)
फुटबॉल फैंस के लिए मंगलवार (3 नवंबर) की सुबह बुरी खबर लेकर आई. स्पैनिश फुटबॉल के सेकंड डिविजन की टीम सीडी टेनेरिफ के फुटबॉलर जीसस डी मिगुएल की अचानक ही मौत हो गई. उनके निधन से फुटबॉल जगत में शोक की लहर दौड़ गई. एफसी एंडोरा के खिलाफ मैच के दौरान विपक्षी टीम के गोलकीपर जीसस ओवोनो से टक्कर के बाद मिगुएल मैदान पर गिर गए. सीपीआर देकर उन्हें होश में तो मैदान पर लाया गया, लेकिन अस्पताल में कार्डियक अरेस्ट के कारण उनकी मौत हो गई.
टेनेरिफ ने बयान जारी करके मिगुएल की मौत की पुष्टि कर दी है. क्लब ने कहा एस्टाडियो हेलियोडोरो रोड्रिगेज लोपेज में हुई घटना के एक दिन बाद मंगलवार की सुबह मिगुएल का निधन हो गया. टेनेरिफ और एंडोरा के बीच मैच के आखिरी समय में यह घटना हुई. उस समय मुकाबला 2-2 की बराबरी पर था. मिगुएल एक लंबी बॉल का पीछा कर रहे थे और अचानक से उन्हें रोकने के लिए एंडोरा के गोलकीपर ओवोनो पेनल्टी एरिया से बाहर निकल गए. आगे की ओर दौड़कर उन्होंने मिगुएल को रोकने का प्रयास किया. दोनों की टक्कर हुई और ओवोनो का घुटना मिगुएल के सीने से जा लगा. वह इसके बाद पिच पर ही बेहोश हो गए.
मैदान पर दिया गया था सीपीआर
टीम के मेडिकल स्टाफ मिगुएल को देखने के लिए दौड़कर मैदान पर गए. उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ था और मेडिकल स्टाफ ने सीपीआर देकर उन्हें होश में लाया. इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें हॉस्पिटल भेजा गया. मैच को स्टॉपेज टाइम में सात मिनट बाद ही रोक दिया गया. ओवोनो को सीधा रेड कार्ड दिखाया गया. मिगुएल को दूसरी सांता क्रूज के नुएस्ट्रा डे कैंडेलारिया यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल के इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में भर्ती कराया गया. क्लब टेनेरिफ ने शुरू में उनकी हालत को ठीक बताया था. क्लब ने मंगलवार की सुबह उनकी मौत की खबर देने से पहले न्यूरोलॉजिकल हालत में गिरावट की सूचना दी थी. इसके कुछ ही देर बाद निधन की खबर भी आ गई.
🔵⚪️ | Golpe fortísimo de Owono sobre Jesús de Miguel que hace que salten todas las alarmas. 🇪🇸👀 🙏🏼 Pronta recuperación a Jesús y que todo quede en un susto 🏟️ Tenerife - Andorra https://t.co/NXopIJ7p9H
— Laliga News (@laligaa_neews) November 2, 2026
क्लब ने निधन पर क्या कहा?
क्लब ने मौत की खबर देते हुए कहा, ''हम इस पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन सीडी टेनेरिफ की ओर से हम जेस डी मिगुएल अलामेडा के दुखद निधन की सूचना देते हैं. हमारे पास सांत्वना के कोई शब्द नहीं हैं. ऐसा कुछ भी नहीं है जो इस दुख से भरी भावना को कम कर सके. हम उनके दुखी परिवार, उनके प्रियजनो और उन सभी टिनरफेइज्मो के साथ खड़े हैं जो इस निधन पर रो रहे हैं.''
2015 में शुरू हुआ था सीनियर करियर
मिगुएल ने 2025 में लेगानेस बी के साथ अपने सीनियर फुटबॉल सफर की शुरुआत की थी. अपने करियर के दौरान वह आठ दूसरे स्पेनिश क्लबों की ओर से भी खेलें. वह पिछले साल ही टेनेरिफ में शामिल हुए थे और 2026 में दूसरे डिविजन में लौटने वाली टीम का हिस्सा थे. क्लब ने कहा कि मिगुएल के परिवार ने सपोर्ट के मैसेज के लिए सभी को धन्यवाद कहा है और दुख की इस घड़ी में निजता का सम्मान करने की अपील की है.