क्रिकेट और संगीत का अनोखा मिलन: SRH की मालकिन काव्या मारन ने की शादी, म्यूजिक डायरेक्टर अनिरुद्ध रविचंदर संग लिए सात फेरे
आईपीएल की टीम सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन ने शादी कर ली है. उन्होंने मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर अनिरुद्ध रविचंदर को अपना जीवनसाथी चुना है. दोनों की शादी ग्रीस में हुई.
आईपीएल 2016 की चैंपियन टीम सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन ने बड़ा सस्पेंस खत्म कर दिया है. लंबे समय से उनके रिलेशनशिप को लेकर कयास लगाए जा रहे थे. उनका नाम मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर अनिरुद्ध रविचंदर के साथ जोड़ा जा रहा था. बुधवार (11 नवंबर) को उन्होंने सभी कयासों पर विराम लगाते हुए अनिरुद्ध से ही शादी कर ली. दोनों ने ग्रीस में सात फेरे लिए. अनिरुद्ध ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर कर शादी की पुष्टि कर दी.
अनिरुद्ध ने काव्या के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा, ''मेरी जिंदगी में एक बार, जिंदगी भर के लिए.'' काव्या सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी हैं. वह सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ और सन टीवी नेटवर्क की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर भी हैं. वह सनराइजर्स ग्रुप के दो अन्य टीमों सनराइजर्स ईस्टर्न केप और सनराइजर्स लीड्स की भी देखरेख करती हैं. सनराइजर्स ईस्टर्न केप की टीम साउथ अफ्रीका के SA20 लीग में खेलती है और सनराइजर्स लीड्स की टीम इंग्लैंड के 'द हंड्रेड' में हिस्सा लेती है.
शादी में कौन-कौन पहुंचे?
काव्या और अनिरुद्ध की शादी में कलानिधि मारन के परिवार के अलावा तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन पहुंचे. सुपरस्टार रजनीकांत भी नजर आए. अनिरुद्ध उनके भतीजे हैं. अनिरुद्ध के पिता अभिनेता रवि राघवेंद्र की शादी लक्ष्मी रविचंदर से हुई है. लक्ष्मी रजनीकांत की पत्नी लता रजनीकांत की बहन हैं. इस तरह अनिरुद्ध ऐश्वर्या रजनीकांत और सौंदर्या रजनीकांत के कजिन हैं.
ये भी पढ़ें: अर्शदीप सिंह ने की सगाई: मुंबई इंडियंस में एंट्री, फिर गर्लफ्रेंड को किया प्रपोज, एक ही दिन में मिली दो बड़ी खुशखबरी
21 नवंबर को रिसेप्शन
शादी के बाद काव्या और अनिरुद्ध चेन्नई में 21 नवंबर को रिसेप्शन का आयोजन करेंगे. इसकी पुष्टि तेलंगाना मुख्यमंत्री ऑफिस के 'एक्स' पर पोस्ट से हुई. काव्या की माता कावेरी मारन और पिता कलानिधि मारन निमंत्रण देने के लिए तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के ऑफिस गए थे.
ये भी पढ़ें: 'मेरे कप्तान श्रेयस...': पंजाब किंग्स में आते ही हार्दिक पांड्या का बवाली पोस्ट, बैकग्राउंड में बजा करण औजला का गाना
रिसेप्शन में कौन-कौन होंगे शामिल?
रिसेप्शन के लिए मेहमानों की लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांघी और प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम शामिल है. इनके अलावा कई मुख्यमंत्री और मशहूर हस्तियों को निमंत्रण दिया गया है. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी रिसेप्शन में जा सकते हैं.
मेहमानों की लिस्ट में रजनीकांत, एआर रहमान, कमल हासन, धनुष और अजित कुमार शामिल हैं. अभिनेता अल्लू अर्जुन और उनकी पत्नी स्नेहा अल्लू रेड्डी, शिवकार्तिकेयन और उनकी पत्नी आरती, डायरेक्टर नेल्सन दिलीपकुमार, एंड्रिया जेरेमिया, प्रसन्ना और सूरज वेंजरामूडू भी जा सकते हैं. काव्या की टीम सनराइजर्स हैदराबाद के कई सदस्य भी रिसेप्शन में जा सकते हैं. अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और अन्य क्रिकेटरों के आने की भी उम्मीद हैं.