)
गुवाहाटी से शरीफुद्दीन की रिपोर्ट
असम की राजधानी गुवाहाटी के लाचित नगर में सोमवार रात करीब 9 बजे ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना हुई. होटल बिलास इन के पास बोरा सर्विस इलाके में कल्याण ज्वेलर्स के आउटलेट के नजदीक एक गली में हुई इस वारदात में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई. पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत के मुताबिक, इस गोलीबारी में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है. मृतकों में चार लोग होटल मालिक के परिवार से थे, जबकि पांचवां व्यक्ति उनके गांव का रहने वाला था. मृतकों में होटल की मालकिन हेलेना भराली और उनके बेटे देवर्षि कश्यप भी शामिल हैं.
वहीं, गोलीबारी में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है. उसकी पहचान 42 वर्षीय सत्येन पाठक के रूप में हुई है. उनके कंधे में गोली लगी है और फिलहाल गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) में उनका इलाज चल रहा है. वह भी होटल मालिक के गांव के रहने वाले हैं.
पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान घनकांत गोगोई के रूप में की है. उसे पलटन बाजार पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, आरोपी ने वारदात को अपनी लाइसेंसी 32 बोर की पिस्तौल से अंजाम दिया था. पुलिस ने हथियार भी जब्त कर लिया है.
Guwahati, Assam: One person was reportedly killed and several others injured after unidentified individuals opened fire at a hotel on GS Road near Bora Service. The injured were taken to GMCH for treatment. Further details awaited. https://t.co/5mbfj1emCx
— IANS (@ians_india) October 26, 2026
गुवाहाटी में मौजूद जी न्यूज के रिपोर्टर शरीफुद्दीन के मुताबिक, गोलीबारी में होटल बिलास इन की मालकिन हेलेना भराली, उनके बेटे देबर्षी कश्यप और उनके ड्राइवर की भी मौत हो गई है. वहीं, गंभीर रूप से घायल नारायण दास ने गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) में दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं. पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंता भी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने इलाके में जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
पुलिस की शुरुआती जांच में जमीन या संपत्ति के मालिकाना हक को लेकर पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, गोलीबारी के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है.
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध शूटरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस हमलावरों की पहचान, वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों और गोलीबारी के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. मामले की जांच जारी है.