)
भारत के तेज गेंदबाज हर्षित राणा अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज से बाहर हो सकते हैं. सिर्फ इतना ही नहीं इस तेज गेंदबाज का भारत के लिए एशियन गेम्स 2026 में खेलना भी संदिग्ध नजर आ रहा है. ऐसे में हर्षित राणा का इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी का इंतजार और भी बढ़ सकता है. दरअसल, हर्षित राणा को रिटर्न टू प्ले (RTP) प्रोटोकॉल के तहत मंगलवार को हुए मैच सिमुलेशन के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट लग गई.
फिलहाल सामने आई जानकारी के मुताबिक चोट की स्थिति अच्छी नहीं दिख रही है. ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली T20I सीरीज और एशियन गेम्स 2026 में उनके खेलने पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. हर्षित राणा को इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे T20I के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट लगी थी. इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत के वार्मअप मुकाबले में उनके घुटने में चोट लग गई. इस चोट के कारण वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गए थे.
इस चोट के बाद हर्षित राणा की घुटने की सर्जरी भी हुई थी. हर्षित राणा इसके चलते IPL 2026 में भी हिस्सा नहीं ले सके थे. हर्षित राणा चोट के कारण पूरे IPL सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए नहीं खेल पाए थे. इसके बाद हर्षित राणा ने अपनी रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया पूरी की और वापसी की दिशा में कदम बढ़ाए. अब रिटर्न टू प्ले (RTP) के दौरान लगी नई चोट ने हर्षित राणा की वापसी की राह फिर मुश्किल कर दी है.
टीम इंडिया के लिए राहत की बात यह है कि नीतीश कुमार रेड्डी को फिटनेस के लिए हरी झंडी मिल गई है. वॉशिंगटन सुंदर ने भी जरूरी फिटनेस टेस्ट और प्रक्रिया में अच्छे संकेत दिए हैं. वहीं, जसप्रीत बुमराह को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह साफ नहीं है. टीम के साथ तैयारियां शुरू होने से पहले उनकी फिटनेस को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है. भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20I सीरीज 13 सितंबर से खेली जाएगी. मुकाबले 13, 15 और 17 सितंबर को नई दिल्ली में होंगे.
T20I सीरीज के सभी मैच नई दिल्ली में खेले जाएंगे. हालांकि मुकाबलों का आयोजन भारत में होने के बावजूद अफगानिस्तान इस सीरीज का आधिकारिक मेजबान है. भारतीय टीम 18 सितंबर को दिल्ली से एशियन गेम्स 2026 के लिए जापान रवाना होगी. ऐसे में हर्षित राणा की चोट टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय बन गई है, क्योंकि उनके पास फिटनेस साबित करने के लिए अब ज्यादा समय नहीं बचा है. एशियन गेम्स शुरू होने से पहले भारतीय टीम जापान के खिलाफ एकमात्र T20I मुकाबला भी खेलेगी. यह मैच 22 सितंबर को जापान के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा.