स्कोरबोर्ड पर 200+ रन देखते ही घुटने टेक देता है भारत का सबसे तूफानी बल्लेबाज, आंकड़े दे रहे गवाही
India vs West Indies: वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 मैच में 248 रनों का पीछा करते हुए भारत को 24 रन से हार का सामना करना पड़ा. 200+ रन चेज के दौरान अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन चिंताजनक है. श्रेयस अय्यर का हाल भी बुरा रहा है.
India vs West Indies: भारत और वेस्टइंडीज के बीच चल रही टी20 सीरीज रोमांचक मोड़ पर है. बुधवार, 14 अक्टूबर को हैदराबाद में खेले गए चौथे मुकाबले में वेस्टइंडीज ने जबरदस्त पलटवार करते हुए टीम इंडिया को 24 रनों से पटखनी दी. सीरीज फिलहाल 2-2 की बराबरी पर है और निर्णायक मुकाबला शनिवार (17 अक्टूबर) को बेंगलुरु में होगा. वेस्टइंडीज के 247 रनों के जवाब में भारतीय टीम 223 रनों पर ऑलआउट हो गई.
इसमें कहीं से दो राय नहीं है कि वर्तमान समय में टी20 क्रिकेट में अभिषेक शर्मा भारत के सबसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं. उन्होंने T20I में 15 बार 50 का आंकड़ा क्रॉस किया है, जिसमें से ज्यादातर फिफ्टी उन्होंने 20 से कम गेंदों पर ठोके हैं. हालांकि, बड़े स्कोर का पीछा करते हुए कहानी अलग रही है. वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 मैच में अभिषेक 24 गेंदों पर 29 रन बनाकर आउट हो गए.
200+ रनों का पीछा करते हुए अभिषेक के आंकड़े
जब भी भारत के सामने 200 से अधिक रन चेज करने की चुनौती होती है तो अभिषेक शर्मा से तूफानी पारी की उम्मीद रहती है. हालांकि , आंकड़े बताते हैं कि इस दौरान उनका बल्ला खामोश रहता है. यानी 200+ रन चेज में अभिषेक फ्लॉप साबित होते हैं. 200 से अधिक रनों का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा ने भारत के लिए 6 पारियां खेली हैं और एक बार भी 30 का आंकड़ा क्रॉस नहीं किया है. ये चिंताजनक है, क्योंकि बड़े टारगेट में ओपनर का रोल अहम होता है.
200+ रन चेज में अभिषेक शर्मा के आंकड़े
17(8)
0 (1)
0 (1)
10(7)
3(5)
29 (24)
200 से अधिक रनों का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा 6 पारियों में से दो में खाता भी नहीं खोल सके. उनका उच्चतम स्कोर 24 गेंदों पर 29 रन है, जो उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ हैदराबाद में खेले गए चौथे T20I में बनाया. सिर्फ अभिषेक ही नहीं भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर भी पिछले कुछ मैचों में 200 से अधिक स्कोर के सामने फ्लॉप साबित हुए हैं.
श्रेयस अय्यर का हाल भी बुरा
लखनऊ में खेले गए पहले टी20 में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 171 रन बनाए थे. इस मुकाबले में श्रेयस अय्यर ने शानदार शतक जड़ा था. लेकिन जब बात 200+ टारगेट की होती है, तो अय्यर का हालिया प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. पिछले चार मैचों में जब भारत के सामने 200 से अधिक रनों का लक्ष्य रहा है, तो इसमें श्रेयस अय्यर ने 01, 05, 28 और 16 का स्कोर किया है.
बेंगलुरु में होगा सीरीज का फैसला
भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैदान पर भी रनों की बरसात होने की उम्मीद है. पिछले दो मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है. ऐसे में टॉस का रोल भी अहम होने वाला है और देखना दिलचस्प होगा कि दोनों टीमों की रणनीति क्या होगी, क्योंकि सोच टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने की रही है.
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया पर फूटा सुनील गावस्कर का गुस्सा, गेंदबाजों की लगाई क्लास, बल्लेबाजों को कहा- जिम्मेदारी लो