App

MLC चुनाव में जन सुराज का खुला खाता, दरभंगा सीट पर दर्ज की जीत, तिरहुत में बीजेपी का जलवा, तो सारण में जीते राहुल राज

दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के नतीजे आ गए. सारण सीट पर निर्दलीय राहुल राज ने जीत दर्ज की. वहीं. दरभंगा क्षेत्र में जन सुराज के प्रत्याशी सुरेश राय ने जीत हासिल की, तो तिरहुत सीट पर बीजेपी का जलवा देखने को मिला और एनडीए के प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत परचम लहराया.

MLC चुनाव में जन सुराज का खुला खाता, दरभंगा सीट पर दर्ज की जीत, तिरहुत में बीजेपी का जलवा, तो सारण में जीते राहुल राज
Image Credit: दरभंगा और तिरहुत MLC चुनाव नतीजा (Photo-AI)

बिहार के एमएलसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र दो सीटों के चुनावों के नतीजे सामने आ चुके हैं. इस बार के नतीजों ने सूबे की राजनीति में एक नई हलचल पैदा कर दी है. एक तरफ जहां मिथिलांचल की धरती पर प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने अपना पहला खाता खोलकर सबको चौंका दिया है. वहीं, दूसरी तरफ तिरहुत सीट पर एनडीए समर्थित बीजेपी के प्रत्याशी ने अपना दबदबा कायम रखते हुए शानदार जीत दर्ज की है. वहीं, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. राहुल राज ने शानदार जीत हासिल की.

दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज की जीत

दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी सुरेश राय ने एक कड़े मुकाबले में बाजी मार ली है. उन्होंने अपने सबसे नजदीकी प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस के कद्दावर नेता डॉ. मदन मोहन झा को 324 वोटों के अंतर से हराया.

जैसे ही अंतिम राउंड की गिनती पूरी हुई और सुरेश राय की जीत का आधिकारिक ऐलान हुआ, जन सुराज के कार्यकर्ताओं में जश्न का सैलाब उमड़ पड़ा. दरभंगा के मतगणना केंद्र के बाहर का नजारा देखने लायक था. कहीं अबीर-गुलाल उड़ रहा था, तो कहीं पटाखे फोड़े जा रहे थे. कार्यकर्ताओं ने एक साथ होली और दिवाली मनाकर अपनी खुशी का इजहार किया.

तिरहुत शिक्षक क्षेत्र में बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह का कब्जा

दूसरी ओर तिरहुत शिक्षक एमएलसी सीट पर एनडीए के प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत परचम लहराया है. मतगणना खत्म होने के बाद तिरहुत के आयुक्त सह निर्वाची पदाधिकारी गिरिवर दयाल सिंह ने नरेंद्र प्रसाद सिंह को आधिकारिक तौर पर जीत का सर्टिफिकेट सौंपा. सर्टिफिकेट हाथ में लेकर जैसे ही नरेंद्र सिंह मतगणना केंद्र से बाहर निकले, बाहर खड़े हजारों समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया.

अपनी इस बड़ी जीत के बाद नरेंद्र प्रसाद सिंह सबसे पहले समर्थकों के साथ बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचे. वहां उन्होंने पूजा-अर्चना की, बाबा का आशीर्वाद लिया और इस जीत को तिरहुत के शिक्षकों और अपनी जनता के प्रति समर्पित किया.

सारण शिक्षक MLC चुनाव में निर्दलीय डॉ. राहुल राज की शानदार जीत  

बिहार विधान परिषद की सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. राहुल राज ने शानदार जीत हासिल की. उन्होंने एनडीए समर्थित उम्मीदवार को पराजित किया है.  डॉ. राहुल राज को 4,965 वोट मिले, जबकि आनंद पुष्कर 3,150 वोट हासिल हुए. वहीं, जन सुराज के आफाक अहमद को 2,454 वोट मिले और वह तीसरे नंबर रहे. राजद के जयराम यादव 1,708 वोट हासिल हुए और वह चौथे नंबर रहे. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More