App

एक साल में 400 छक्कों का महारिकॉर्ड: T20I में सिक्स का सिकंदर बना भारत, ऐसा करने वाला बना दुनिया का पहला देश

टीम इंडिया ने साल 2026 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 400 छक्के जड़कर महारिकॉर्ड बना दिया है. भारत T20I में किसी एक कैलेंडर ईयर में 400 छक्के जड़ने वाला पहला देश बन गया है. भारत ने इस साल 10 छक्के प्रति मैच ठोके हैं.

एक साल में 400 छक्कों का महारिकॉर्ड: T20I में सिक्स का सिकंदर बना भारत, ऐसा करने वाला बना दुनिया का पहला देश
Image Credit: एक साल में 400 छक्कों का महारिकॉर्ड (AI Graphic/BCCI)

भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 इंटरनेशनल में नया और अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. छक्कों की बारिश करते हुए भारत ने इस साल T20I में अभी तक 400 सिक्स जड़ दिए हैं. इस मामले में टीम इंडिया के आसपास भी कोई नहीं है. भारत T20I में किसी एक साल में 400 छक्के जड़ने वाला पहला देश बन गया है. न्यूजीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन में खेले गए सीरीज के 5वें मैच में टीम इंडिया ने ये बड़ा कारनामा किया.

भारत ने रविवार (1 नवंबर) को क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा और एक कैलेंडर वर्ष में 400 छक्के लगाने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई. न्यूजीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन के सेडन पार्क स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 11 छक्कों की मदद से 191 रन बनाए.

एक साल में 400 छक्कों का महारिकॉर्ड

भारत से पहले एक कैलेंडर ईयर में टी20 इंटरनेशनल मैचों में सबसे अधिक छक्के जड़ने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रिया के नाम था, जिसने 2025 में 326 सिक्स उड़ाए थे. साल 2026 में टीम इंडिया ने इस आंकड़े को क्रॉस कर लिया और अब 400 छक्कों का महारिकॉर्ड भी बना दिया है. वहीं, पूर्ण सदस्य देशों की बात करें तो 2022 में भारत ने T20I में दुनिया में सबसे ज्यादा 289 छक्के जड़े थे. यह भी 40 मैचों के आधार पर ही था. इसका मतलब है कि 2022 में भारत का औसत 7.2 छक्के प्रति मैच था, जो चार साल में बढ़कर 10 छक्के प्रति मैच हो गया है.

एक कैलेंडर ईयर में सबसे अधिक छक्के (टी20 इंटरनेशनल में)

1. भारत- 2026 में 40 मैचों में 400 छक्के
2. ऑस्ट्रिया- 2025 में 36 मैचों में 326 छक्के
3. भारत- 2022 में 40 मैचों में 289 छक्के
4. बहरीन- 2025 में 39 मैचों में 239 छक्के
5. वेस्टइंडीज- 2024 में 27 मैचों में 238 छक्के

10 साल में कितना बदला?

पिछले 10 सालों में क्रिकेट तेजी से बदला है. एक समय था जब इस खेल में गेंदबाजों का भी अहम रोल हुआ करता था, लेकिन अब बल्लेबाजों का राज है. इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि 10 साल पहले यानी 2016 में टीम इंडिया ने 21 पारियों में 81 छक्के, यानी प्रति मैच 3.85 छक्के जड़े थे. क्रिकेट में बल्लेबाजी की रफ्तार लगभग तीन गुना बढ़ गई. बल्ले बेहतर हो गए हैं, पिचें ज्यादा सपाट हो गई हैं, और भारत के लिए सबसे अहम बात यह है कि IPL के दबदबे ने यह सुनिश्चित किया है कि उन्हें अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे बेहतरीन खिलाड़ी मिलें. अगर यही रफ्तार बनी रही, तो वह समय दूर नहीं जब कोई टीम 500 छक्कों का आंकड़ा भी पार कर लेगी.

 

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More