App

T20I में एक साल में सबसे ज्यादा रन: ईशान किशन के पास वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका, नंबर-1 से कितने पीछे?

टीम इंडिया में वापसी करने के बाद से ईशान किशन गेंदबाजों के लिए काल बने हुए हैं. वो इस साल T20I में 1000 रन पूरा करने से सिर्फ 15 रन दूर हैं. उनके लिए बड़ी चुनौती एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा T20I रन के वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ने की होगी.

T20I में एक साल में सबसे ज्यादा रन: ईशान किशन के पास वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका, नंबर-1 से कितने पीछे?
Image Credit: BCCI/X

Most Runs in a Calendar Year in T20I: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इस साल कई बल्लेबाज धमाकेदार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन भारत के ईशान किशन इस रेस में चीते की तरह भाग रहे हैं. स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज का बल्ला हर मैच में तहलका मचा रहा है. आलम ये है कि टीम मैनेजमेंट उन्हें अलग-अलग बैटिंग पोजिशन पर भेज रही है, लेकिन इसके बावजूद ईशान शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं. एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में वो नंबर-5 पर उतरे. श्रीलंका के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए उन्होंने 46 गेंदों पर 80 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली.

173.91 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए ईशान किशन ने 4 चौके और 5 छक्के लगाए. मुश्किल पिच पर आक्रामक रवैया अपनाते हुए उन्होंने भारत का स्कोर 169 रनों तक पहुंचा दिया. इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर श्रीलंका को महज 45 रनों पर ऑलआउट कर दिया और गोल्ड मेडल मैच के लिए अपनी सीट कॉन्फर्म कर ली.

जल्द सूर्या को पछाड़ देंगे ईशान किशन

ईशान किशन फिलहाल आईसीसी टी20 रैंकिंग में शिखर पर बैठे हुए हैं. वो जिस फॉर्म में हैं, उन्हें नंबर-1 की कुर्सी से हटाना आसान नहीं है. बाएं हाथ के स्टाइलिश बल्लेबाज ने 2026 में खेले गए T20I में अभी तक 28 पारियों में 985 रन बनाए हैं. 15 रन और बनाते ही वो 1000 रन पूरा कर लेंगे. बता दें कि भारत की तरफ से एक कैलेंडर ईयर में सबसे अधिक T20I रन बनाने का रिकॉर्ड पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव के नाम है. सूर्या ने 2022 में धमाकेदार बैटिंग करते हुए 31 पारियों में 1164 रन बनाए थे.

एक कैलेंडर ईयर में भारत के लिए सबसे ज्यादा T20I रन

1164 - 2022 में सूर्यकुमार यादव (31 पारियां)
985 - 2026 में ईशान किशन (28 पारियां)*
859 - 2025 में अभिषेक शर्मा (21 पारियां)
781 - 2022 में विराट कोहली (20 पारियां)
750 - 2026 में अभिषेक शर्मा (28 पारियां)*

फिलहाल अक्टूबर का महीना चल रहा है और इस साल भारत को कई T20I मुकाबले खेलने बाकी हैं, जिसमें वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू मैदान पर 5 मैचों की टी20 सीरीज शामिल है. अगर ईशान पूरी तरह फिट रहे और बाहर नहीं हुए तो वो निश्चित तौर पर सूर्यकुमार यादव के इस रिकॉर्ड को तोड़ देंगे. लेकिन, असली चुनौती वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की होगी.

क्या तोड़ पाएंगे रिजवान का घमंड?

ईशान किशन के लिए असली चुनौती पाकिस्तान के स्टार खिलाड़ी मोहम्मद रिजवान को पीछे छोड़ने की होगी. रिजवान के नाम किसी पूर्ण सदस्य टीम के खिलाड़ी द्वारा एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा T20I रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है. उन्होंने 2021 में ये कारनामा किया था. पाकिस्तान के विकेट कीपर बल्लेबाज ने 26 पारियों में 1326 रन बनाए थे. अगर ईशान मौजूदा फॉर्म को आगे भी जारी रखने में कामयाब होते हैं तो रिजवान और पाकिस्तान का घमंड तोड़ सकते हैं. इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए उन्हें इस साल 341 रन और बनाने हैं.

बाकी हैं 14 मुकाबले

ईशान किशन के लिए इस रिकॉर्ड को तहस-नहस करने और नए वर्ल्ड रिकॉर्ड को बनाने के बहुत मौके मिलेंगे. टीम इंडिया इस साल अभी 14 T20I मुकाबले खेलेगी. सबसे पहले तो ईशान किशन की नजर 3 अक्टूबर को एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में शानदार पारी खेल भारत को गोल्ड मेडल जिताने पर होगी. भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा. इसके बाद टीम इंडिया वेस्टइंडीज के खिलाफ 5, न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 और श्रीलंका के खिलाफ 3 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More