App

'रामायण' की टिकट बुक करने से पहले जान लें 2D, 3D, IMAX और 4DX का फर्क, किसमें मिलेगा सबसे शानदार एक्सपीरियंस?

रणबीर कपूर, यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' का अगर आप बेहतरीन एक्सपीरियंस चाहते है तो उससे पहले आप 2D, 3D, IMAX 3D और 4DX फॉर्मेट में अतंर जान लें. आज हम आपको इन फॉर्मेट्स के बारे में ही बताने जा रहे हैं.

'रामायण' की टिकट बुक करने से पहले जान लें 2D, 3D, IMAX और 4DX का फर्क, किसमें मिलेगा सबसे शानदार एक्सपीरियंस?
Image Credit: ‘रामायण’ के लिए कौन-सी टिकट खरीदें?

बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' का हर किसी को बेसब्री से इंतजार है. फिल्म सिनेमाघरों में 6 नवंबर को रिलीज होने वाली है. ऐसे में फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शुरू हो गई है. अगर आप भी फिल्म की टिकट बुक करने जा रहे हैं, तो आपके सामने कई फॉर्मेट नजर आएंगे. इनमें 2D, 3D, IMAX 3D, 4DX 3D, 3D SCREEN X और ICE 3D जैसे नाम नजर आएंगे. अब आप इन सभी नामों को देखने के बाद सोचेंगे कि आखिर इन सबमें अंतर क्या होता है? तो चलिए, ऐसे में हम आपको बताते हैं कि आपको फिल्म किस फॉर्मेट में देखने का बेहतरीन अनुभव मिलेगा और किस टिकट में पैसे कम खर्च होंगे.

2D फॉर्मेट

अगर आप 'रामायण' फिल्म के लिए 2D फॉर्मेट को चुनते हैं, तो यह वही फॉर्मेट है, जिसमें आप सालों से सिनेमाघरों में फिल्में देखते आ रहे हैं. इस फॉर्मेट में फिल्म एक फ्लैट स्क्रीन पर नजर आएगी. इसका एक्सपीरियंस काफी हद तक आपको टीवी या लैपटॉप पर फिल्म देखने जैसा लगेगा. हालांकि, थिएटर में स्क्रीन बड़ी होती है और साउंड सिस्टम काफी अलग होता है, जो इसे खास बना देता है.

3D फॉर्मेट

वहीं, अगर आप फिल्म देखने के लिए 3D फॉर्मेट को चुनते हैं, तो इसे देखने के लिए आपको खास चश्मा पहनना पड़ेगा. चश्मे की मदद से आपको स्क्रीन पर दिखाई देने वाले फिल्म के सीन में काफी डेप्थ फील होती है. यानी आपको फिल्म के सीन ऐसे लगते हैं, जैसे वे स्क्रीन से बाहर आपकी तरफ आ रहे हों. खासकर बड़े विजुअल्स, एक्शन और शानदार लोकेशन्स वाले सीन में इसका अलग अनुभव मिलता है. अगर आप फिल्म के सीन को पास से देखना चाहते हैं, तो आप यह वाला फॉर्मेट चुन सकते हैं.

IMAX 3D

अगर आप फिल्म को बड़ी स्क्रीन पर शानदार विजुअल्स और दमदार साउंड के साथ देखना चाहते हैं, तो आप आईमैक्स थ्री-डी फॉर्मेट में देख सकते हैं. इसमें बड़े आकार की स्क्रीन, खास प्रोजेक्शन तकनीक और थिएटर के हिसाब से तैयार किया गया साउंड सिस्टम फिल्म देखने के अनुभव को बेहतरीन बनाते हैं. अगर आप फिल्म के बेहतरीन सीन और दमदार आवाज का अनुभव करना चाहते हैं, तो आप इस फॉर्मेट में फिल्म देख सकते हैं.

4DX 3D

वहीं, अगर आप फिल्म को देखते वक्त सिर्फ स्क्रीन पर ही नहीं, बल्कि आसपास भी कुछ होता हुआ महसूस करना चाहते हैं, तो आप फिल्म को फोर-डीएक्स थ्री-डी फॉर्मेट में देख सकते हैं. इस फॉर्मेट में फिल्म के सीन के हिसाब से सीटें हिलती हैं और थिएटर में हवा, पानी की हल्की फुहारें, रोशनी या कुछ अलग इफेक्ट्स देखने को मिलते हैं. इस फॉर्मेट में आपको मजेदार इफेक्ट्स देखने को मिलेंगे. अगर आपको एक्शन और रोमांच पसंद है, तो आप इस फॉर्मेट में टिकट खरीद सकते हैं.

3D SCREEN X

अगर आप फिल्म को सिनेमाघरों में केवल सामने वाली स्क्रीन पर ही नहीं, बल्कि थिएटर की दोनों साइड वाली दीवारों पर भी देखने का एक्सपीरियंस चाहते हैं, तो आप थ्री-डी स्क्रीन एक्स फॉर्मेट की टिकट खरीद सकते हैं. इस फॉर्मेट में कुछ सीन देखने का दायरा काफी बढ़ जाता है. इस फॉर्मेट को 270 डिग्री व्यूइंग एक्सपीरियंस के तौर पर पेश किया जाता है. इसमें आपको चारों तरफ फैले हुए विजुअल्स नजर आते हैं. इस फॉर्मेट में फिल्म देखने का एक्सपीरियंस बेहद दिलचस्प रहेगा.

ICE 3D 

वहीं, आप आईस थ्री-डी फॉर्मेट में भी फिल्म देख सकते हैं. इस फॉर्मेट में फिल्मों की मुख्य स्क्रीन के अलावा उसके आसपास की दीवारों पर लगी एलईडी लाइटिंग का इस्तेमाल किया जाता है. ये लाइट्स फिल्म के सीन और माहौल के हिसाब से रंग बदल सकती हैं. इस फॉर्मेट में आपको काफी अच्छा अनुभव मिलेगा.

कितनी हुई 'रामायण' फिल्म की एडवांस बुकिंग?

वहीं, रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' की एडवांस बुकिंग के कलेक्शन की बात करें तो ये काफी जबरदस्त कमाई कर रही है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, 'रामायण' की 2.17 लाख टिक्ट्स की एडवांस बुकिंग हो चुकी है. फिल्म ने 11.94 करोड़ रुपये में से हिंदी 3D ने 6.47 करोड़ और हिंदी IMAX 3D ने 2.65 करोड़ का कलेक्शन किया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kajol Gupta

Kajol Gupta

काजोल गुप्ता जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले साढ़े 3 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, बिहार-झारखंड और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद बीते 2 साल से उन्होंने जी न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया. अभी फिलहाल वह एंटरटेनमेंट बीट पर ही एक्टिव हैं. जी न्यूज से पहले उन्होंने सुदर्शन चैनल, इनखबर वेबसाइट और फ्रीलांस काम किया है. पिछले साढ़े तीन साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने मास कम्युनिकेशन में सिंघानिया यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में ही पोस्ट ग्रेजुएशन की है. पत्रकारिता के साथ उन्हें कहानियां लिखने का भी काफी शौक है. आप काजोल के साथ kajol.gupta@India.com पर या एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट कर सकते है. सीधे ईमेल पर इनसे जुड़ सकते हैं.     
Read More