इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी इस साल दिसंबर महीने में गोवा में आयोजित की जाएगी. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवाजीत सैकिया ने बुधवार को इस बात की पुष्टि की है. इसके साथ ही पिछले तीन वर्षों से विदेशी धरती पर आयोजित हो रही आईपीएल नीलामी की आखिरकार भारत में वापसी हो रही है. बीते तीन संस्करणों में आईपीएल ऑक्शन का आयोजन विदेशों में किया गया था. 2024 की नीलामी दुबई में, 2025 की मेगा नीलामी सऊदी अरब के जेद्दा में और 2026 की नीलामी अबूधाबी में हुई थी.
देवाजीत सैकिया ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि विदेश में तीन ऑक्शन आयोजित करने के बाद इस साल दिसंबर में इसे गोवा में होस्ट किया जाएगा.. इससे पहले आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने पहले बताया था कि बीसीसीआई ऑक्शन को भारत वापस लाने का पूरा प्रयास कर रहा था, लेकिन शादी-विवाह के व्यस्त सीजन के कारण सही वेन्यू मिलना मुश्किल हो रहा था.
भारत में क्या परेशानी हो रही थी?
धूमल ने कहा था कि भारी मैरिज सीजन की वजह से हर साल वेन्यू मिलने में समस्या आती है, लेकिन इस बार छोटे आकार (मिनी-ऑक्शन) की नीलामी होने के कारण गोवा में स्थान मिलने की पूरी उम्मीद है. गोवा फाइनल होने के साथ ही 2023 के बाद पहली बार आईपीएल ऑक्शन भारत लौटेगा.
IPL से हटने जा रहा है इम्पैक्ट प्लेयर नियम?
नीलामी के अलावा बीसीसीआई आईपीएल फ्रैंचाइजियों से 'इम्पैक्ट प्लेयर नियम' पर भी नया फीडबैक मांग रहा है. हाल ही में गवर्निंग काउंसिल की बैठक में इस रणनीतिक नियम पर विस्तार से चर्चा हुई थी. यह नियम टीमों को मैच के दौरान किसी भी समय स्थानापन्न (सब्सटीट्यूट) खिलाड़ी लाने की अनुमति देता है और फिलहाल इसे 2027 तक लागू रखने की योजना है.
इम्पैक्ट प्लेयर नियम से क्या आपत्ति है?
भारत के वनडे व टेस्ट कप्तान शुभमन गिल, पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल समेत कई प्रमुख खिलाड़ियों ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम की आलोचना की है. खिलाड़ियों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि इस नियम से असली ऑलराउंडरों की भूमिका और महत्व कम हो रहा है. आईपीएल 2026 से पहले भी कई कप्तानों ने बीसीसीआई को अपनी आपत्तियों से अवगत कराया था.
इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर BCCI का क्या रुख है?
आईपीएल अध्यक्ष अरुण धूमल ने स्पष्ट किया है कि बीसीसीआई सभी हितधारकों (स्टेकहोल्डर्स) से राय लेने के बाद इस नियम की समीक्षा करने के लिए तैयार है. धूमल ने कहा कि इस मुद्दे पर चर्चा जारी है और सभी पक्षों का फीडबैक मिलने के बाद ही कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा.