)
चार साल के लंबे इंतजार के बाद स्टार तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी तो हुई, लेकिन बारिश ने फैंस के अरमानों पर पानी फेर दिया. बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया भारत बनाम वेस्टइंडीज टी20 सीरीज का आखिरी मैच बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया. इसके कारण फैंस भुवी को गेंदबाजी करते नहीं देख पाए. हालांकि, लंबे समय बाद उन्हें टीम इंडिया की ड्रेसिंग रूम में देखकर भी फैंस को सुकून मिला, लेकिन जब करीब से देखा तो थोड़ा झटका भी लगा. आइए इसके पीछे की वजह जानते हैं.
दरअसल, जब 1425 दिनों बाद भुवनेश्वर कुमार भारतीय ड्रेसिंग रूम में पहुंचे तो उन्हें वो जर्सी नंबर नहीं मिला, जो वो पहना करते थे. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू से लेकर 2022 तक भुवी भारत के लिए 15 नंबर की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरते थे. लेकिन अब ये नंबर किसी और के पास है, जिसकी वजह से अनुभवी खिलाड़ी को त्याग करना पड़ा.
बड़ा सवाल ये है कि आखिर भुवनेश्वर कुमार का जर्सी नंबर क्यों बदल गया, क्योंकि आमतौर पर जब तक कोई खिलाड़ी संन्यास का ऐलान नहीं करता है, तब तक उसका जर्सी नंबर नहीं बदला जाता है. हालांकि, भुवी के मामले में ऐसा नहीं हुआ. 26 वर्षीय तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने इसी साल जुलाई में अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में भारत के लिए ODI डेब्यू किया था. उन्हें 15 नंबर की जर्सी मिली, जो पहले भुवी का हुआ करता था. यही वजह है कि भुवनेश्वर कमबैक मैच में 15 नंबर की जर्सी में नहीं दिखे.
भुवनेश्वर कुमार सीनियर खिलाड़ी है और वो चाहते तो अपने पुराने नंबर की मांग कर सकते थे. लेकिन भुवी ने बड़ा दिल दिखाते हुए अपने पुराने नंबर को त्याग दिया और नंबर-78 को अपनाया. उन्होंने इस संख्या को इसलिए चुना, क्योंकि 7 और 8 को जोड़ने पर 15 होता है, जिससे उनका पुराना कनेक्शन है. यही वजह है कि फैंस भुवनेश्वर की जमकर तारीफ कर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने गुरनूर के लिए अपने पुराने नंबर का बलिदान दिया और नंबर-78 को अपनाया.
शायद किस्मत को भी यही मंजूर था कि भुवनेश्वर कुमार उसी जगह पर कमबैक करें, जहां उन्होंने भारत के लिए आखिरी मुकाबला खेला था. जी हां, भुवी ने आखिरी T20I मैच न्यूजीलैंड की धरती पर ही खेला था. अब वहीं, वो वापसी करने के लिए तैयार हैं. स्टार स्विंग गेंदबाज ने अब तक 88 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 90 विकेट चटकाए हैं.