App

हाई जंप ही नहीं, लॉन्ग जंप में भी किंग: कौन हैं निषाद कुमार? पहले ही एशियन पैरा गेम्स इवेंट में जीता गोल्ड

भारत को पैरा एशियाई खेलों में दूसरा गोल्ड मेडल मिला है. शूटिंग में मोना अग्रवाल के बाद हाई जंप में निषाद कुमार ने पहला स्थान हासिल किया. देश के खाते में फिलहाल 2 गोल्ड, 3 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल है.

हाई जंप ही नहीं, लॉन्ग जंप में भी किंग: कौन हैं निषाद कुमार? पहले ही एशियन पैरा गेम्स इवेंट में जीता गोल्ड
Image Credit: निषाद कुमार. SAI MEDIA

एशियन पैरा गेम्स में सोमवार (19 अक्टूबर) को भारत ने दूसरा गोल्ड मेडल जीत लिया है. शूटिंग के बाद एथलेटिक्स के मैदान से देश के लिए खुशखबरी आई है. पैरा एथलीट निषाद कुमार ने लंबे समय तक हाई जंप में कमाल किया है. इस बार उन्होंने लॉन्ग जंप में हिस्सा लिया और अपने डेब्यू मैच में ही गोल्ड मेडल जीत लिया. यह उनके करियर की सबसे बड़ी लॉन्ग जंप प्रतियोगिता है और उन्होंने देश का नाम रोशन कर दिया.

निषाद ने T47 श्रेणी में 7.11 मीटर की छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया. वह हाई जंप T47 कैटेगरी के डिफेंडिंग चैंपियन हैं और उन्होंने इस बार लॉन्ग जंप में अपना दबदबा दिखाया. निषाद ने अपने पहले ही प्रयास में 6.95 मीटर की छलांग लगाई. इसके बाद उन्होंने अगले दो प्रयासों में अपने अंक को सुधारा और आखिरकार 7.11 मीटर की छलांग के साथ पहला स्थान हासिल किया. उज्बेकिस्तान के खसानोव ओमादबेक (6.99 मीटर) ने सिल्वर और श्रीलंका के मोहम्मदू सफरन ने ब्रॉन्ज मेडल जीता.

पैरालंपिक में जीता था सिल्वर मेडल

निषाद का लॉन्ग जंप में करियर काफी पुराना नहीं है. उन्होंने पिछले साल से ही इस इवेंट में हिस्सा लेना शुरू किया है. पैरा एशियन गेम्स से पहले वह मस्कट में एक सामान्य स्पर्धा में नजर आए थे. वहां उन्होंने 7.22 मीटर की छलांग के साथ पांचवां स्थान हासिल किया था. अमेरिका में ट्रेनिंग करने वाले निषाद ने पेरिस पैरालंपिक 2024 में सिल्वर मेडल हासिल किया था.

भारत के खाते में दूसरा गोल्ड

निषाद पैरा एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने वाले भारत के दूसरे खिलाड़ी हैं. उनसे पहले भारत की शूटर मोना अग्रवाल ने 10 मीटर एयर राइफल SH1 इवेंट में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था. इसी इवेंट में दिग्गज शूटर अवनी लेखरा को सिल्वर मेडल मिला था. वहीं, जूडो में कोकिला ने सिल्वर पर कब्जा किया. इसी खेल में कपिल परमार ने पुरुषों के जे1-70 किग्रा में ब्रॉन्ज जीता. भारत के खाते में फिलहाल 2 गोल्ड, 3 सिल्वर और एक ब्रॉन्ज है. वह 6 मेडल के साथ छठे स्थान पर है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More