App

46 रन और 5 विकेट: विल जैक्स के हरफनमौला प्रदर्शन से हिली रिकॉर्डलिस्ट, बाल-बाल बचा 42 साल पुराना रिकॉर्ड

इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले ही मुकाबले में धमाकेदार जीत दर्ज की. इस जीत के हीरो रहे विल जैक्स ने हरफनमौला प्रदर्शन से महफिल लूटी. बैटिंग और बॉलिंग दोनों से ही श्रीलंकाई प्लेयर्स के नाक में दम किया. उन्होंने अपने प्रदर्शन से रिकॉर्डबुक हिला डाली है.

46 रन और 5 विकेट: विल जैक्स के हरफनमौला प्रदर्शन से हिली रिकॉर्डलिस्ट, बाल-बाल बचा 42 साल पुराना रिकॉर्ड

इंग्लिश टीम ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज का आगाज जीत के साथ किया. टीम ने 89 रन से बड़ी जीत दर्ज की और इसके नायक विल जैक्स रहे. टी20 सीरीज का हार का हिसाब करने उतरी श्रीलंका को एकतरफा हार मिली और शुरुआत निराशाजनक रही. जैक्स ने भल्ले से महज 46 रन बनाए, इसके बाद गेंदबाजी में गर्दा उड़ाया. उन्होंने महज 22 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए. इस प्रदर्शन के बाद जैक्स के खाते में कई रिकॉर्ड्स आ चुके हैं.

इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. टीम की तरफ से सिर्फ एक अर्धशतकीय पारी देखने को मिली, जो कप्तान हैरी ब्रूक के बल्ले से आई. उन्होंने 67 रन ठोके, जबकि जो रूट ने 44 रन की पारी खेली. बटलर ने 31 और डकेट ने 32 रन की पारी खेलकर टीम के स्कोर को 265 रन तक पहुंचाने में योगदान दिया. जैक्स ने छठे नंबर पर बैटिंग करते हुए 46 रन बनाए और फिर गेंदबाजी से श्रीलंकाई बल्लेबाजों की हालत खराब कर दी.

पहली बार खोला पंजा

विल जैक्स ने अपने वनडे करियर में पहली बार 5 विकेट झटके हैं. उन्होंने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को रनों के लिए तरसा दिया. उन्हें इस रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया. इंग्लैंड की तरफ से किसी स्पिनर का वनडे में किया गया यह दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. पहले स्थान पर विक मार्क्स हैं, जिन्होंने मार्क्स ने 1984 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 20 रन देकर 5 विकेट लिए थे.

टूटा आदिल रशीद का रिकॉर्ड

आदिल रशीद अब तीसरे नंबर पर चले गए हैं. रशीद ने 2017 में ब्रिस्टल में आयरलैंड के खिलाफ 27 रन देकर 5 विकेट लिए थे. जैक्स इंग्लैंड के चौथे ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने किसी वनडे में 40 से अधिक रन बनाने के साथ ही 5 या उससे अधिक विकेट लिए हैं. वहीं, जैक्स वनडे में श्रीलंका के खिलाफ 5 या उससे अधिक विकेट लेने वाले इंग्लैंड के छठे गेंदबाज हैं. उनसे पहले क्रिस वोक्स, क्रिस जॉर्डन, मार्क एल्हम, विक मार्क्स और सैम करन ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kavya Yadav

Kavya Yadav

4 साल से खेल पत्रकारिता में सक्रिय. 2022 में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट के तौर पर डेब्यू किया. क्रिकट्रैकर, न्यूज18 से होते हुए अब जी न्यूज हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर स्पोर्ट्स टीम का हिस्सा हैं. खेल जगत की हर हलचल, हर खास कहानी और हर ब्रेकिंग न्यूज पर पकड़. IPL, ODI World Cup, T20 World Cup, Olympics समेत कई बड़े इवेंट्स कवर किए हैं.
Read More