लंबे इंतजार के बाद अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने टीम इंडिया में वापसी तो की, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती दो मैचों में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. 2022 के बाद पहली बार इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे भुवी ने पहले मैच में बिना विकेट लिए अपने 4 ओवर में 49 रन लुटा दिए. दूसरे मुकाबले में उन्होंने विकेट का खाता तो खोला, लेकिन 4 ओवर में 50 रन खर्च कर दिए. भुवनेश्वर कुमार अब तक इस सीरीज में 8 ओवर में 99 रन लुटा चुके हैं और उन्हें सिर्फ एक सफलता मिली है.
आईपीएल में लगातार दो सीजन में शानदार प्रदर्शन करने के बाद भुवनेश्वर के लिए टीम इंडिया में वापसी की मुहिम चलाई गई थी. सोशल मीडिया पर फैंस से लेकर कई क्रिकेट एक्स्पर्ट्स ने उनके लिए आवाज बुलंद की थी, लेकिन भुवी का अब तक का प्रदर्शन दिल तोड़ने वाला रहा है. ये कहना गलत नहीं होगा कि उनका अंतरराष्ट्रीय करियर दांव पर लगा है.
भुवनेश्वर कुमार अब अपनी किस्मत का फैसला खुद कर सकते हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ अभी 3 और टी20 होने हैं और उम्मीद है कि इन तीनों मैचों में उन्हें खिलाया जाएगा. लेकिन इस सीरीज के बाद वो टीम में रहेंगे या नहीं? इसका फैसला उनके प्रदर्शन पर निर्भर करेगा. जब उन्होंने पहले मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन नहीं किया तो ऐसा लगा कि लंबे समय बाद वो इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे हैं, इसलिए दबाव हो सकता है. लेकिन दूसरे मैच में भी वो कमाल नहीं दिखा सके.
भुवनेश्वर का बचाव करने वाले ये दलील भी नहीं दे सकते कि बाकी गेंदबाजों की भी धुनाई हुई. क्योंकि क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे मुकाबले में उनके साथी अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 33 रन देकर दो विकेट झटके, जबकि युवा पेसर प्रिंस यादव ने 4 ओवर में 30 रन देकर एक विकेट लिया. यानी भुवी इन दोनों तेज गेंदबाजों के मुकाबले महंगे साबित हुए. अब बाकी बचे मुकाबलों में अनुभवी गेंदबाज को ये साबित करना होगा कि वो इस लेवल पर खेलने के हकदार हैं, नहीं तो सवाल उठना लाजमी है.
भुवनेश्वर कुमार फिलहाल 36 साल के हैं. इस उम्र में भी उन्होंने वापसी कर ये तो बता दिया कि उनमें अभी जान बाकी है, लेकिन जुनून और जज्बे को फॉर्म के साथ की जरूरत है. अगर वो ऐसे ही रन लुटाते रहे और विकेट लेने में भी कामयाब नहीं हुए तो टीम से उनकी छुट्टी हो सकती है. चयनकर्ता युवा गेंदबाजों को रोककर 'आउट ऑफ फॉर्म' भुवी पर ज्यादा दिनों तक दांव नहीं लगाना चाहेंगे. भुवनेश्वर ने 4 साल बाद टीम में वापसी तो कर ली है, लेकिन ये भी सच है कि अगर अब उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया, तो इंटरनेशनल क्रिकेट से उनका गेम ओवर हो सकता है.
36 साल के भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए 21 टेस्ट में 63 विकेट और 121 ODI में 141 विकेट चटकाए हैं. उन्होंने सबसे ज्यादा नाम टी20 इंटरनेशनल में कमाई. इस फॉर्मेट में उन्होंने 90 मैचों में 91 विकेट चटकाए और काफी किफायती भी रहे. बता दें कि भुवी ने अपने इतने सालों के T20I करियर में सिर्फ दो बार 50 या इससे अधिक रन लुटाए हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में उन्होंने 4 ओवर में 50 रन खर्च किए, जो उनके T20I करियर का दूसरा सबसे खराब स्पेल था.