SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

21 चौके-छक्के और 142 रन: कंगारुओं पर कहर बनकर टूटे डेविड मिलर, तोड़ दिया धोनी-युवराज का प्रचंड रिकॉर्ड

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में शानदार शतक ठोककर डेविड मिलर ने इतिहास रच दिया. वो वनडे क्रिकेट में नंबर-5 या इससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सबसे अधिक शतक जड़ने के मामले में संयुक्त रूप से शिखर पर पहुंच गए हैं.

Written By Ritesh Kumar
Published: Sep 27, 2026, 07:13 PM IST | Updated: Sep 27, 2026, 07:35 PM IST
Image Credit: AI Graphic
Join

South Africa vs Australia: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में साउथ अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज डेविड मिलर ने बता दिया कि फैंस क्यों उन्हें 'किलर मिलर' कहते हैं. जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में कंगारू गेंदबाजों की जबरदस्त धुनाई करते हुए उन्होंने 93 गेंदों पर 142 रनों की विस्फोटक पारी खेली. बाएं हाथ के धाकड़ बल्लेबाज ने इस दौरान 12 चौके और 9 छक्के जड़े. मिलर के अलावा प्रोटियाज कप्तान टेम्बा बावुमा ने भी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया और अपने ODI करियर का छठा शतक ठोका. दोनों के बीच 132 गेंदों पर 156 रनों की साझेदारी हुई.

टेम्बा बावुमा 116 गेंदों पर 103 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन डेविड मिलर ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को राहत की सांस नहीं लेने दी. आखिरी ओवरों में उन्होंने अपना रौद्र रूप अपनाया और चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए साउथ अफ्रीका का स्कोर 365 रनों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. मिलर ने अपने वनडे इंटरनेशनल करियर का 8वां शतक जड़कर इतिहास रच दिया.

धोनी और युवराज से आगे निकले मिलर

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में शानदार शतक ठोककर डेविड मिलर ने इतिहास रच दिया. वो वनडे क्रिकेट में नंबर-5 या इससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सबसे अधिक शतक जड़ने के मामले में संयुक्त रूप से शिखर पर पहुंच गए हैं. इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर ने भी इस नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 8 सेंचुरी जड़ी है. ODI करियर का आठवां शतक जड़कर डेविड मिलर ने भारत के दो पूर्व दिग्गज बल्लेबाजों एमएस धोनी और युवराज सिंह को पीछे छोड़ दिया.

धोनी और युवराज दोनों ने ODI में नंबर-5 या इससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 7 शतक ठोके थे. डेविड मिलर ने इन दोनों को पीछे छोड़ दिया है और अब उनकी लड़ाई इंग्लैंड के जोस बटलर से है.

नंबर 5 या उससे नीचे के क्रम पर सबसे ज़्यादा वनडे शतक

8 - जोस बटलर
8 - डेविड मिलर
7 - एमएस धोनी
7 - युवराज सिंह

डेविड मिलर के सबसे बड़े ODI स्कोर

142 बनाम ऑस्ट्रेलिया (जोहान्सबर्ग, आज)*
139 बनाम ऑस्ट्रेलिया (होबार्ट, 2018)
138* बनाम जिम्बाब्वे (हैमिल्टन, 2015)
130 बनाम वेस्टइंडीज (गकेबेरहा, 2025)
118* बनाम ऑस्ट्रेलिया (डरबन, 2016)
117* बनाम श्रीलंका (डरबन, 2017)
101 बनाम ऑस्ट्रेलिया (ईडन गार्डन्स, 2023)
100* बनाम न्यूजीलैंड (लाहौर, 2025

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिलर का 'किलर' रिकॉर्ड

ऑस्ट्रेलिया को सामने देखते ही डेविड मिलर अपना सबसे खतरनाक रूप धारण कर लेते हैं. कंगारुओं के खिलाफ उनके आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं. साउथ अफ्रीकी बैटर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI में अब तक खेले गए 28 पारियों में 59.2 की औसत और 106.95 के स्ट्राइक रेट से 1184 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे अधिक शतक जड़ने वाले साउथ अफ्रीकी खिलाड़ियों की सूची में मिलर अब दूसरे स्थान पर आ गए हैं. पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेलिस अभी भी पहले नंबर पर हैं, जिन्होंने 5 शतक ठोका है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES