App

अर्शदीप सिंह ने झटके 4 विकेट, विराट कोहली ने बनाए 76 रन, फिर अंशुल कंबोज क्यों बने प्लेयर ऑफ द मैच? बनाया गजब रिकॉर्ड

भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में आसान जीत हासिल की. उसने बारिश से प्रभावित मुकाबले को 5 विकेट से अपने नाम किया. इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने पहले कहर बरपाया और फिर विराट कोहली ने अपनी जोरदार पारी से फैंस को रोमांचित किया.

अर्शदीप सिंह ने झटके 4 विकेट, विराट कोहली ने बनाए 76 रन, फिर अंशुल कंबोज क्यों बने प्लेयर ऑफ द मैच? बनाया गजब रिकॉर्ड
Image Credit: अंशुल कंबोज. X/@BCCI

भारत ने ऑकलैंड में 23 साल के इंतजार को खत्म करते हुए आखिरकार वहां न्यूजीलैंड की टीम वनडे मैच में हरा दिया. टीम इंडिया ने ईडेन पार्क में 2003 के बाद कीवी टीम को 50 ओवर के मैच में हराया है. इसका श्रेय सुपरस्टार विराट कोहली की जबरदस्त पारी के साथ-साथ अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार और अंशुल कंबोज की गेंदबाजी तिकड़ी को भी जाता है. तीनों ने मिलकर न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों का बोरिया-बिस्तर बांध दिया. अंशुल ने 10 ओवर में सिर्फ 22 रन दिए और उन्हें दो विकेट मिले. इस किफायती गेंदबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला.

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. न्यूजीलैंड की टीम 40.2 ओवर में 185 रनों पर सिमट गई. अर्शदीप सिंह ने 10 ओवर में 70 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए. गुरनूर ने 9.2 ओवर में 44 रन देकर तीन विकेट लिए. अंशुल कंबोज ने 10 ओवर में सिर्फ 22 रन दिए. उन्होंने मिचेल सैंटनर और नाथन स्मिथ को आउट कर दिया. भारत ने बारिश के कारण 32 ओवर में मिले 143 रन के टारगेट को आसानी से हासिल कर लिया.

 

 

कोहली ने 51 गेंद पर बनाए 74 रन

टीम इंडिया ने 22.4 ओवर में पांच विकेट पर 143 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया. विराट कोहली ने 51 गेंदों पर 74 रन की तेज पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में 13 चौके और एक छक्का लगाया. कप्तान शुभमन गिल ने 37 रनों का योगदान दिया. कोहली को जबरदस्त बल्लेबाजी के बावजूद प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड नहीं मिला. इसे लेकर सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई कि दो विकेट लेने वाले को यह पुरस्कार क्यों मिला? कुछ लोगों का मानना है कि कंबोज जैसी किफायती गेंदबाजी काफी कम देखने को मिलती है और उन्होंने एक छोर से कीवियों को रन नहीं बनाने दिया. इस कारण टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी.

कंबोज के नाम खास उपलब्धि

अंशुल कंबोज ने अवॉर्ड जीतकर एक खास उपलब्धि हासिल की. वह मैच में बिना एक भी गेंद खेले और दो या उससे कम विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाले भारतीय गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए. 2023 के बाद पहली टीम इंडिया के लिए ऐसा हुआ है. पिछली बार 2023 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ जसप्रीत बुमराह ने ऐसा किया था. उन्होंने बल्लेबाजी नहीं की थी और 19 रन देकर दो विकेट हासिल किए थे. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था.

बिना गेंद खेले POTM जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी और 2 या उससे कम विकेट (ODI)

2/22- अंशुल कंबोज बनाम न्यूजीलैंड, ऑकलैंड, 2026
2/19- जसप्रीत बुमराह बनाम पाक अहमदाबाद, 2023
2/28- जसप्रीत बुमराह बनाम SA द ओवल, 2017
2/26- मोहित शर्मा बनाम ज़िम्बाब्वे बुलावायो, 2013
2/19- भुवनेश्वर कुमार बनाम पाक एजबेस्टन, 2013
2/22- अनिल कुंबले बनाम केन्या नैरोबी, 2000
2/22- जवागल श्रीनाथ बनाम NZ मुंबई ब्रेबोर्न स्टेडियम, 1995
2/29- अनिल कुंबले बनाम इंग्लैंड, लीड्स, 1990

अंशुल कंबोज ने क्या कहा?

प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने के बाद अंशुल कंबोज ने कहा, ''मुझे लगता है कि सबसे जरूरी बात एक जैसी लाइन और लेंथ थी. यह नहीं सोच रहा था कि विकेट कैसा बर्ताव कर रहा है. बस प्लान, सही लाइन औप सही एरिया में गेंदबाजी करना था. मुझे लगता है कि वॉबलसीम बॉल बहुत अच्छा काम कर रही थी. मैं उसे बार-बार इस्तेमाल कर रहा था. मैं बस लेंथ और अच्छी लाइन पर काम कर रहा था. बल्लेबाज की ताकत और कमजोरियों को देख रहा था और उसी पर काम कर रहा था.''

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More