भारतीय क्रिकेट टीम में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है. न्यूजीलैंड दौरे पर पहले टी20 मैच के दौरान चोटिल होने वाले ईशान किशन दूसरे मुकाबले से बाहर हो गए हैं. क्राइस्टचर्च में होने वाले दूसरे मुकाबले से पहले विकेटकीपर कुमार कुशाग्र को कवर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है. टीम इंडिया ने पहले टी20 मैच में 4 विकेट से जीत हासिल की थी. उसने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली थी और अब शनिवार (24 अक्टूबर) को उसकी नजर इस बढ़त को दोगुनी करने पर है.
ईशान किशन मांसपेशियों में खिंचाव (राइट एडिक्टर स्ट्रेन) के कारण दूसरे टी20 मैच में नहीं खेलेंगे. इसकी जानकारी बल्लेबाजी कोच सिंताशु कोटक ने शुक्रवार को दे दी थी. बीसीसीआई ने बताया कि किशन की निगरानी मेडिकल टीम कर रही है. उनकी जगह टीम में आए कुमार कुशाग्र पहले से क्राइस्टचर्च में हैं. वह इंडिया 'ए' टीम के साथ हैं. उन्हें चयनकर्ताओं ने पहले ही वनडे सीरीज के आखिरी दो मैचों के लिए चुना है. अब वह टी20 स्क्वॉड में भी आ गए हैं.
🚨 News 🚨 Ishan Kishan ruled out of 2️⃣nd T20I due to injury; Kumar Kushagra added as cover. More details 🔽 | #TeamIndia | #NZvIND https://t.co/TsATbCM8mB
— BCCI (@BCCI) October 23, 2026
कुशाग्र को दूसरे मैच में मौका मिलना मुश्किल
कुमार कुशाग्र को टी20 टीम में तो चुन लिया गया है, लेकिन किशन की जगह उनका खेलना मुश्किल है. सैमसन पहले ही पहले बतौर विकेटकीपर खेल रहे हैं. किशन की जगह वैभव सूर्यवंशी को मौका मिल सकता है. बैटिंग कोच सिंताशु कोटक ने बता दिया है कि वैभव मैच में खेलने के दावेदारों में हैं. वह किशन की जगह प्लेइंग-11 में आ सकते हैं. वैभव को वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचों मैच में खेलने का मौका नहीं मिला था. वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी नहीं खेल पाए थे.
पहले मैच में क्या हुआ था?
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने दौरे के पहले मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसल किया. न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 225 रन बनाए. ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंद पर नाबाद 82 रन बनाए थे. इसके बाद टीम इंडिया ने 19.4 ओवर में 6 विकेट पर 230 रन बनाकर मैच को जीत लिया. संजू सैमसन ने 33 गेंद पर 67 रन बनाए थे. उनके अलावा नमन धीर ने नाबाद 42 और अय्यर ने 42 रन बनाए थे.
दूसरे टी20 के लिए भारत की अपडेटेड टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर).