)
भारत और पाकिस्तान के बीच एशियन गेम्स 2026 में मेंस क्रिकेट मुकाबला टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जा रहा है. भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है और पाकिस्तान की टीम को पहले बल्लेबाजी सौंपी है. इस दौरान भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस के वक्त पाकिस्तान के कप्तान साहिबजादा फरहान से हाथ नहीं मिलाया है. पाकिस्तान के खिलाफ भारत अपनी 'नो-हैंडशेक' नीति पर अभी भी कायम है.
भारत और पाकिस्तान के बीच यह 'नो-हैंडशेक' वाली नीति सीमा पार के तनाव और सैन्य गतिविधि 'ऑपरेशन सिंदूर' से जुड़ी है, जिन्होंने दोनों देशों के रिश्तों को प्रभावित किया है. तब से, हाल के ICC और ACC टूर्नामेंट मैचों में भारतीय क्रिकेट टीमों ने पाकिस्तानी टीमों के खिलाफ हाथ न मिलाने की सख्त नीति अपनाई है. माना जाता है कि यह रुख सरकार की नीति के अनुरूप है. हालांकि, एशियन गेम्स एक अलग तरह का आयोजन है. ये 'ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया' (OCA) और 'इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी' (IOC) के नियमों के तहत आयोजित होते हैं, न कि उन द्विपक्षीय या केवल क्रिकेट से जुड़े ढांचों के तहत जिनके आधार पर पहले के मैच खेले गए थे.
नियमों के अनुसार किसी भी स्पोर्ट्स टूर्नामेंट में हाथ मिलाना जरूरी नहीं है, क्योंकि यह खेल भावना का एक पारंपरिक जेस्चर है, लेकिन कई खेलों वाले टूर्नामेंट में आम तौर पर प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों से निष्पक्ष और सम्मानजनक व्यवहार की उम्मीद की जाती है. टेबल टेनिस, स्क्वैश, वॉलीबॉल और हॉकी में भारतीय खिलाड़ियों ने मैचों के बाद अपने पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वियों के साथ सामान्य रूप से हाथ मिलाया है, और इनमें से किसी भी मौके पर कोई विवाद नहीं हुआ. इन सबसे अलग एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच यह 'नो-हैंडशेक' मामला अब चर्चा का विषय बन गया है.
बता दें कि शनिवार को कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट फाइनल में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. गोल्ड मेडल के इस मुकाबले के लिए 'मेन इन ब्लू' ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया. अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर और विपराज निगम बेंच पर ही रहे. जब भारत अपना खिताब बचाने की कोशिश करेगा, तो सबकी नजरें वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ियों पर होंगी. पाकिस्तान ने फाइनल के लिए अपनी टीम में एक बदलाव किया. तेज गेंदबाज मोहम्मद वसीम जूनियर की जगह बैटिंग ऑलराउंडर साद मसूद को खेलने का मौका मिला.
एशियन गेम्स में मेंस और विमेंस क्रिकेट को मिलाकर भारत और पाकिस्तान के बीच यह पहला मुकाबला है. भारत ने 2022 के हांगझोऊ गेम्स से इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट में क्रिकेट खेलना शुरू किया था और अब तक टूर्नामेंट में उनका सामना अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी से नहीं हुआ था, अब वे सबसे बड़े इनाम (गोल्ड मेडल) के लिए उनसे भिड़ रहे हैं. सेमीफाइनल में मुश्किल पिच पर भारत ने श्रीलंका की कमजोर टीम को आसानी से हराया और ईशान किशन व गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत 124 रनों से बड़ी जीत दर्ज की. दूसरी ओर, पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ 112 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए छह विकेट से जीत हासिल की. बारिश के कारण छोटा किए गए इस मैच में उन्होंने 9 गेंदें बाकी रहते हुए जीत दर्ज की.
भारत: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह.
पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान (कप्तान), माज सदाकत, उस्मान खान (विकेटकीपर), सैम अयूब, हसन नवाज, अब्दुल समद, साद मसूद, अराफात मिन्हास, अहमद दानियाल, अबरार अहमद, सुफियान मोकिम.