App

38 गेंद, 113 रन: 11 छक्कों से अभिषेक शर्मा ने मचाया बवंडर, विराट कोहली का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त, अब निशाने पर रोहित शर्मा

अभिषेक शर्मा ने वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में शतक लगाकर इतिहास रच दिया. उन्होंने 35 गेंद पर ही शतक पूरा कर लिया और यह टी20 इंटरनेशनल में उनकी चौथी सेंचुरी है. अभिषेक ने अपनी पारी के दौरान विराट कोहली का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया.

38 गेंद, 113 रन: 11 छक्कों से अभिषेक शर्मा ने मचाया बवंडर, विराट कोहली का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त, अब निशाने पर रोहित शर्मा
Image Credit: अभिषेक शर्मा. X/@BCCI

भारत के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा ने वेलिंगटन में तेज हवाओं के बीच अपनी बल्लेबाजी से तूफान मचा दिया. उन्होंने पांच टी20 मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में 35 गेंद पर ही शतक ठोक दिया. उनकी पारी की बदौलत टीम इंडिया ने 199 रनों के टारगेट को 13.2 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया. अभिषेक ने 38 गेंद पर 113 रन बनाए. अपनी पारी के दौरान अभिषेक ने 9 चौके और 11 छक्के लगाए. उनका स्ट्राइक रेट 297.37 का रहा. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने शतक लगाकर दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली के एक बड़े रिकॉर्ड को तोड़ दिया.

अभिषेक टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए. उन्होंने इस मामले में विराट को पीछे छोड़ दिया. अभिषेक का यह टी20 क्रिकेट में 11वां शतक है. कोहली ने टी20 में 10 शतक लगाए हैं. सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाजों में वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल पहले नंबर पर काबिज हैं. उनके नाम 22 शतक हैं. पाकिस्तान के बाबर आजम 13 सेंचुरी के साथ दूसरे नंबर पर हैं. उनके बाद अभिषेक का क्रम आता है.

मेंस टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक

22 - क्रिस गेल (वेस्टइंडीज)
13 - बाबर आजम (पाकिस्तान)
11 - अभिषेक शर्मा (भारत)
10 - क्विंटन डिकॉक (साउथ अफ्रीका)
10 - विराट कोहली (भारत)
10 - डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया)

खतरे में रोहित शर्मा का रिकॉर्ड

अभिषेक ने अपने टी20 इंटरनेशनल में चौथी बार शतक लगाया है. वह सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए. उन्होंने ऑस्ट्रिया के करणबीर सिंह, इंग्लैंड के फिल सॉल्ट और भारत के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव की बारबरी कर ली. इन चार खिलाड़ियों ने भी टी20 इंटरनेशनल में चार-चार शतक लगाए हैं. पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल और भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा हैं. दोनों ने 5-5 शतक लगाए हैं. अब अभिषेक के निशाने पर हिटमैन का यह रिकॉर्ड है.

दूसरी बार 35 गेंद के अंदर शतक

अभिषेक ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में दूसरी बार 35 गेंद के अंदर शतक लगाया है. इससे पहले उन्होंने इसी 17 सितंबर को अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 30 गेंद पर शतक मारा था. अब 35 गेंद पर शतक मार दिया. वह आईसीसी के पूर्णकालिक देशों (फुल मेंबर्स टीम)में सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल सेंचुरी लगाने वाले प्लेयर हैं. उनके अलावा भारत के रोहित शर्मा ने भी 35 गेंद पर सैकड़ा लगाया था. हिटमैन ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में यह उपलब्धि हासिल की थी.

टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक (फुल मेंबर टीमें)

30 - अभिषेक शर्मा (भारत) बनाम अफगानिस्तान, दिल्ली, 2026
33 - सिकंदर रजा (जिम्बाब्वे) बनाम गाम्बिया, नैरोबी (रुआराका), 2024
33 - फिन एलन (न्यूजीलैंड) बनाम साउथ अफ्रीका, कोलकाता, 2026
35 - डेविड मिलर (साउथ अफ्रीका) बनाम बांग्लादेश, पोटचेफस्ट्रूम, 2017
35 - रोहित शर्मा (भारत) बनाम श्रीलंका, इंदौर, 2017
35 - अभिषेक शर्मा (भारत) बनाम न्यूजीलैंड, वेलिंगटन, 2026

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More