SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

789 विकेट लेने वाले वकार यूनिस ने सुनाया 36 साल पुराना किस्सा, शारजाह में उड़ाया था सिद्धू का स्टंप, फिर कपिल शर्मा पर क्यों फोड़ा ठीकरा?

वकार यूनिस ने 1990 में शारजाह में नवजोत सिंह सिद्धू को पहली ही गेंद पर बोल्ड करने का पुराना किस्सा सुनाया है. पाकिस्तानी दिग्गज ने इस मामले में कपिल शर्मा को मजेदार अंदाज में जिम्मेदार ठहराया.

Written By Tarun Verma
Published: Oct 30, 2026, 10:46 AM IST | Updated: Oct 30, 2026, 11:05 AM IST
Image Credit: Waqar Younis, Kapil Sharma and Navjot Singh Sidhu
Join

इंटरनेशनल क्रिकेट में 789 विकेट लेने वाले पाकिस्तान के महान तेज गेंदबाज वकार यूनिस ने 36 साल पुराना ऐसा किस्सा सुनाया है, जिसे सुनकर क्रिकेट फैंस भी अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे. यह पूरा मामला साल 1990 में शारजाह में खेले गए ऑस्ट्रल-एशिया कप में भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले का है. इस मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 236 रनों का लक्ष्य रखा था. लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को मनोज प्रभाकर और अन्य बल्लेबाजों से अच्छी शुरुआत मिली थी. 

हालांकि, 61 रन के स्कोर पर मनोज प्रभाकर 27 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद बल्लेबाजी करने के लिए नवजोत सिंह सिद्धू क्रीज पर पहुंचे, लेकिन उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि उनकी पारी पहली ही गेंद पर खत्म हो जाएगी. वकार यूनिस ने अपनी खतरनाक गेंदबाजी से सिद्धू को क्लीन बोल्ड कर दिया. इस विकेट की चर्चा आज भी क्रिकेट फैंस के बीच होती है. खुद नवजोत सिंह सिद्धू भी कई बार वकार यूनिस के सामने इस तरह आउट होने पर अपनी निराशा जाहिर कर चुके हैं. 

वकार यूनिस ने सुनाया 36 साल पुराना किस्सा

हाल ही में 'शुभंकर मिश्रा पॉडकास्ट' पर बातचीत के दौरान वकार यूनिस से इस यादगार विकेट के बारे में पूछा गया. वकार यूनिस ने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए मशहूर भारतीय कॉमेडियन कपिल शर्मा को जिम्मेदार ठहराया. वकार यूनिस ने कहा कि कपिल शर्मा बार-बार इस घटना का जिक्र करके नवजोत सिंह सिद्धू को उकसाते रहते हैं. वकार यूनिस ने कहा, 'मुझे लगता है कि कपिल शर्मा ने ही नवजोत सिंह सिद्धू के दिमाग में यह बात बिठा दी है. हां, यह सच है कि वह आउट हुए थे और वह भी यहीं शारजाह में, लेकिन उन्होंने इसे इतना बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया कि खैर, सिद्धू पाजी से मेरा यही कहना है कि चिल कीजिए, जिंदगी में ऐसा होता रहता है.'

शारजाह में उड़ाया था सिद्धू का स्टंप

बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू 'द कपिल शर्मा शो' में जज के तौर पर नजर आते हैं, जहां कपिल शर्मा अक्सर उनसे वकार के खिलाफ उस वायरल विकेट के बारे में सवाल पूछते रहते हैं. वकार यूनिस ने आगे कहा, 'असल में, आपने इस पर रिएक्ट किया, है ना? अगर आप रिएक्ट नहीं करते, तो यह इतनी बड़ी बात नहीं बनती कि उन्होंने आपको आउट कर दिया वगैरह. लेकिन वे बार-बार इसी बात को दोहराते रहे, और आखिरकार सिद्धू भाई चिढ़ने लगे.' उस मैच में, पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 50 ओवरों में 235/9 का स्कोर बनाया. सलीम यूसुफ ने सबसे ज्यादा 62 रन बनाए, जबकि भारत की ओर से प्रभाकर और रवि शास्त्री ने दो-दो विकेट लिए.

349 इंटरनेशनल मैचों में 789 विकेट चटकाए

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने अच्छा संघर्ष किया, लेकिन अंत में पूरी टीम 209 रनों पर आउट हो गई, जिससे पाकिस्तान को 26 रनों से जीत मिली. वकार यूनिस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए. बता दें कि पाकिस्तान के महान तेज गेंदबाज वकार यूनिस ने 262 वनडे इंटरनेशनल मैचों में 23.84 की घातक गेंदबाजी औसत के साथ 416 विकेट चटकाएं हैं. वकार यूनिस ने इसके अलावा 87 टेस्ट मैचों में 23.56 की गेंदबाजी औसत के साथ 373 विकेट हासिल किए हैं. कुल मिलाकर वकार यूनिस ने 349 इंटरनेशनल मैचों में 789 विकेट चटकाए हैं. वकार यूनिस अपनी घातक यॉर्कर के लिए जाने जाते रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES