App

Exclusive: अफरीदी जैसा समझा है क्या? पाकिस्तान को वैभव सूर्यवंशी के कोच का मुंहतोड़ जवाब, 21 साल का बताने पर भड़के

वैभव सूर्यवंशी ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में यूएई के खिलाफ 53 गेंदों पर 204 रनों की रिकॉर्डतोड़ पारी खेली. उनकी इस तूफानी पारी के बाद पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी तनवीर अहमद ने कहा कि वैभव 20 या 21 साल के होंगे. अब स्टार भारतीय बल्लेबाज के बचपन के कोच ने उन्हें करारा जवाब दिया है.

Exclusive: अफरीदी जैसा समझा है क्या? पाकिस्तान को वैभव सूर्यवंशी के कोच का मुंहतोड़ जवाब, 21 साल का बताने पर भड़के
Image Credit: वैभव सूर्यवंशी के बचपन के कोच ने पाकिस्तान को लताड़ा

भारत के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी जब क्रिकेट के मैदान पर लंबे-लंबे छक्के उड़ाते हैं तो एक तरफ भारतीय फैंस खुशी से झूम उठते हैं, लेकिन दूसरी तरफ कुछ पाकिस्तानियों के सीने पर सांप लोटने लगते हैं. वैभव से जलने वाले पाकिस्तानी फैंस और उनके क्रिकेट एक्स्पर्ट्स को स्टार बल्लेबाज के बचपन के कोच ने करारा जवाब दिया है. जब भी वैभव सूर्यवंशी कोई अद्भुत पारी खेलते हैं तो पाकिस्तान में उनकी उम्र को लेकर हलचल तेज हो जाती है. कुछ लोग तो ये मानने के लिए तैयार ही नहीं कि वैभव 15 साल के हैं. पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज तनवीर अहमद ने हाल ही में दावा किया कि वैभव सूर्यवंशी की उम्र 20 या 21 साल है.

वैभव सूर्यवंशी की उम्र पर सवाल उठाने वालों को उनके बचपन के कोच मनीष ओझा ने जमकर धोया है. उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी का उदाहरण देते हुए तंज कसा कि अफरीदी तो 15 सालों तक सिर्फ 16 साल के ही थे. खैर, पाकिस्तान में ये चलता होगा... हमारे भारत में नहीं.

'वैभव सूर्यवंशी से जलता है पाकिस्तान'

कोच मनीष ओझा ने जी न्यूज के साथ बातचीत में कहा, 

''पाकिस्तान में ये सब चलता होगा. शाहिद अफरीदी 15 सालों तक 16 साल के ही थे. इंडिया में नहीं चलता. भारतीय क्रिकेट में एज वेरिफिकेशन के लिए बीसीसीआई ने बेहद शख्त नियम बनाया है. जब कोई खिलाड़ी अंडर-16 के लेवल पर खेलने जाता है तो उसका बोन टेस्ट होता है. उम्र का पता लगाने के लिए बोन ऑसिफिकेशन टेस्ट होता है, जिसमें एक्स-रे के माध्यम से हड्डियों के विकास और उनके जुड़ने की स्थिति को देखकर व्यक्ति की अनुमानित आयु निकाली जाती है.''

वैभव के बचपन के कोच ने आगे कहा, ''वैभव मेरे पास बहुत छोटी उम्र से आ रहा है, तब से लेकर अभी तक की तस्वीरें और वीडियो मेरे पास उपलब्ध हैं. इसके अलावा स्कूल का सर्टिफिकेट मौजूद है. मैं ये भी कहना चाहूंगा कि पाकिस्तान को जवाब देना हमारी जवाबदेही नहीं है. वो क्या बोलते हैं क्या नहीं... फर्क नहीं पड़ता. वो तो भारत को अपना दुश्मन मानते हैं तो फिर वैभव सूर्यवंशी को इस उम्र में इतना अच्छा खेलते देख, उन्हें खुशी कैसे होगी? उनके बड़े-बड़े स्टार खिलाड़ी जो नहीं कर पा रहे, वो वैभव 15 साल की उम्र में कर रहा है, तो जाहिर है कि तकलीफ तो होगी ही.''

तनवीर अहमद का बेतुका बयान

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 टूर्नामेंट में जब वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ मैच में 204 रनों की रिकॉर्डतोड़ पारी खेली और 28 छक्के जड़े तो पाकिस्तान के पूर्व गेंदबाज तनवीर अहमद के होश उड़ गए. दुनिया वैभव की तारीफ किए बिना नहीं थक रही थी, लेकिन तनवीर उनकी उम्र पर सवाल उठाने में लगे थे. एक पॉडकास्ट में, पाकिस्तान के खिलाड़ी ने तर्क दिया कि 15 साल की उम्र के किसी व्यक्ति में ऐसी पारी खेलने के लिए जरूरी ताकत नहीं हो सकती. उन्होंने यहां तक कह दिया कि सूर्यवंशी की उम्र 20 से 21 साल के बीच हो सकती है.

तनवीर अहमद ने कहा, ''वो 15 साल का नहीं है. वह कम से कम 20 या 21 साल का है. कोई बच्चा चाहे कितना भी प्रतिभाशाली क्यों न हो, 15 साल का खिलाड़ी एक पारी में 28 छक्के नहीं लगा सकता. वह गेंद को उस तरह से नहीं मार सकता.''

तनवीर अहमद ने आगे कहा कि 15 साल के बच्चे का शरीर इतना मजबूत नहीं हो सकता. उसकी बांहों और कंधों में इतनी ताकत नहीं हो सकती. मुझे यकीन नहीं है कि वह 15 साल का है. हो सकता है कि वो 20 या 21 साल का हो. उसकी उम्र की जांच करवाएं. मुझे इस बात पर यकीन नहीं है.

वैभव सूर्यवंशी ने खेली ऐतिहासिक पारी

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने इंडिया ए की तरफ से खेलते हुए यूएई के खिलाफ हुए मैच में 53 गेंदों पर 204 रनों की करिश्माई पारी खेली थी. इस शानदार पारी के दौरान उन्होंने 28 छक्के जड़े थे. वैभव लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक और सबसे तेज डबल सेंचुरी जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. इसके अलावा उनके नाम वनडे क्रिकेट के किसी एक पारी में सबसे अधिक छक्के जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हो गया है. इस मामले में उन्होंने किसी खिलाड़ी को नहीं बल्कि पूरी टीम को ही पीछे छोड़ दिया है. इंग्लैंड के नाम वनडे में एक पारी में सबसे अधिक 26 सिक्स जड़ने का रिकॉर्ड था, जो अब टूट चुका है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More