)
दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक एनवीडिया के लिए प्रोसेसर बेचना अब सिर्फ कारोबार का फैसला नहीं रह गया है. अमेरिकी सरकार लगातार इस कोशिश में है कि कंपनी की एडवांस टेक्नोलॉजी चीन तक न पहुंच पाए.
साथ ही कंपनी इस बात की भी बारीकी से जांच कर रही है कि उसके चिप्स आखिर कहां जा रहे हैं और उनका इस्तेमाल कौन कर रहा है. इसी जांच की वजह से दक्षिण-पूर्व एशिया के चार देशों में सर्वर की सप्लाई फिलहाल रोक दी गई है.
Nvidia told manufacturing partners to stop shipping servers containing its chips to Malaysia, Singapore, Thailand and Indonesia, following US curbs, according to the Financial Times. However, the length of the halt remains uncertain https://t.co/whnmdDJRmK https://t.co/v5WhKvRY7K
— Reuters (@Reuters) November 27, 2026
द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक एनवीडिया ने डेल और सुपर माइक्रो कंप्यूटर जैसे अपने पार्टनर्स से कहा है कि वे मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड और इंडोनेशिया में चिप्स भेजना अस्थायी रूप से बंद कर दें. ये रोक कब तक रहेगी, इसकी कोई आखिरी तारीख नहीं बताई गई है.
कंपनी इस दौरान ये जांच कर रही है कि इस इलाके में काम करने वाले उसके पार्टनर अमेरिकी एक्सपोर्ट नियमों का ठीक से पालन कर रहे हैं या नहीं.
सवाल य है कि अचानक ये चार देश जांच के घेरे में क्यों आ गए. दरअसल, कई चीनी कंपनियां सीधे चिप खरीदने के बजाय मलेशिया और आसपास के देशों के डेटा सेंटर में लगे एनवीडिया सर्वर का दूर से यानी रिमोट तरीके से इस्तेमाल कर रही थीं.
इस रास्ते पर वाशिंगटन की नजर पड़ गई. अमेरिका ने हाल ही में अपने एक्सपोर्ट नियम कड़े किए हैं, जिससे चीन के बाहर बने डेटा सेंटर के जरिए भी प्रतिबंधित कंप्यूटिंग पावर का इस्तेमाल न हो सके.
इस मामले की गंभीरता आंकड़ों से समझी जा सकती है. रिपोर्ट में थिंक टैंक इंस्टीट्यूट फॉर प्रोग्रेस के हवाले से बताया गया है कि मलेशिया और दूसरी बाहरी जगहों पर मौजूद रिमोट डेटा सेंटर चीन की कुल एडवांस कंप्यूटिंग पावर का करीब 24 फीसदी हिस्सा उपलब्ध करा रहे थे.
मामले से जुड़े एक जानकार के मुताबिक एनवीडिया अमेरिकी सरकार की शर्तों को पूरा करने के लिए अपने पार्टनर्स की जांच बढ़ा रही है. सप्लाई दोबारा शुरू करने की एक प्रक्रिया जरूर है, लेकिन ये कब तक होगा ये साफ नहीं किया गया है.
इस रोक का असर सिर्फ और एनवीडिया सर्वर बनाने वाली कंपनियों तक सीमित नहीं रहेगा. इन चार देशों में एनवीडिया चिप्स का इस्तेमाल करने की प्लान बना रही क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनियों और अमेरिकी फर्मों के काम में देरी हो सकती है.
इसके अलावा जो डेटा सेंटर प्रोजेक्ट फंड जुटा रहे हैं, उन्हें भी अब कर्ज देने वाले संस्थानों से सतर्क रुख का सामना करना पड़ सकता है. जब तक स्थिति साफ नहीं होती, तब तक नए निवेश पर भी असर पड़ने की आशंका है.
इसका एक बड़ा उदाहरण फर्मस ग्रिड नाम की कंपनी है, जिसमें एनवीडिया का भी निवेश है. इस कंपनी ने सितंबर में मलेशिया में ओपन एआई के लिए दो डेटा सेंटर प्रोजेक्ट शुरू करने का ऐलान किया था.
बाद में कंपनी ने यह भी बताया कि मेटा उसके दक्षिण-पूर्व एशियाई सेंटर से एनवीडिया चिप्स किराए पर लेगा. इसके अलावा इंडोनेशिया और सिंगापुर में भी इसके प्रोजेक्ट चल रहे हैं.
साफ है कि अमेरिका और चीन की बढ़ती होड़ में अब दूसरे देशों के लिए भेजी जाने वाली सप्लाई भी कड़ी निगरानी में आ गई है.