IND vs WI: हैदराबाद में करारी हार से नाराज कप्तान श्रेयस अय्यर, मैच के बाद सरेआम किस पर फोड़ दिया ठीकरा?
India vs West Indies 4th T20I: कप्तान श्रेयस अय्यर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में भारत की 24 रनों से हार के बाद अपनी टीम की गेंदबाजी पर नाराजगी जाहिर की है.
भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ बुधवार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में 24 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा है. वेस्टइंडीज ने इस जीत के साथ 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में धमाकेदार वापसी करते हुए 2-2 से बराबरी कर ली है. भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब पांचवां और निर्णायक टी20 इंटरनेशनल मुकाबला 17 अक्टूबर को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा, जो भी टीम यह मैच जीतेगी सीरीज पर उसी का कब्जा होगा.
हैदराबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथा टी20 इंटरनेशनल मैच हारने के बाद टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर अपने गेंदबाजों से बहुत नाखुश हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ इस करारी हार के बाद भारतीय टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में बड़ा बयान दिया है. श्रेयस अय्यर ने कहा, 'सब कुछ बॉलिंग से शुरू हुआ. मुझे लगता है कि हमने अपनी लाइन और लेंथ का सही इस्तेमाल नहीं किया. 250 रन का पीछा करते समय एक खास तरह से खेलना होता है. इसलिए, पीछा करते समय हमारा अप्रोच तो अच्छा था, लेकिन बदकिस्मती से हम बॉलिंग में अपनी योजनाओं को ठीक से लागू नहीं कर पाए और यहीं हम थोड़े पीछे रह गए.'
हैदराबाद में करारी हार
अभिषेक शर्मा शुरुआती ओवरों में स्ट्राइक पर ठीक से नहीं आ पाए और ऐसा होने से भारत की शुरुआत पर असर पड़ा? इस पर कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, 'ऐसा नहीं है, उस समय भी हमारा रन रेट 12 प्रति ओवर चल रहा था. बात बस इतनी है कि उन्होंने (वेस्टइंडीज ने) अपनी योजना को अच्छे से लागू किया. गेंद थोड़ी उछल रही थी और उन्होंने फील्डिंग का भी बहुत अच्छा इस्तेमाल किया. इसलिए उन्हें इसका श्रेय मिलना चाहिए, उन्होंने अपनी रणनीति को एकदम सही तरीके से अंजाम दिया.' श्रेयस ने यह भी माना कि बीच के ओवरों में पिच गेंदबाजों के अनुकूल हो गई थी, क्योंकि गेंद थोड़ी रुककर आ रही थी और उसमें उछाल भी ज्यादा था.'
मैच के बाद क्या बोले कप्तान श्रेयस अय्यर?
श्रेयस अय्यर ने कहा, 'गेंद थोड़ी रुककर आ रही थी और उछाल भी ज्यादा मिल रहा था, लेकिन मुझे लगता है कि गेंदबाजों को इसका अंदाजा हो गया था. वे गेंदबाज हैं और जिस तरह से उन्होंने फील्ड के हिसाब से गेंदबाजी की, वह बहुत जरूरी था, खासकर बीच के ओवरों में. भले ही मोमेंटम हमारी तरफ आ गया था, लेकिन बीच-बीच में वापसी करने की काबिलियत जबरदस्त थी और मुझे यकीन है कि पांचवां मैच दिलचस्प होगा.'
प्लान सही ढंग से एक्जीक्यूशन करने की जरूरत
श्रेयस अय्यर ने कहा, '220 रन बनाना, खासकर तब जब हम लक्ष्य का पीछा कर रहे हों और फिर 250 रन तक पहुंचना, इससे हर खिलाड़ी की सोच और रवैये का पता चलता है. आगे भी हमारा यही रवैया रहेगा और मुझे लगता है कि अब हमें अपनी गेंदबाजी के बारे में ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है. असल बात तो इसे सही ढंग से लागू करने (एग्जीक्यूशन) की है. एक नई और सकारात्मक सोच के साथ मैदान पर उतरें, मौके को पहचानें और उसका पूरा फायदा उठाएं.'