App

राजस्वकर्मी की हत्या से फूटा गुस्सा, रांची के सभी अंचल कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह ठप

राजस्वकर्मी की हत्या के विरोध में रांची के सभी अंचल कार्यालयों में कामकाज ठप रहा. राजस्वकर्मी लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के विरोध में कर्मचारी सड़क पर उतरे. आक्रोशित राजस्व कर्मचारियों ने मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की.

राजस्वकर्मी की हत्या से फूटा गुस्सा, रांची के सभी अंचल कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह ठप
Image Credit: राजस्वकर्मी की हत्या के विरोध में रांची के सभी अंचल कार्यालयों में कामकाज ठप (Z News)

झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम स्थित बालाजी नगर में राजस्वकर्मी लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के विरोध में सोमवार को जिले के सभी अंचल कार्यालयों में कामकाज ठप रहा. आक्रोशित राजस्व कर्मचारियों ने हत्याकांड का जल्द खुलासा करने और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की. कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मिलकर अपनी मांगों का ज्ञापन भी सौंपा.

राजस्व कर्मचारियों ने हत्या को सरकारी कर्मियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है. इस घटना से कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है.

उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की. हत्या के विरोध में जिले के विभिन्न अंचलों में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत सहकर्मी को श्रद्धांजलि दी गई. कर्मचारियों के काम से दूर रहने के कारण सोमवार को अंचल कार्यालयों में राजस्व संबंधी कामकाज प्रभावित हुआ.

लक्ष्मीकांत मुंडा के शव का रविवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया था. देर शाम बुंडू स्थित उनके पैतृक गांव दलकीडीह में अंतिम संस्कार किया गया. उधर, पुलिस हत्याकांड की जांच में जुटी है. ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर घटना से जुड़े सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है.

पुलिस ने मामले में 12 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है. जांच में प्रेम प्रसंग, लूटपाट और जमीन विवाद समेत विभिन्न संभावित पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है. हालांकि, अब तक हत्या की वजह और इसमें शामिल लोगों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है. राजस्व कर्मचारियों ने प्रशासन से जांच में तेजी लाने और हत्याकांड का जल्द खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग दोहराई है.

इनपुट: आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More