभीर-अय्यर ने बेंच पर कटवा दी लगभग पूरी टी20 सीरीज, वैभव को इग्नोर करने पर भड़का वर्ल्ड कप विनर क्रिकेटर, टीम मैनेजमेंट पर उठाए सवाल

टीम इंडिया के ओपनिंग कॉम्बिनेशन में बार-बार बदलाव पर पूर्व कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत भड़क गए हैं. उन्होंने संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी के आत्मविश्वास को लेकर टीम मैनेजमेंट पर सवाल उठाए और दोनों को साथ ओपनिंग कराने की सलाह दी.

Written By Tarun Verma
Published: Oct 15, 2026, 08:57 AM IST | Updated: Oct 16, 2026, 11:40 PM IST
Image Credit: Krishnamachari Srikkanth and Vaibhav Sooryavanshi
Join

भारतीय T20I टीम में इन दिनों ओपनिंग पोजीशन को लेकर जबरदस्त कॉम्पिटीशन चल रहा है. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा भारत के परमानेंट T20I ओपनर हैं, लेकिन वैभव सूर्यवंशी भी उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं. संजू सैमसन का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में प्रदर्शन टुकड़ों में देखने को मिल रहा है. वह लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं, लेकिन फिर भी वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं दिया जा रहा है. हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा टी20 इंटरनेशनल सीरीज के पांच में से पहले लगातार चार मैचों के लिए वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में शामिल ही नहीं किया.

भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 इंटरनेशनल सीरीज अभी 2-2 से बराबर है. वैभव सूर्यवंशी अगर वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले चार टी20 इंटरनेशनल मैचों में खेलते तो कहानी कुछ और भी हो सकती थी. सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में आयोजित होगा. वैभव सूर्यवंशी को सबसे पहले जून-जुलाई 2026 में आयरलैंड और इंग्लैंड दौरों के लिए चुना गया था. संजू सैमसन ने आयरलैंड के खिलाफ और फिर इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में पारी की शुरुआत की थी, जहां वे मात्र 5, 0 और 1 रन ही बना सके. इसके बाद दूसरे मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को उनका T20I डेब्यू करने का मौका मिला. उन्होंने शुरुआती तीन मैचों में 14, 13 और 15 रन बनाए.

ये भी पढ़ें- न्यूजीलैंड दौरे के लिए कब होगा भारत की वनडे टीम का ऐलान? सामने आ गया बड़ा अपडेट

गंभीर-अय्यर ने बेंच पर कटवा दी लगभग पूरी टी20 सीरीज

इसके बाद, संजू सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें T20I मैच के जरिए शानदार वापसी की और 27 रनों की पारी खेली, लेकिन जिम्बाब्वे के दौरे के लिए उन्हें रेस्ट दे दिया गया. उस दौरे पर युवा वैभव सूर्यवंशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50, 20 और 81 रनों की बेहतरीन पारियां खेलीं. 1983 के वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत का मानना है कि हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर द्वारा लगातार किए जा रहे बदलाव खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बुरी तरह प्रभावित कर रहे हैं.

वैभव को इग्नोर करने पर भड़का वर्ल्ड कप विनर क्रिकेटर

अभिषेक शर्मा को लगातार मौके मिल रहे हैं, जबकि वैभव सूर्यवंशी के आने के बाद से उनके और संजू सैमसन के बीच जगह को लेकर मुकाबला सा बन गया है. कृष्णमाचारी श्रीकांत ने एक यूट्यूब वीडियो में कहा, 'उन्होंने (हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर) न केवल संजू सैमसन का आत्मविश्वास खराब किया है, बल्कि वैभव सूर्यवंशी का आत्मविश्वास भी पूरी तरह से बिगाड़ दिया है. वैभव सूर्यवंशी को वेस्टइंडीज जैसी टीम के खिलाफ कम से कम तीन मैच खेलने का मौका दिया जा सकता था. अब जब उन्होंने अभिषेक शर्मा को काफी समय तक देख लिया है, तो उन्हें आराम दिया जा सकता है और अगले मैच में वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन ओपनिंग कर सकते हैं.'

ये भी पढ़ें- PCA बठिंडा लैंड डील: 19.77 करोड़ रुपए का सौदा और 11 दिन का खेल, घिर गया पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन, जमीन खरीद पर उठे सवाल

संजू सैमसन की कंसिस्टेंसी पर भी सवाल उठाए

कृष्णमाचारी श्रीकांत ने संजू सैमसन की कंसिस्टेंसी पर भी सवाल उठाए. इस ओपनर ने भारत की 2026 टी20 वर्ल्ड कप जीत के दौरान तीन बेहतरीन पारियां (97*, 89, 89) खेली थीं, लेकिन उसके बाद से उनका फॉर्म गिर गया है. कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा, 'सैमसन का प्रदर्शन हमेशा उतार-चढ़ाव वाला रहा है. उनकी कंसिस्टेंसी पर हमेशा सवाल उठते रहे हैं. वे कभी अचानक टी20 वर्ल्ड कप जैसा कमाल कर दिखाते हैं, तो कभी बुरी तरह फेल हो जाते हैं. अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ी के साथ ऐसा उतार-चढ़ाव कभी देखने को नहीं मिलता. अब, अगले मैच में संजू सैमसन फिर से रन बनाएंगे.'

वैभव सूर्यवंशी के बचपन के कोच ने 'तानाशाही' बताया

इससे पहले वैभव सूर्यवंशी के बचपन के कोच मनीष ओझा भी काफी नाराज हैं. गौतम गंभीर की लीडरशिप वाले टीम मैनेजमेंट पर निशाना साधते हुए, मनीष ओझा ने भारतीय टीम में 'तानाशाही' जैसा बर्ताव करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी जैसे असाधारण टैलेंट को बाहर बिठाकर इंतजार कराने के बजाय, खेलने के मौके दिए जाने चाहिए. 'टाइम्स नाउ' से बात करते हुए, गुस्से में मनीष ओझा ने कहा कि टीम मैनेजमेंट को शायद लगता है कि खिलाड़ियों को बेंच पर बिठाकर तैयार किया जा सकता है.

बेंच पर बैठकर तैयार नहीं होता खिलाड़ी

मनीष ओझा ने कहा, 'मौजूदा भारतीय टीम मैनेजमेंट को लगता है कि वे खिलाड़ियों को बेंच पर बिठाकर तैयार कर सकते हैं. वे बस यही कर रहे हैं. क्रिकेट के कई अन्य दिग्गज भी हैं. आप उनसे बात करेंगे, तो वे सभी यही कहेंगे कि अगर हमें खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी तैयार करनी है, तो उन्हें मैदान पर उतारना होगा, उन्हें खिलाना होगा. बेंच पर बैठकर आज तक कोई खिलाड़ी नहीं बना है, और न ही कभी बनेगा.'

वैभव के कोच की दलील

वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के पहले 4 T20I मैचों में वैभव सूर्यवंशी को बेंच पर ही रखा गया है, और टीम मैनेजमेंट ने इस युवा बल्लेबाज को सीरीज में अभी तक खेलने का कोई मौका नहीं दिया है. वैभव सूर्यवंशी एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए खेल चुके हैं, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्हें प्लेइंग XI में जगह नहीं मिल पाई है. वैभव सूर्यवंशी के कोच मनीष ओझा ने कहा, 'या तो उन्होंने पहले ही तय कर लिया है कि इस लड़के को कोई मौका नहीं देना है, उसे बाहर रखो और इतना निराश कर दो कि वह परेशान हो जाए. अब क्या ही कहें? जब आप बाहर बैठते हैं, तो आपको लगने लगता है कि टीम में आपकी कोई उपयोगिता ही नहीं है; इससे वह लड़का निराश हो जाता है.' इस उम्र में, इस लड़के को हर मैच खेलकर परिपक्व होना चाहिए और उसके खेल में निखार और सुधार आना चाहिए, लेकिन वह बाहर बैठा है और पानी पिला रहा है. मुझे लगता है कि अभी जो मैनेजमेंट है, वह एक तरह की तानाशाही चला रहा है, जो मन में आता है, बस वही करते हैं.'

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES