)
वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम को 24 रन से हार झेलनी पड़ी. बुधवार को हैदराबाद में खेले गए इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में भारतीय टीम संजू सैमसन की तेजतर्रार पारी के बावजूद 223 रन पर सिमट गई.पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भारतीय टीम की इस हार के बाद उसके खिलाड़ियों की जमकर क्लास लगाई है.
जियोस्टार पर बात करते हुए सुनील गावस्कर ने कहा, 'सबसे पहली एक चीज जिसमें भारतीय टीम को सुधार करने की जरूरत है, वह है रन चेज करने का तरीका. बल्लेबाजों को ज्यादा जिम्मेदारी दिखानी होगी. अगर बल्लेबाज जिम्मेदारी नहीं लेते हैं, तो यह भारतीय टीम सफल नहीं हो पाएगी.'
सुनील गावस्कर ने आगे कहा, 'ऐसी पिच पर, जहां ओस भी गिर रही हो, आपको बल्ले से अपना ऐसा दबदबा दिखाना चाहिए जैसा कि लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम से उम्मीद की जाती है, लेकिन इस मैच में ऐसा बिल्कुल देखने को नहीं मिला. इस भारतीय टीम को सबसे पहले अपने चेज के तरीके में सुधार करने की जरूरत है. बल्लेबाजों को और अधिक जिम्मेदारी दिखानी होगी. अगर बल्लेबाज जिम्मेदारी नहीं लेते हैं, तो यह भारतीय टीम सफल नहीं हो पाएगी.' उन्होंने यह भी कहा कि भारत बल्लेबाजी के लिए अनुकूल परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाने में नाकाम रहा, जबकि ओस की वजह से बल्लेबाजों को मदद भी मिल रही थी.
सुनील गावस्कर ने कहा कि संजू सैमसन ने भारत को एक मजबूत शुरुआत दी थी, लेकिन बाकी बल्लेबाज इसका फायदा नहीं उठा सके. उन्होंने कहा, 'संजू ने भारत को शानदार शुरुआत दी, लेकिन बाकी बल्लेबाजों ने इसका कोई लाभ नहीं उठाया. अभिषेक शर्मा ने बहुत खराब पारी खेली, जो उनके स्तर के हिसाब से बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है. ईशान किशन कीमो पॉल के जाल में फंस गए और श्रेयस अय्यर भी अपने शतक के बाद से लय में नहीं लौट पाए हैं.'
भारत के अनुभवहीन गेंदबाजों को लेकर सुनील गावस्कर ने कहा, 'मुझे पता है कि गेंदबाजी खराब रही है, लेकिन इन गेंदबाजों के पास अनुभव नहीं है. ये इंटरनेशनल क्रिकेट में नए हैं और इन्हें बाउंड्री खानी ही पड़ेगी, तभी ये सीख पाएंगे.'