App

टूट जाएगा लारा का महारिकॉर्ड? टेस्ट में अकेले 500 रन ठोकेंगे वैभव सूर्यवंशी, पीटरसन की बड़ी भविष्यवाणी

इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज केविन पीटरसन ने बड़ी भविष्यवाणी करते हुए अपने X हैंडल पर लिखा कि वैभव सूर्यवंशी आने वाले 5 सालों के अंदर टेस्ट क्रिकेट में 500 रन ठोकेंगे. ऐसा होता है तो पूर्व महान बल्लेबाज ब्रायन लारा का 22 साल पुराना रिकॉर्ड टूट जाएगा.

टूट जाएगा लारा का महारिकॉर्ड? टेस्ट में अकेले 500 रन ठोकेंगे वैभव सूर्यवंशी, पीटरसन की बड़ी भविष्यवाणी
Image Credit: टेस्ट में 500 रन ठोकेंगे वैभव सूर्यवंशी, पीटरसन की बड़ी भविष्यवाणी (BCCI/X)

पूरा क्रिकेट जगत इस समय वैभव सूर्यवंशी की बात कर रहा है. 15 साल की उम्र में ही उन्होंने दुनियाभर के क्रिकेट फैंस को अपना दीवाना बना लिया है. एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में यूएई के गेंदबाजों को दिन में तारे दिखाते हुए वैभव ने 53 गेंदों पर 204 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली. उन्होंने महज 28 गेंदों पर शतक जड़ा और फिर 52 गेंदों पर डबल सेंचुरी पूरी की. उनकी इस तूफानी पारी के दम पर इंडिया ए टीम ने 250 रनों का लक्ष्य को 14.2 ओवर में ही हासिल कर लिया. अब इंग्लैंड के पूर्व धुरंधर बल्लेबाज केविन पीटरसन ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ी भविष्यवाणी कर दी है.

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने अपने X (एक्स) हैंडल पर लिखा कि मेरी भविष्यवाणी है कि आने वाले 5 सालों के अंदर वैभव सूर्यवंशी टेस्ट में 500 रन बनाएंगे. बता दें कि 15 साल के खिलाड़ी भारत की टी20 टीम का हिस्सा तो हैं, लेकिन उन्हें वनडे इंटरनेशनल और टेस्ट में डेब्यू का इंतजार है.

टेस्ट में 500 रन ठोकेंगे वैभव सूर्यवंशी?

वैभव सूर्यवंशी ने भले ही टेस्ट क्रिकेट में अभी तक डेब्यू नहीं किया है, लेकिन इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज केविन पीटरसन का मानना है कि आने वाले 5 सालों के अंदर वैभव इस फॉर्मेट में भारत के लिए अकेले 500 रन बनाएंगे. अगर पीटरसन की भविष्यवाणी सच हुई तो ये वर्ल्ड रिकॉर्ड होगा. टेस्ट क्रिकेट के 149 सालों के इतिहास में अभी तक किसी बल्लेबाज ने अकेले 500 रन नहीं बनाए हैं.

ब्रायन लारा के नाम है वर्ल्ड रिकॉर्ड

टेस्ट में उच्चतम व्यक्तिगत स्कोर करने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के पूर्व महान बल्लेबाज ब्रायन लारा के नाम दर्ज है. उन्होंने 22 साल पहले इंग्लैंड के खिलाफ एंटीगुआ में खेले गए टेस्ट में 582 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 400 रन बनाए थे. इस रिकॉर्डतोड़ पारी के दौरान उन्होंने 43 चौके और 4 छक्के जड़े थे.

लिस्ट ए के सबसे तेज शतकवीर और डबल सेंचुरियन

यूएई के खिलाफ मैच में वैभव सूर्यवंशी ने बल्ले से तांडव दिखाया और 28 छक्के और 7 चौकों की मदद से 53 गेंदों पर 204 रन बनाए. उन्होंने 28 गेंदों पर शतक और 52 गेंदों पर डबल सेंचुरी जड़ी. वो लिस्ट ए क्रिकेट के सबसे तेज शतकवीर और सबसे तेज डबल सेंचुरी जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं.

रेड बॉल से कैसा है वैभव का रिकॉर्ड?

15 साल के स्टार बल्लेबाज ने लिमिटेड ओवर फॉर्मेट में तो अपनी अलग पहचान बना ली है, लेकिन रेड बॉल से छाप छोड़ना बाकी है. वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक 11 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले हैं और 23.47 की साधारण औसत से 399 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल है. आंकड़े ये बता रहे हैं कि केविन पीटरसन ने भले ही 500 रन की बड़ी भविष्यवाणी कर दी है, लेकिन वैभव को लंबे फॉर्मेट में अभी बहुत सुधार की जरूरत है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More