SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

India A vs New Zealand A: ऐसे कैसे जीतेंगे टेस्ट सीरीज? न्यूजीलैंड में खुल गई भारतीय बल्लेबाजों की पोल, 113 रन पर ढेर हुई टीम इंडिया

भारत ए की टीम न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनऑफिशियल टेस्ट में महज 113 रन पर सिमट गई. केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन जैसे बल्लेबाज फ्लॉप रहे, जबकि न्यूजीलैंड ए के लिए साइमन कीन ने 5 विकेट झटके.

Written By Tarun Verma
Published: Oct 24, 2026, 09:08 AM IST | Updated: Oct 24, 2026, 08:09 PM IST
Image Credit: India A vs New Zealand A
Join

भारत को अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ उसकी ही धरती पर 19 नवंबर से 1 दिसंबर तक दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है. भारत को अगर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC 2025-27) के फाइनल की रेस में बने रहना है, तो उसे न्यूजीलैंड की धरती पर 2-0 से टेस्ट सीरीज जीतनी ही होगी. हालांकि यह एक बेहद मुश्किल चुनौती है. इस मुश्किल टेस्ट सीरीज से पहले एक डरावना ट्रेलर देखने को मिला है. 

दरअसल, भारत ए की टीम न्यूजीलैंड के दौरे पर है. न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच में भारत ए की पूरी टीम महज 113 रन पर ढेर हो गई. शनिवार को लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल में खेले जा रहे मुकाबले के पहले दिन भारतीय बल्लेबाज न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों के सामने बेबस दिखाई दिए. भारत ए की टीम 40 ओवर भी पूरे नहीं खेल सकी.

न्यूजीलैंड में हरी घास वाली पिच का चैलेंज

न्यूजीलैंड ए ने हरी घास वाली पिच पर भारतीय बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा ली. मेजबान टीम के चारों दाएं हाथ के तेज गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया. साइमन कीन ने पांच विकेट लेकर भारत ए की टीम को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया, जबकि जैक गिब्सन ने तीन विकेट अपने नाम किए.

ये भी पढ़ें- रोहित शर्मा की बादशाहत पर खतरा, सिर्फ 25 रन दूर श्रेयस अय्यर, टूट जाएगा सालों पुराना रिकॉर्ड

केएल राहुल खाता नहीं खोल सके

भारत ए के लिए यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पारी की शुरुआत की, लेकिन टीम को अच्छी शुरुआत नहीं मिल सकी. केएल राहुल तीसरे ओवर में ही अपना विकेट गंवा बैठे. वह आठ गेंद खेलने के बावजूद खाता नहीं खोल सके. इसके बाद देवदत्त पडिक्कल और यशस्वी जायसवाल ने दूसरे विकेट के लिए 30 रन जोड़े. हालांकि, जैक गिब्सन ने मैथ्यू बॉयल के हाथों यशस्वी जायसवाल को कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ दिया. यशस्वी जायसवाल 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

सुदर्शन भी जीरो पर आउट

भारत ए को साई सुदर्शन से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह भी कुछ खास नहीं कर सके. सुदर्शन 13 गेंद खेलने के बाद बिना खाता खोले आउट हो गए. साइमन कीन ने उन्हें बोल्ड कर अपना पहला विकेट हासिल किया. भारत ए की कप्तानी कर रहे ध्रुव जुरेल भी बल्ले से योगदान नहीं दे सके. राइस मारियू ने शानदार कैच पकड़कर जुरेल की पारी समाप्त की. वह सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए. शुरुआती विकेट गिरने से भारतीय टीम दबाव में आ गई.

ये भी पढ़ें- टीम इंडिया में बदलाव: ईशान किशन की जगह कुमार कुशाग्र का चयन, BCCI ने वनडे के बाद टी20 में भी दिया मौका

न्यूजीलैंड में खुल गई भारतीय बल्लेबाजों की पोल

एक छोर पर लगातार विकेट गिरने के बावजूद देवदत्त पडिक्कल ने टिककर बल्लेबाजी करने की कोशिश की. उन्होंने युवा बाएं हाथ के बल्लेबाज यश राठौड़ के साथ साझेदारी बनाने का प्रयास किया. हालांकि, जैक गिब्सन ने पडिक्कल को 32 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया. उनकी पारी में पांच चौके शामिल रहे. इसके बाद गिब्सन ने अपने अगले ओवर में वॉशिंगटन सुंदर को भी बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया.

इसके बाद, राठौड़ और अंशुल कंबोज (10) ने कुछ बाउंड्री लगाने की कोशिश की और वे कुछ देर तक सफल भी रहे, लेकिन क्रिस्टियन क्लार्क ने उनकी इस छोटी सी साझेदारी को तोड़ दिया. इसके बाद राठौड़ ने अपने खेल की गति बढ़ाई और निचले क्रम के बल्लेबाजों (टेलएंडर्स) के साथ खेलते हुए लगातार बाउंड्री लगाते रहे.

113 रन पर ढेर हुई टीम इंडिया

साइमन कीन ने पहले आकिब नबी को आउट किया, और फिर आकाश दीप तथा मुकेश चौधरी के विकेट लेकर इंडिया ए की पारी को 113 रनों पर समेट दिया. भारत के कुल स्कोर को 100 रनों के पार पहुंचाने में राठौड़ ने अहम भूमिका निभाई. वह 44 रन बनाकर नाबाद रहे और अपनी इस संघर्षपूर्ण पारी के दौरान उन्होंने तीन चौके और इतने ही छक्के लगाए. न्यूजीलैंड की ओर से, उनके चार दाएं हाथ के सीम गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम को काफी नुकसान पहुंचाया.

साइमन कीन ने पांच विकेट लिए, गिब्सन ने तीन विकेट चटकाए, जबकि क्लार्क और फ्रेजर शीट ने एक-एक विकेट लिया. इंडिया 'ए' टीम न्यूजीलैंड 'ए' के ​​खिलाफ तीन अनौपचारिक टेस्ट मैच खेलेगी. ये अनौपचारिक टेस्ट मैच चार दिन के होंगे. दूसरा अनौपचारिक टेस्ट 31 अक्टूबर से हैगली ओवल में खेला जाएगा, और तीसरा अनौपचारिक टेस्ट 7 नवंबर से लिंकन में शुरू होगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES