)
दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी20 लीग IPL में 10 टीमें हिस्सा लेती हैं. इस मेगा इवेंट में सिर्फ भारत के ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के स्टार प्लेयर्स अपना जलवा बिखेरते हैं. बीसीसीआई के नियम के अनुसार, हर टीम की प्लेइंग इलेवन में अधिकतम 4 विदेशी खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं. पूर्व भारतीय टेस्ट ओपनर और वर्तमान में क्रिकेट एक्सपर्ट की भूमिका निभाने वाले आकाश चोपड़ा ने एक हैरतअंगेज दावा किया है. उनके मुताबिक अगर पंजाब की टीम अपनी सबसे मजबूत प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतरी, तो वे आईपीएल के किसी भी टीम को पटखनी दे सकती है.
आकाश चोपड़ा की माने तो पंजाब की टी20 टीम भारत में सबसे मजबूत है. ये टीम डोमेस्टिक क्रिकेट में बाकी राज्यों पर भारी तो पड़ेगी ही, लेकिन मौका मिले तो आईपीएल की टीम को भी चारों खाने चित कर सकती है. पूर्व क्रिकेटर ने एक वीडियो शेयर कर पंजाब के उन खिलाड़ियों का नाम बताया, जो प्लेइंग इलेवन में साथ खेले तो किसी भी विपक्षी को धुल चटा सकते हैं.
भारत की टी20 टीम फिलहाल न्यूजीलैंड में 5 मैचों की सीरीज खेल रही है. इस बीच पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने पंजाब के खिलाड़ियों को चुनकर एक T20 टीम बनाई. उन्होंने इसमें भारत के पांच खिलाड़ियों को शामिल किया, जिनमें से कुछ खिलाड़ी कीवियों के खिलाफ चल रही मौजूदा T20I सीरीज में खेल रहे हैं.
आकाश चोपड़ा ने पंजाब की 15 खिलाड़ियों की एक टीम चुनी . उनके ओपनर्स में स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल शामिल हैं. तीसरे नंबर पर उन्होंने विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को रखा है. उनके बाद सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के पूर्व बल्लेबाज अनमोलप्रीत सिंह को जगह दी है. पांचवें नंबर पर आकाश ने नमन धीर को चुना है, जिन्होंने हाल ही में भारत के लिए अपना डेब्यू किया है. इसके बाद छठे नंबर पर नेहल वढेरा और सातवें नंबर पर रमनदीप सिंह हैं, जो टीम को ऑलराउंड गहराई देते हैं. आठवें नंबर पर उन्होंने बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बराड़ को शामिल किया है.
इसके बाद उन्होंने लेग स्पिनर के तौर पर मयंक मार्कंडे को और दो तेज गेंदबाजों के रूप में गुरनूर बराड़ और अर्शदीप सिंह को टीम में रखा है. उन्होंने मुंबई इंडियंस (MI) के तेज गेंदबाज अश्वनी कुमार को 'इम्पैक्ट प्लेयर' के तौर पर भी चुना है. 15 खिलाड़ियों की इस टीम को पूरा करने वाले बाकी तीन खिलाड़ी कृष्ण भगत, रघु शर्मा और सलिल अरोड़ा हैं. आकाश चोपड़ा का दावा है कि यह टीम किसी भी IPL टीम को हराने के लिए काफी मजबूत है.
बता दें कि पंजाब की टीम ने 2023 में भारत की घरेलू टी20 लीग सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी पर कब्जा किया था. हालांकि, पिछले दो सालों से ये टीम SMAT चैंपियन नहीं बनी है. इसमें कोई दो राय नहीं है कि पिछले 4-5 सालों में पंजाब से कई ऐसे खिलाड़ी निखरकर सामने आए हैं, जिन्होंने डोमेस्टिक, आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट में भी धमाल मचाया है. इस समय भारतीय टीम में भी पंजाब के खिलाड़ियों का दबदबा है.
अभिषेक शर्मा, नमन धीर और अर्शदीप सिंह फिलहाल T20I टीम का हिस्सा हैं, जो न्यूजीलैंड में सीरीज खेल रही है. पंजाब के स्टार खिलाड़ी शुभमन गिल तो भारत के टेस्ट और ODI कप्तान ही हैं और इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है. इनके अलावा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने भी सबको प्रभावित किया है. प्रभसिमरन सिंह, नेहल वढेरा और सलील अरोड़ा जैसे खिलाड़ी आईपीएल में अपना टैलेंट दिखा चुके हैं.