अफवाहों पर लगाम: भारत-श्रीलंका वनडे मैच दिल्ली से अहमदाबाद नहीं होगा शिफ्ट, BCCI का इनकार
India vs Sri Lanka ODI: बीसीसीआई ने दिल्ली में होने वाले भारत-श्रीलंका वनडे मैच को किसी भी दूसरे शहर में शिफ्ट करने से इनकार कर दिया. सीरीज के तीनों मैच पहले से तय शेड्यूल के अनुसार ही होंगे.
India vs Sri Lanka ODI: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारत और श्रीलंका के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले वनडे मैच को लेकर स्थिति साफ कर दी. उसने कहा है कि 13 दिसंबर को होने वाला मैच दिल्ली में ही होगा. दोनों टीमों के बीच तीन वनडे की सीरीज साल के अंत में होने वाली है. पहले वनडे के बाद लंकाई टीम दूसरा मुकाबला 16 तारीख को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी और तीसरा मैच 19 दिसंबर को अहमदाबाद में होगा.
ऐसी खबरें आई थीं कि दिल्ली से इस मैच को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शिफ्ट कर दिया जाएगा. कोहरे के कारण वहां मैच कराना मुश्किल होगा और बीसीसीआई मेजबानी अधिकार को वापस लेने पर विचार कर रही है. अब बोर्ड के सचिव देवाजीत सैकिया ने उन खबरों का खंडन कर दिया है. उनका कहना है कि बीसीसीआई ने इस पर कोई फैसला नहीं किया है. ऐसे में अब दोनों टीमों के बीच पहला वनडे दिल्ली में ही आयोजित होगा.
सैकिया ने क्या कहा?
देवाजीत सैकिया ने कहा, ''दिल्ली में होने वाला भारत-श्रीलंका वनडे मैच अहमदाबाद में शिफ्ट होने की खबरें सही नहीं हैं. बीसीसीआई ने ऐसा कोई फैसला नहीं लिया है. हम मीडिया के साथियों से अनुरोध करते हैं कि शेड्यूल के बारे में किसी भी अपडेट के लिए कृपया बीसीसीआई की आधिकारिक बयान को ही सही मानें. इसके अलावा, यह भी दोहराना जरूरी है कि द्विपक्षीय मैच मुख्य रूप से एक स्टैंडर्ड पॉलिसी को फॉलो करके अलॉट किए जाते हैं.''
ये भी पढ़ें: रवींद्र जडेजा का 16वां शतक: न्यूजीलैंड दौरे से पहले दिखाया दम, रणजी में सौराष्ट्र के लिए बने संकटमोचक
टी20 सीरीज भी खेलेगी लंकाई टीम
श्रीलंका की टीम दौरे पर वनडे मैचों के अलावा टी20 मुकाबलों में भी नजर आएगी. तीन टी20 मैच दिसंबर में खेले जाएंगे. पहला मुकाबला राजकोट में 22 तारीख को होगा. इसके बाद 24 और 27 दिसंबर को क्रमश: कटक और पुणे में मुकाबले होंगे.
वेस्टइंडीज-न्यूजीलैंड और श्रीलंका से टक्कर
भारतीय टीम फिलहाल वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज खेल रही है. वह इसमें 2-1 से आगे है. 14 अक्टूबर को हैदराबाद और 17 को बेंगलुरु में बाकी दो मैच होने हैं. इसके बाद अक्टूबर-नवंबर में न्यूजीलैंड दौरे पर पांच टी20, तीन वनडे और दो टेस्ट मैच खेलने है. वहां से आने के बाद टीम इंडिया श्रीलंका से भिड़ेगी.