)
पटना में मद्य निषेध विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. 1 नवंबर की रात करीब 12:50 बजे खगौल थाना क्षेत्र के महुआबाग में छापेमारी की गई. निरीक्षक मद्य निषेध दीपक महतो के नेतृत्व में गठित टीम ने रंजन कुमार के किराये के कमरे में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की. मौके से कुल 733.090 लीटर शराब जब्त की गई, जो 2,497 बोतलों में रखी हुई थी. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है.
इस कार्रवाई के दौरान रंजन कुमार को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में सामने आया कि शराब उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और हरियाणा से मंगाकर यहां बेची जाती थी. फिलहाल पुलिस और मद्य निषेध विभाग की टीम मामले की आगे की जांच कर रही है. अधिकारियों की ओर से शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.
वहीं, जमुई के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र जगुआजोर में अवैध देशी शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. मलयपुर थाना और चानन थाना की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर तीन शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया. इस दौरान करीब 1,000 लीटर महुआ जावा नष्ट किया गया. मलयपुर थाना प्रभारी शेखर सौरव ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मलयपुर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जगुआजोर इलाके में बड़े पैमाने पर देशी शराब बनाई जा रही है. इसी सूचना के आधार पर संयुक्त अभियान चलाया गया. हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान शराब तस्कर मौके से फरार हो गए.
बिहार में वर्ष 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है. इसके बावजूद राज्य के अलग-अलग इलाकों में अवैध शराब निर्माण और तस्करी की घटनाएं सामने आती रहती हैं. जहरीली शराब के सेवन से कई लोगों की मौत भी हो चुकी है. ऐसे में जमुई के अति नक्सल प्रभावित जगुआजोर में पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब निर्माण पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
रिपोर्ट: अभिषेक निरला (जमुई) प्रकाश कुमार सिन्हा (पटना)