)
ऋषभ पंत को अब भारतीय टेस्ट टीम में अपनी जगह बचाने के लिए और भी कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी. ऐसे दो विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, जो भारतीय टेस्ट टीम से ऋषभ पंत का पत्ता साफ कर सकते हैं. ध्रुव जुरेल के बाद अब ईशान किशन भी ऋषभ पंत को रिप्लेस करने का दावा ठोक रहे हैं. ईशान किशन ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल मैच में ईस्ट जोन के लिए शानदार दोहरा शतक जड़ते हुए कप्तानी पारी खेली है. साउथ जोन के खिलाफ इस फाइनल मैच में ईशान किशन ईस्ट जोन के लिए नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने उतरे और 334 गेंद पर 270 रन जड़ दिए.
ईशान किशन ने अपनी पारी के दौरान 30 चौके और 7 छक्के लगाए. ईस्ट जोन ने ईशान किशन की इस मैराथन पारी के दम पर अपनी पहली पारी में 708 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया. भारतीय क्रिकेट टीम के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर दलीप ट्रॉफी का ये फाइनल मैच देखने के लिए चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में मौजूद हैं और इस मैच में खेलने वाले क्रिकेटर्स पर उनकी पैनी नजर है. ईशान किशन ने अपनी इस बेहतरीन पारी के दम पर भारतीय टेस्ट टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज की जगह के लिए एक बार फिर अपना दावा ठोका है. ईशान किशन ने भारत के लिए अपना आखिरी टेस्ट मैच जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज दौरे पर खेला था.
मौजूदा समय में भारतीय टेस्ट टीम के लिए ऋषभ पंत स्पेशलिस्ट विकेटकीपर के तौर पर खेलते हैं. वहीं, अन्य विकेटकीपर ध्रुव जुरेल बतौर स्पेशलिस्ट बल्लेबाज प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जाते हैं. ऋषभ पंत नंबर-5 और ध्रुव जुरेल नंबर-7 पर बैटिंग करते हैं. भारतीय टेस्ट टीम की प्लेइंग इलेवन में दो विकेटकीपर्स को शामिल करने के कारण टीम मैनेजमेंट के पास किसी एक्स्ट्रा गेंदबाज और ऑलराउंडर को खिलाने का ऑप्शन नहीं बचता है. आने वाले समय में भारतीय टीम मैनेजमेंट प्लेइंग इलेवन में बेहतर बैलेंस बनाने के लिए सिर्फ एक विकेटकीपर को शामिल करने का फैसला ले सकती है. ऐसी सूरत में प्लेइंग इलेवन में ऋषभ पंत या ध्रुव जुरेल में से कोई एक विकेटकीपर ही खेल सकता है.
ऋषभ पंत की लड़ाई न सिर्फ ध्रुव जुरेल से हैं, बल्कि अब इस लिस्ट में ईशान किशन का नाम भी जुड़ चुका है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सेलेक्शन कमिटी जब न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम चुनेगी तो उन्हें ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल और ईशान किशन में से दो अच्छे विकेटकीपर बल्लेबाज स्क्वॉड में चुनने पड़ेंगे. ऐसे में सेलेक्टर्स को बहुत माथपच्ची करनी होगी. भारतीय टीम मैनेजमेंट के सामने सबसे बड़ा धर्मसंकट न्यूजीलैंड दौरे पर खड़ा होगा, जब उन्हें प्लेइंग इलेवन चुनने के दौरान ऋषभ पंत या ध्रुव जुरेल या ईशान किशन में से किसी एक विकेटकीपर बल्लेबाज को फाइनल करना पड़ेगा.
ऋषभ पंत ने भारत के लिए 52 टेस्ट मैचों की 90 पारियों में 43.82 की औसत से 3725 रन बनाए हैं. इस दौरान ऋषभ पंत के बल्ले से 8 शतक और 21 अर्धशतक निकले हैं. ऋषभ पंत का टेस्ट क्रिकेट में हाईएस्ट स्कोर 159 रन है. ऋषभ पंत ने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा 102 छक्के ठोके हैं. ऋषभ पंत ने टेस्ट क्रिकेट में विकेट के पीछे भारत के लिए कुल 184 शिकार किए हैं. ऋषभ पंत ने अपने टेस्ट करियर में बतौर विकेटकीपर 166 कैच लपके हैं. इसके अलावा उन्होंने 18 स्टंपिंग भी की है.
मैच - 52
पारियां - 90
औसत - 43.82
रन - 3725
शतक - 8
अर्धशतक - 21
चौके - 396
छक्के - 102
हाईएस्ट स्कोर - नाबाद 159
कुल शिकार - 184
कैच - 166
स्टंपिंग - 18
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ऋषभ पंत दिल्ली के लिए खेलते हैं. ऋषभ पंत ने 80 फर्स्ट क्लास मैचों की 134 पारियों में 46.50 की औसत से 5859 रन बनाए हैं, जिसमें 13 शतक और 32 अर्धशतक शामिल हैं. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ऋषभ पंत का हाईएस्ट स्कोर 308 रन है. ऋषभ पंत ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 194 छक्के ठोके हैं. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ऋषभ पंत ने 251 कैच लपकने के अलावा उन्होंने 25 स्टंपिंग भी की है.
मैच - 80
पारियां - 134
औसत - 46.50
रन - 5859
शतक - 13
अर्धशतक - 32
चौके - 622
छक्के - 194
हाईएस्ट स्कोर - 308
कैच - 251
स्टंपिंग - 25
ईशान किशन ने 2 टेस्ट मैचों में 78 की औसत से 78 रन बनाए हैं. ईशान किशन ने इस दौरान एक अर्धशतक जमाया है. ईशान किशन का टेस्ट क्रिकेट में हाईएस्ट स्कोर नाबाद 52 रन है. ईशान किशन ने विकेट के पीछे कुल 5 शिकार किए हैं. इस दौरान उन्होंने 5 कैच ही लपके हैं.
मैच - 2
औसत - 78
रन - 78
अर्धशतक - 1
हाईएस्ट स्कोर - नाबाद 52
कुल शिकार - 5
कैच - 5
ईशान किशन ने 67 फर्स्ट क्लास मैचों की 109 पारियों में 4222 रन बनाए हैं, जिसमें 10 शतक और 19 अर्धशतक शामिल हैं. ईशान किशन का हाईएस्ट फर्स्ट क्लास स्कोर 273 रन है. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ईशान किशन ने 138 कैच लपकने के अलावा उन्होंने 14 स्टंपिंग भी की है.
मैच - 67
पारियां - 109
रन - 4222
शतक - 10
अर्धशतक - 19
चौके - 493
छक्के - 99
हाईएस्ट स्कोर - 273
कैच - 138
स्टंपिंग - 14
ध्रुव जुरेल की बात करें तो उन्होंने टीम इंडिया के लिए 12 टेस्ट की 19 पारियों में 651 रन बटोरे हैं. ध्रुव जुरेल अभी तक 2 शतक और इतने ही अर्धशतक जमा चुके हैं. ध्रुव जुरेल का टेस्ट में बेस्ट स्कोर 125 रन है. विकेट के पीछे ध्रुव जुरेल ने कुल 17 शिकार किए हैं. ध्रुव जुरेल के नाम बतौर विकेटकीपर 15 कैच और 2 स्टंपिंग का रिकॉर्ड दर्ज हैं.
मैच - 12
पारियां - 19
औसत - 40.68
रन - 651
शतक - 2
अर्धशतक - 2
चौके - 65
छक्के - 13
हाईएस्ट स्कोर - 125
कुल शिकार - 17
कैच - 15
स्टंपिंग - 2
ध्रुव जुरेल के फर्स्ट क्लास क्रिकेट में आंकड़े काफी दिलचस्प हैं. दाएं हाथ का यह बल्लेबाज उत्तर प्रदेश के लिए डोमेस्टिक क्रिकेट में खेलता है. फर्स्ट क्लास क्रिकेट की 57 पारियों में ध्रुव जुरेल ने 56.47 की औसत से 2711 रन बनाए हैं, जिसमें 7 शतक और 16 अर्धशतक शामिल हैं. ध्रुव जुरेल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 249 रनों की बेस्ट पारी खेली है. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ध्रुव जुरेल ने 94 कैच लपकने के अलावा 6 स्टंपिंग भी की है.
मैच - 38
पारियां - 57
औसत - 56.47
रन - 2711
शतक - 7
अर्धशतक - 16
चौके - 293
छक्के - 40
हाईएस्ट स्कोर - 249
कैच - 94
स्टंपिंग - 6
भारत को अपनी अगली टेस्ट सीरीज इस साल नवंबर-दिसंबर में न्यूजीलैंड की धरती पर खेलनी है. टीम इंडिया को 19 नवंबर से 23 नवंबर तक न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट मैच वेलिंग्टन में खेलना है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक क्राइस्टचर्च में खेलना है. दोनों देशों के बीच यह टेस्ट सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC 2025-27) की साइकल के तहत खेली जाएगी.