)
मध्य प्रदेश के कटनी जिले के माधवनगर में 27 अक्टूबर की सुबह इनकम टैक्स विभाग ने बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है. शहर के जाने-माने लकड़ी टाल संचालक चमनलाल आनंद और सतीश आनंद से जुड़े तीन ठिकानों पर छापेमारी की गई. आयकर विभाग की कटनी और जबलपुर की संयुक्त टीम ने फर्म और निवास सहित तीन जगहों पर पहुंचकर जांच शुरू की. कार्रवाई में एक दर्जन से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारी शामिल बताए जा रहे हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक, बीजेपी के पूर्व जिला अध्यक्ष चमनलाल आनंद के माधवनगर स्थित मकान और फर्म पर भी आयकर विभाग की टीम पहुंची. अधिकारी वहां एक घंटे से ज्यादा समय तक जांच में जुटे रहे. टीम कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन, आय-व्यय और अन्य जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है. जांच के दौरान रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है और संबंधित कारोबार से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाई जा रही हैं.
आयकर विभाग की इस कार्रवाई के दौरान संबंधित ठिकानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि जांच प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए. अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों की जांच कर रही है. हालांकि, फिलहाल विभाग की ओर से कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
बताया जा रहा है कि चमनलाल आनंद और सतीश आनंद कारोबार के साथ कटनी की स्थानीय राजनीति में भी सक्रिय रहते हैं. चमनलाल आनंद बीजेपी के पूर्व जिला अध्यक्ष रह चुके हैं. ऐसे में उनके और सतीश आनंद से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी की खबर सामने आने के बाद शहर के राजनीतिक और व्यापारिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई.
ये भी पढ़ेंः शाजापुर: 3 बार जनसुनवाई में शिकायत... फिर कलेक्टर कार्यालय में युवक ने की आत्महत्या की कोशिश, जानें पूरा मामला
फिलहाल, माधवनगर में आयकर विभाग की टीमें जांच कर रही है. टीम वित्तीय दस्तावेजों और कारोबार से संबंधित रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है. इस कार्रवाई के बाद टैक्स से जुड़े किसी तरह के उल्लंघन का खुलासा होता है या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद ही पता चल पाएगा. अभी तक टैक्स चोरी की रकम या किसी अन्य अनियमितता की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है.
(रिपोर्टः नितिन चावरे, कटनी)