)
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज को अपने नाम कर लिया. टीम इंडिया ने वेलिंगटन में हुए तीसरे मुकाबले को 6 विकेट से अपने नाम कर लिया. इस मैच में ओपनर अभिषेक शर्मा ने अपनी बल्लेबाजी से तूफान मचा दिया. अभिषेक ने 35 गेंद पर शतक पूरा कर लिया. इसी पारी के दौरान वह 14 गेंद पर 50 रन तक पहुंच गए थे. उन्होंने 38 गेंद पर 9 चौके और 11 छक्कों की मदद से 113 रन बनाए. इस पारी के बाद उनके मेंटर और भारत के दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह ने मजाकिया अंदाज में उन्हें चिढ़ाया.
युवराज ने अभिषेक पर तंज कसते हुए कहा कि वह अभी भी 12 गेंदों पर अर्धशतक नहीं बना पाए हैं. मैच के बाद जब भारत के विस्फोटक ओपनर से इस बारे में पूछा गया तो उनकी हंसी निकल गई. अभिषेक ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 12 गेंद पर अर्धशतक बनाना बिल्कुल भी आसान काम नहीं है. बता दें कि युवराज ने इस बल्लेबाज को कई बार ट्रेनिंग दी है और उन्हें चौके-छक्के मारने के साथ-साथ सिंगल लेने के लिए भी कहा है.
अभिषेक ने क्या कहा?
अभिषेक ने कहा, ''मैंने यह बात पहले भी कही है कि मुझे नहीं पता कि युवराज पाजी उस समय (2007 में) किस तरह का क्रिकेट खेल रहे थे. 12 गेंदों पर 50 रन बनाना बिल्कुल भी आसान नहीं होता है. अगर कोई बल्लेबाज मैदान पर जाकर उस तरह की पारी खेलना चाहे तो यह काफी कठिन है. आप हर बार जाकर 12 गेंदों पर अर्धशतक नहीं लगा सकते हैं. यह कभी-कभी ही होता है.''
युवराज ने क्या लिखा था?
युवराज ने मजेदार अंदाज में अभिषेक और वैभव सूर्यवंशी की तारीफ की. युवराज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''आप अभी भी 12 में से 50 नहीं ला सकते, है ना. ऐसा लगता है कि दो लेफ्ट हैंडर्स अपने बैकयार्ड में बैटिंग कर रहे हैं.'' वैभव ने 19 गेंदों पर 45 रन बनाए. दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 43 गेंद पर 133 रन की साझेदारी की. भारत ने 2.2 ओवर में 50 और 5 ओवर में 100 रन पूरे कर लिए थे.
You still can’t get 50 of 12 can you 😜 @OfficialAbhi04! Looks like two left handers batting in their backyard! #IndVsNZ
— Yuvraj Singh (@YUVSTRONG12) October 27, 2026
And I can’t make 100 of 30 or 34 balls 😜 Well played sir @OfficialAbhi04 ! Great innings aur apne single bhi le liye 🤷🏻♂️ Good stuff on the other end by #VaibhavSooryavanshi! Devastating combination! Hats off to @IamSanjuSamson, playing at no. 3 as a complete team man! Well-bowled by our bowlers to keep the score under 200! Great series win 👌 congratulations Team India 🇮🇳 #IndVSNZ @BCCI
— Yuvraj Singh (@YUVSTRONG12) October 27, 2026
युवराज ने वैभव-सैमसन की भी तारीफ की
युवराज ने इसके आगे लिखा, ''और मैं 30 या 34 बॉल में 100 रन नहीं बना सकता. बहुत बढ़िया खेले सर अभिषेक शर्मा. शानदार पारी और आपने सिंगल भी ले लिए. दूसरी तरफ वैभव सूर्यवंशी ने बढ़िया काम किया. जबरदस्त कॉम्बिनेशन. संजू सैमसन को सलाम. नंबर 3 पर एक टीम मैन की तरह खेल रहे हैं. हमारे बॉलर्स ने अच्छी बॉलिंग की और स्कोर 200 से कम रखा. शानदार सीरीज जीत. बधाई हो टीम इंडिया.''