SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सन्न रह गया क्रिकेट जगत: साउथ अफ्रीका के गेंदबाज ने 1 ही ओवर में झटके 5 विकेट, टी20 में रचा इतिहास

साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज चैड लेकॉक ने टी20 क्रिकेट में नया रिकॉर्ड बनाया है. वह टी20 में एक ओवर में 5 विकेट लेने वाले साउथ अफ्रीका के पहले गेंदबाज हैं. उन्होंने यह रिकॉर्ड सीएसए टी20 चैलेंज में बनाया.

Written By Rohit Raj
Published: Oct 14, 2026, 07:59 PM IST | Updated: Oct 14, 2026, 08:18 PM IST
Image Credit: चैड लेकॉक. Cricket South Africa
Join

साउथ अफ्रीका के गेंदबाज चैड लेकॉक ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. वह मेंस टी20 के एक ही ओवर में 5 विकेट हासिल करने वाले अपने देश के पहले गेंदबाज बन गए. उन्होंने यह रिकॉर्ड सीएसए टी20 चैलेंज (CSA T20 Challenge) टूर्नामेंट में बनाया. अब तक कगिसो रबाडा, लुंगी एंगिडी और एनरिच नॉर्खिया जैसे खूंखार फास्ट बॉलर किसी भी स्तर पर यह उपलब्धि हासिल नहीं कर पाए थे.

सीएसए टी20 चैलेंज में KZN इनलैंड (टस्कर्स) के लिए टाइटंस के खिलाफ इस गेंदबाज ने अपने चार ओवर में 26 रन दिए. इस दौरान उन्होंने 6 विकेट झटके. यह उनके टी20 करियर का बेस्ट प्रदर्शन भी है. वह मेंस टी20 क्रिकेट में ऐसे चौथे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने एक ओवर में 5 विकेट का कारनामा अपने नाम किए हों.

मिथुन ने हरियाणा के खिलाफ रचा इतिहास

लेकॉक से पहले अब तक तीन गेंदबाजों ने यह उपलब्धि हासिल की थी. भारत के अभिमन्यु मिथुन, बांग्लादेश के अल अमीन हुसैन और इंडोनेशिया के गेडे प्रियांदाना ने 1 ओवर में 5 विकेट लेने का कारनामा किया था. मिथुन की बात करें तो उन्होंने 2019-20 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान कर्नाटक के लिए हरियाणा के खिलाफ इतिहास रचा था. उनके अलावा अल अमीन हुसैन ने यूसीबी-बीसीबी XI के लिए 2013-14 में विक्ट्री डे कप टी20 कप के दौरान अबाहानी लिमिटेड के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी.

ये भी पढ़ें: आईसीसी टेस्ट रैंकिंग: 190 रन बनाने वाले मैट रेनशॉ ने लगाई 149 स्थानों की छलांग, टॉप-10 में भारत के दो बल्लेबाज

टी20 इंटरनेशनल का अनोखा रिकॉर्ड

अगर टी20 इंटरनेशल मैचों की बात करें तो अब तक सिर्फ एक गेंदबाज ने एक ओवर में 5 विकेट लिया है. यह कारनामा इंडोनेशिया के गेंदबाज गेडे प्रियांदाना ने कर दिखाया था. उन्होंने दिसंबर 2025 में कंबोडिया के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी. वह महिला या पुरुष टी20 इंटरनेशनल मैच में इस तरह का रिकॉर्ड बनाने वाले दुनिया के इकलौते गेंदबाज हैं.

ये भी पढ़ें: आईपीएल 2027 ट्रेड: दिल्ली कैपिटल्स ने ढूंढा कुलदीप यादव का रिप्लेसमेंट, बदले में SRH को मिले टी नटराजन

19वें ओवर में बरपाया कहर

लेकॉक ने 1 ओवर में 5 विकेट लेकर इतिहास तो रच दिया, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए. टस्कर्स को इस मैच में 21 रनों से हार का सामना करना पड़ा. टाइटंस ने 18 ओवर में 4 विकेट पर 193 रन बनाए थे. इसके बाद लेकॉक बॉलिंग के लिए आए. उन्होंने 19वें ओवर में कहर बरपा दिया. इस गेंदबाज ने पहली गेंद पर ल्यूस डु प्लूई को बोल्ड किया. दूसरी बॉल पर दियान गालिएम ने दो रन बनाए. अंतिम चार गेंदों पर लेकॉक ने गालिएम, अफिवे मन्यांडा, जांको स्मिट और एसोसा एहेवबा का शिकार किया. टाइटंस ने 19.5 ओवर में 204 रन बनाए. जवाब में टस्कर्स की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 183 रन ही बना सकी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES