)
भारत के 15 साल के विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी की इन दिनों क्रिकेट की दुनिया में जबरदस्त चर्चा हो रही है. बीते मंगलवार (24 नवंबर) को बाएं हाथ के इस विध्वंसक बल्लेबाज ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 टूर्नामेंट में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की टीम के खिलाफ 52 गेंद पर दोहरा शतक जड़ दिया था. वैभव सूर्यवंशी ने 384.91 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 204 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 28 छक्के और 7 चौके शामिल रहे. वैभव सूर्यवंशी की इस बल्लेबाजी ने क्रिकेट जगत को हैरान करके रख दिया. वैभव सूर्यवंशी की इस पारी को देखने के बाद पूरी दुनिया में इस बात की खूब चर्चा है कि आखिर 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी कम ताकत का इस्तेमाल कर इतने लंबे-लंबे छक्के कैसे जड़ देते हैं.
वैभव सूर्यवंशी के कोच मनीष ओझा ने ZEE NEWS के साथ EXCLUSIVE इंटरव्यू में इस राज के ऊपर से पर्दा उठाया है. बता दें कि वैभव सूर्यवंशी 7 साल की उम्र से ही मनीष ओझा से कोचिंग ले रहे हैं. वैभव सूर्यवंशी ने साल 2018 में पटना में मनीष ओझा की GenNex Cricket Academy में दाखिला लिया था. मनीष ओझा ने ZEE NEWS से कहा, '15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी कम ताकत का इस्तेमाल कर इतने लंबे-लंबे छक्के इसलिए जड़ पाते हैं, क्योंकि उनके पास गजब की टाइमिंग है. जब गेंद उनके रडार में आती है, तो उनके बल्ले का बॉल से संपर्क बिल्कुल सटीक समय पर होता है. यही उनकी बल्लेबाजी की सबसे बड़ी खूबसूरती है. उनका शॉट सेलेक्शन और बॉडी का बैलेंस बेहतरीन है.'
मनीष ओझा ने आगे कहा, 'वैभव जिस तरह से अपने सभी शॉट्स का एग्जीक्यूशन करते हैं, उसी से ही उन्हें इतना बढ़िया आउटपुट मिलता है. उनका बैट स्विंग तो आपने देखा ही है, जिससे वह इतने बड़े-बड़े छक्के मारते हैं.' मनीष ओझा ने यह भी बताया कि वैभव सूर्यवंशी के अंदर बेखौफ होकर गगनचुंबी छक्के लगाने का टैलेंट कब से डेवलेप हुआ है. मनीष ओझा ने कहा, 'पिछले 7-8 साल से वैभव सूर्यवंशी ने जब से क्रिकेट की कोचिंग लेनी शुरू की है, तब से उन्होंने अपनी इस मुश्किल जर्नी के दौरान भरपूर तैयार की है. उन्होंने सबसे ज्यादा पावर हीटिंग की तैयारी की है, जिससे उन्हें इतना बेहतर रिजल्ट और आउटपुट मिला है.'
उन्होंने कहा, 'भगवान हर किसी को बचपन से कोई न कोई गुण जरूर देते हैं, लेकिन अगर आप उस गुण पर काम नहीं करेंगे और मेहनत नहीं करेंगे तो आपको उसका कोई फायदा नहीं मिल पाएगा. आपको अपने अंदर के सबसे बड़े गुण और टैलेंट का फायदा तभी मिल पाता है जब उस पर कड़ी मेहनत करते हैं. वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से भी अपने अंदर की स्किल्स और टैलेंट को निखारने के लिए कड़ी मेहनत की है, जिसका फायदा उन्हें मिला है.' 15 साल की उम्र में ही वैभव सूर्यवंशी की मेंटल स्ट्रेंथ इतनी मजबूत है कि वह दुनिया के बड़े से बड़े गेंदबाजों को भी छक्का लगाने से नहीं डरते हैं.
मनीष ओझा ने बताया कि वैभव सूर्यवंशी की मानसिक मजबूती का क्या राज है. मनीष ओझा ने कहा, 'आप जितने ज्यादा मैच खेलते हैं, उतना ही आपको अनुभव मिलता है और आपका उतना ही अच्छा पॉजिटिव माइंड सेट होता है. धीरे-धीरे आपके अंदर इंटरेस्ट पैदा होता है और आप अपनी स्किल्स पर भरोसा करते हैं. इसी तरह किसी भी युवा बच्चे में बेहतरीन माइंड सेट तैयार होता है.' बता दें कि वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक 17 लिस्ट-A मैचों में 49.70 की औसत के साथ 845 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं. लिस्ट-A क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी का बेस्ट स्कोर 204 रन है. वैभव सूर्यवंशी ने लिस्ट-A क्रिकेट में 82 चौके और 66 छक्के उड़ाए हैं.